Sunday, 9 February 2025

आजमगढ़ मोहम्मदपुर सेंट जोसफ़ स्कूल मे फेयरवेल समारोह का हुआ भव्य आयोजन


 

आजमगढ़ मोहम्मदपुर सेंट जोसफ़ स्कूल मे फेयरवेल समारोह का हुआ भव्य आयोजन 


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद मे शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदपुर के क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जोसफ़ स्कूल मे रविवार को कक्षा 10 एवं 12 के बच्चों का विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं धूप वंदन करके किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अरुण कुमार व संचालन तुसार मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम कक्षा 9 और कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने कक्षा 10 और कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के ऊपर पुष्प वर्षा करके उनका अभिवादन किया उसके उपरांत अपने-अपने संबोधन में विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिवार से जुड़ी अपने-अपने अनुभव को उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच साझा किया। 


प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने कहां की बच्चे एक कच्चे घड़े के समान होते हैं जिन्हें अध्यापक  अपने पठन-पाठन से उनको एक दिशा देने का कार्य करते हैं उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि आगामी दिनों में आपकी परीक्षा है आप सभी लोग अपनी मेहनत और लगन के साथ परीक्षा दीजिए और अपना अपने परिवार व विद्यालय का नाम रोशन कीजिए। 


उप प्रधानाचार्य प्रदीप मिश्रा ने कहा कि हमें काम करना चाहिए फल की इच्छा नहीं करनी चाहिए इसलिए आप सभी लोग पढ़ाई पर विशेष ध्यान दीजिए और आगे बढ़िये अगर आप पढ़ाई में ध्यान देंगे तो आपका रिजल्ट अवश्य अच्छा रहेगा। विदाई समारोह के कार्यक्रम में सभी अध्यापक अध्यापिकाएं व छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए। इस मौके पर चंद्रभूषण राय, बृजेश राय, शुभम राय, शिवम राय समेत विद्यालय के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित थे।




आजमगढ़ गंभीरपुर/मोहम्मदपुर से राहुल पाण्डेय की रिपोर्ट।

आजमगढ़ छाऊं 10-11 फरवरी को बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति 5 एमवीए ट्रांसफार्मर की जगह लगेगा 10 एमवीए ट्रांसफार्मर


 आजमगढ़ छाऊं 10-11 फरवरी को बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति



5 एमवीए ट्रांसफार्मर की जगह लगेगा 10 एमवीए ट्रांसफार्मर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद मे 33/11 के०वी० उपकेंद्र छाऊं आजमगढ़ से संबंधित विद्युत उपभोक्ताओं को अवगत कराना है कि ओवर लोड की समस्या को दूर करने हेतु उपकेंद्र पर लगा 5 एमवीए ट्रांसफार्मर की जगह 10 एमवीए ट्रांसफार्मर बिजनेस प्लान के अतर्गत प्रस्ताव पास हो गया है।


 उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार इस कार्य को पूर्ण करने हेतु 10 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे से 11 फरवरी 2025 शाम 8 बजे तक विद्युत प्रवाह बाधित रहेगा। यह सूचना राजेंद्र प्रसाद अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र छांऊ ने दी है।

आजमगढ़ अहरौला मार्ग दुर्घटना में एक की हुई मौत मार्निंग वाक करते समय हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर


 आजमगढ़ अहरौला मार्ग दुर्घटना में एक की हुई मौत



मार्निंग वाक करते समय हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के रेडहा गांव निवासी राम बहाल राजभर पुत्र गुनई राजभर आज दिन रविवार की सुबह 4 के करीब अहरौला से बुढनपुर रोड पर गांव के पुलिया के पास सुबह मॉर्निंग वॉक करते समय अचानक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाते समय मौत हो गई और इनके साथ में इनके मित्र रिटायर्ड अध्यापक 65 वर्षीय राममिलन यादव पुत्र नागेश्वर यादव भी इसकी चपेट में आ गए और वह भी गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है इनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। 


सूचना पर पहुंची अहरौला पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाई जहां डॉक्टरों ने राम बहाल को मृत्यु घोषित कर दिया मृतक के पुत्र अमित राजभर के द्वारा प्रार्थना पत्र दिए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है मृतक खेती किसानी करता था।

मेरठ सनसनीखेज वारदात, 3 भाइयों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत छाती में गोली लगने से 2 की हालत गंभीर


 मेरठ सनसनीखेज वारदात, 3 भाइयों पर बरसाईं गोलियां, एक की मौत



छाती में गोली लगने से 2 की हालत गंभीर



उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले मे जानी थाना क्षेत्र के पांचली खुर्द में गोलियां बरसाकर इमरान की हत्या कर दी गई। उसके भाई सलमान को भी छाती में गोली लगी है। खड़ोली निवासी जावेद भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस घायलों का उपचार करा रही है। हत्या करने वाला रिंकू निवासी पांचली खुर्द दो दिन पहले ही जानलेवा हमले के मामले में जमानत पर छूटकर आया था।


पुलिस के अनुसार, पांचली खुर्द निवासी रिंकू पुत्र रामे का गांव के ही दूसरे पक्ष के युवकों से काफी समय से विवाद चला आ रहा था। कुछ समय पहले दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ था। इसके बाद पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तभी से रिंकू जेल में बंद था। हाल ही में वह जेल से छूटकर आया था। इसके बाद उसने अपने विपक्षियों से बदला लेने की ठान ली।


शुक्रवार को रिंकू ने पांचली खुर्द में जाकर फायरिंग की थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया था। शनिवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे रिंकू ने बात करने के बहाने से पांचली खुर्द निवासी इमरान को डेडिकेटेड फ्रेट काॅरिडोर के निकट बुलाया। यहां उसका इमरान के साथ विवाद हुआ। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। इसी दौरान रिंकू ने इमरान पर गोली चला दी। गोली इमरान के सीने में लगी और उसकी वहीं पर मौत हो गई। इसके बाद रिंकू ने उसके साथ आए भाई सलमान और बुआ के लड़के खड़ौली निवासी जावेद पर भी गोली चला दी। इन दोनों के भी सीने में गोली लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कार्रवाई करने के आदेश एसपी देहात को दिए हैं। पुलिस हत्यारोपी की तलाश कर रही है।

Saturday, 8 February 2025

बरेली तेज धमाका 20 फुट दूर तक फैले लाशों के टुकड़े, बटोरने पड़े अंग 3 कि0मी0 दूर तक सुनी गई धमाके की आवाज


 बरेली तेज धमाका 20 फुट दूर तक फैले लाशों के टुकड़े, बटोरने पड़े अंग



3 कि0मी0 दूर तक सुनी गई धमाके की आवाज


उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। किला थाना इलाके के मोहल्ला बाकरगंज में शुक्रवार सुबह मांझा बनाने की अवैध फैक्टरी में हुए धमाके में फैक्टरी मालिक और दो कारीगरों के चीथड़े उड़ गए। पतंगबाजी के लिए मजबूत मांझा बनाने के लिए गंधक, पोटाश, कांच और लोहे के बुरादे का मिश्रण तैयार करने के दौरान यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, अतीक का घर तीन मंजिला बना हुआ है। घर के बाहर गली में निगरानी के लिए भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रथम तल पर अतीक एक कमरे में मांझा और कच्चे माल का स्टॉक रखता था। प्लॉट में मांझा बनाया जाता था। मांझा बनाने से पहले बरामदे में कच्चा माल तैयार किया जाता था। जिस स्थान पर धमाका हुआ, अतीक और फैजान के शव के चीथड़े उसके 15 से 20 फुट दूर तक फैले मिले। पोस्टमॉर्टम के लिए उनको एकत्र करना पड़ा।


 धमाके में सरताज के शरीर के नीचे का हिस्सा और एक हाथ अलग हो गया था। अतीक के घर की कांच की खिड़कियां भी चटक गईं। बरामदे के पास ही एक कमरे में अतीक ने ऑफिस भी बना रखा था। यहीं सीसी कैमरों के मॉनीटर भी लगे थे। एक कमरे में मांझा और कच्चे माल का स्टॉक रखा था। इसे पुलिस ने सीज कर दिया है। अब पुलिस सीज किए गए स्टॉक की जांच करेगी।


 मांझा बनाने वाले कारीगरों ने बताया कि मिश्रण में गंधक और पोटाश की मात्रा ज्यादा होने के कारण ही इतना जबरदस्त धमाका हो सकता है। शुक्रवार देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस ने सीसी कैमरों के डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। इनकी जांच के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।



स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की गूंज लगभग तीन किलोमीटर दूर तक सुनी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद धमाके का राज सामने आएगा। बाकरगंज निवासी अतीक रजा खां (51) मांझा बनाने की अवैध फैक्टरी चलाते थे।

Friday, 7 February 2025

कानपुर 3 दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी किये गए जबरन रिटायर इन मामलों को लेकर विभाग हुआ सख्त, महकमे में मचा हड़कंप


 कानपुर 3 दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी किये गए जबरन रिटायर



इन मामलों को लेकर विभाग हुआ सख्त, महकमे में मचा हड़कंप


उत्तर प्रदेश के कानपुर में ड्यूटी में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता करने वाले पुलिस कर्मियों को लेकर विभाग सख्त है। ऐसे पुलिस कर्मियों की छंटाई कर उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस आयुक्त ने तीन दरोगा समेत चार पुलिस कर्मियों को जबरन सेवानिवृत्त कर पुलिस विभाग से बाहर कर दिया। यह पुलिस कर्मी 10 वर्षों की नौकरी के दौरान 18 से 30 बार तक विभाग से दंडित हो चुके हैं। जांच के लिए बनी समिति के सामने सफाई रखने पहुंचे लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने यह कार्रवाई की है। पुलिस विभाग में तैनात दरोगा अनिल कुमार श्रीवास्तव (लेखा), दरोगा संजय सक्सेना, दरोगा अरविंद बहादुर सिंह व हेड कांस्टेबल शिव मंगल सिंह को गुरुवार को जबरन सेवानिवृत्त कर दिया गया।


 अपर पुलिस आयुक्त विपिन मिश्रा ने बताया कि पूर्व में मिले विभागीय दंड के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। दरोगा अनिल कुमार को पूर्व में 30 बार दंडित किया जा चुका है जबकि दरोगा संजय सक्सेना को 28, दरोगा अरविंद बहादुर को 25 और हेड कांस्टेबल शिव मंगल सिंह को 18 बार विभाग से दंडित किया जा चुका है। इन पुलिस कर्मियों के खिलाफ काम में लापरवाही, गलत आचरण, भ्रष्टाचार समेत अन्य गंभीर आरोप लगे थे। पुलिस कर्मियों को मिले दंड की अपील करने के लिए विभाग की ओर से एक कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने भी पुलिस कर्मियों की दलील और तर्कों को खारिज कर दिया था। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि भ्रष्टाचार, कदाचार और दागी पुलिस कर्मियों को छंटनी करके उन्हें भी जबरन सेवानिवृत्त दी जाएगी। विभागीय सूत्र बताते हैं कि इन पुलिस कर्मियों ने पिछले 10 वर्षों में ही अनुशासनहीनता और कदाचार की सारी हदें पार कर दी थीं। इनमें से सभी की नौकरी को 10 से 15 वर्ष ही हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी पुलिस कर्मी 53 वर्ष से कम आयु के हैं।

आजमगढ़ बरदह 50 हजार रुपये का इनामी मुठभेड़ में हुआ घायल हुंडई कार, एक देशी तमंचा, एक खोखा, 2 जिंदा कारतूस और 1200 रुपये नकद बरामद


 आजमगढ़ बरदह 50 हजार रुपये का इनामी मुठभेड़ में हुआ घायल



हुंडई कार, एक देशी तमंचा, एक खोखा, 2 जिंदा कारतूस और 1200 रुपये नकद बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद की बरदह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आशीष उर्फ छोटू को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त आशीष उर्फ छोटू पुत्र स्व0 मदन राम उर्फ राम जी राउत बिहार प्रांत के रोहतास जिले के विक्रमगंज थाना क्षेत्र के धनगाई का रहने वाला है।


 जानकारी के अनुसार, गत 8 फरवरी 2024 को चन्देलाल यादव द्वारा थाना बरदह में तहरीर दी गई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बड़े पिता के लड़के रणविजय यादव की हत्या की गई है। इस मामले में अभियुक्तों के खिलाफ हत्या, साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आशीष ने हत्या में शूटर के रूप में काम किया था और वह फरार चल रहा था।


 पुलिस ने आशीष के खिलाफ 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। एसपी आजमगढ़ हेमराज मीना के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल के नेतृत्व में थाना बरदह की पुलिस ने शुक्रवार की भोर में लगभग 4:28 बजे कोदहरा चौराहे के पास आशीष को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक हुंडई कार, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।