Tuesday, 11 July 2023

आजमगढ़ गंभीरपुर दबंग कर रहे दिव्यांग की भूमि पर कब्जा अधिकारियों को ज्ञापन सौंप लगाई न्याय की गुहार


 आजमगढ़ गंभीरपुर दबंग कर रहे दिव्यांग की भूमि पर कब्जा



अधिकारियों को ज्ञापन सौंप लगाई न्याय की गुहार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दिव्यांग की भूमि को जबरन कब्जा किए जाने के मामले को लेकर पीड़ित ने मंगलवार को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसपी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

सौंपे गए शिकायती पत्र में पीड़ित गंभीरपुर थाना के अन्तर्गत सिरवां गांव निवासी बलधारी पुत्र लुल्लुर का आरोप है कि गांव में ही आराजी संख्या 362 रकबा 107 हे0 उसकी भूमि है। इसी जमीन के बगल में चकरोड है। 


पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही एक भू-माफिया ने हमारे दिव्यांगता का लाभ उठाते हुए हमारी जमीन पर ईंट आदि गिरवाकर बाउण्ड्री कराकर जबरन कब्जा करना चाह रहे है। आपत्ति करने पर हौसलाबुलंद दबंगों ने पीड़ित समेत मेरे भाई चन्द्रधारी, सीता पत्नी बलधारी राजवती पत्नी चन्द्रधारी को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने भादवि की धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया लेकिन आज भी दबंग खुलेआम गांव में घूम रहे है और लगातार देख लेने की धमकी दे रहे है। जिससे पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है और मंगलवार को पहुंचकर उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए जानमाल की सुरक्षा की मांग कर रहा है।

लखनऊ महिला सिपाही ने फांसी लगाकर दी जान पिता ने जताई हत्या की आशंका; बोले- बहादुर थी मेरी बेटी


 लखनऊ महिला सिपाही ने फांसी लगाकर दी जान


पिता ने जताई हत्या की आशंका; बोले- बहादुर थी मेरी बेटी


उत्तर प्रदेश लखनऊ चौक कोतवाली में तैनात महिला सिपाही 30 वर्षीय साक्षी ने रविवार देर रात फैजुल्लागंज के मकान में फांसी लगा ली। सोमवार सुबह कमरे में फंदे पर शव लटका देख पति ने ससुराल वालों को जानकारी दी। साक्षी के पिता व मामा ने हत्या की आशंका जताते हुए पति और ससुरालजन पर कार्रवाई की मांग की है।


 लखीमपुर खीरी के मोहम्मद कैमारा गांव में रहने वाले राम जीवन वर्मा के मुताबिक, बेटी साक्षी का विवाह इकबालपुर के रजनीश कुमार वर्मा से साल 2018 में किया था। रजनीश एसएसबी में सिपाही थे। दोनों एक ही स्कूल में शुरुआत से पढ़ते थे। साक्षी का चयन वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश पुलिस में हो गया। साक्षी की दो बेटियां हैं। फैजुल्लागंज के हनुमंतपुरम में मकान में साक्षी दोनों बेटियों के साथ रहती थी।


फरवरी 2023 से साक्षी मातृत्व अवकाश पर थी और एक माह से मायके में रह रही थी। दो जून को रजनीश भी छुट्टी लेकर आए थे। रविवार को वह पत्नी व दोनों बच्चों को लेकर लखनऊ आए। पिता ने बताया कि सोमवार सुबह रजनीश ने फोन कर बताया कि साक्षी ने घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगा ली है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


राम जीवन वर्मा ने बताया कि साक्षी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए किया था। वह पढ़ने में बहुत तेज थी। बहुत बहादुर भी थी, आत्महत्या नहीं कर सकती। उसे मारकर फंदे पर लटकाया गया है। इसकी जांच के लिए मुकदमा दर्ज करवाएंगे। राम जीवन वर्मा ने कहा कि साक्षी की मौत के बाद दोनों बच्चियों की देखभाल कौन करेगा?

Monday, 10 July 2023

आजमगढ़ जीयनपुर पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा पूर्व में पुलिस को सूचना देकर जताई थी जान के खतरे की आशंका


 आजमगढ़ जीयनपुर पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली



गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


पूर्व में पुलिस को सूचना देकर जताई थी जान के खतरे की आशंका


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कठैचा गांव की पुलिया स्थित भट्ठे के पास बीती रात करीब 8 बजे मोटर सायकिल से आये बदमाशों ने घर जा रहे युवक को गोली मार दी। घटना के बाद युवक की चीख पुकार सुन ग्रामीण दौड़ें तो बदमाश मौके से फरार हो गये।


जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कालिकापुर गांव निवासी राजेश यादव उम्र 35 वर्ष पुत्र दलसिंगार ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि वह रविवार की रात करीब 8 बजे अपने भाई विजय यादव को मालटारी बाजार छोड़ने गया था। घर वापस आते समय कठैचा गांव की पुलिया स्थित भट्ठे के पास पुरानी रंजिश को लेकर गांव निवासी जितेन्द्र यादव पुत्र श्यामदेव द्वारा जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया। गोली उसके दाहिने जंघे में लग गई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि उसने पूर्व में भी अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस को सूचित किया था लेकिन पुलिस ने उस पर कोई अमल नहीं किया।


इस बावत जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि नेवासा और पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही विवाद चला आ रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुट गयी है।

आजमगढ़ जहानागंज दुष्कर्म की वीडियो बना देने लगा धमकी, पहुंचा सलाखों के पीछे शादी के झांसे में आकर युवती गंवा बैठी आबरू


 आजमगढ़ जहानागंज दुष्कर्म की वीडियो बना देने लगा धमकी, पहुंचा सलाखों के पीछे


शादी के झांसे में आकर युवती गंवा बैठी आबरू



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ करीब चार साल पहले एक शादी समारोह में शामिल युवती की एक नौजवान से मुलाकात हुई और दोस्ती कब प्यार में बदल गई पता ही नहीं चला। प्रेम में अंधी हुई युवती को प्रेमी द्वारा दगा देने का एहसास तब हुआ जब शादी के झांसे में आकर प्रेमी ने युवती के साथ बनाए गए अंतरंग संबंधों की वीडियो बना लिया और युवती को धमकी देने लगा कि मेरे बुलाने पर पास नहीं आओगी तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। प्यार में छली गई युवती को धोखा मिलने पर उसने आपबीती परिवार वालों को बताया। इसके बाद मामला थाने तक तो एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी युवक जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया।


जहानागंज क्षेत्र की रहने वाली एक युवती विगत वर्ष 2019 में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात मुबारकपुर थाना क्षेत्र के महरूपुर ग्राम निवासी देवानंद पुत्र जितेन्द्र से हुई और उनके बीच शुरू हुआ बातचीत का सिलसिला दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया। लुकछिप कर होने वाली मुलाकात के दौरान युवक ने प्रेमिका को उसके साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिया और यह क्रम जारी रहा।


 लंबा समय गुजरने पर युवती ने जब प्रेमी युवक पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसके पैरों तले जमीन उस समय खिसक गई जब दगाबाज प्रेमी ने उसके साथ बनाए गए अवैध संबंध की वीडियो बनाने की जानकारी देते हुए बुलाने पर पास न आने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे डाली। प्यार के जाल में फंसकर अपना सर्वस्व लुटा चुकी युवती परिवार वालों के साथ बीते पांच जुलाई को स्थानीय थाने पहुंची और अपने साथ घटित हुई बातों की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में आरोपित युवक को पुलिस ने सोमवार की दोपहर क्षेत्र के महुआं मुरारपुर बाजार स्थित मोड़ से गिरफ्तार कर लिया है।

लखनऊ सपा में और बढ़ेगा शिवपाल यादव का कद, होमवर्क पूरा राज्य कार्यकारिणी में सहयोगियों को मिलेगी जगह


 लखनऊ सपा में और बढ़ेगा शिवपाल यादव का कद, होमवर्क पूरा


राज्य कार्यकारिणी में सहयोगियों को मिलेगी जगह


लखनऊ समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में शिवपाल सिंह यादव के सभी प्रमुख सहयोगियों को एडजस्ट किया जाएगा। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि शीघ्र ही कमेठी गठन का काम पूरा हो जाएगा। इसके लिए होमवर्क कर लिया गया है। रालोद के अलग राह पकड़ने की चर्चाओं को अफवाह बताया। कहा कि रालोद और सपा, चौधरी चरण सिंह के विचारों पर चल रहे हैं। भाजपा के अन्याय के खिलाफ मिलकर आगे भी लड़ते रहेंगे।


 नरेश उत्तम ने कहा कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि भाजपा मतदाता सूची में कोई खेल नहीं कर सके। पिछले चुनाव में सपा समर्थक मतदाताओं के बड़े पैमाने पर नाम सूची से हटा दिए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर आज भी मतदाता सूची से नाम हटाने में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।


नाम हटाने से पहले कोई भी सार्वजनिक नोटिस चस्पा नहीं किया जा रहा है। सपा ने फैसला किया है कि जहां भी गड़बड़ियां मिलेंगी, उसके खिलाफ चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएंगे। उत्तम ने कहा कि हम बूथ पर अपना संगठन मजबूत कर रहे हैं। भाजपा सरकार पारदर्शिता के साथ चुनाव कराकर सपा से नहीं जीत सकती है, इसलिए बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ियां करवाती है। गड़बड़ियां करने वाले कर्मचारियों के नाम और सुबूत के साथ चुनाव आयोग में शिकायत करने की योजना बनाई है। गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा यूपी में अकेले दम पर चुनाव जीतने में सक्षम है। गठबंधन को लेकर जो भी राष्ट्रीय नेतृत्व का फैसला होगा, उसे प्रदेश में पूरी शिद्दत के साथ लागू किया जाएगा।


सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में किसी की भी जिंदगी सुरक्षित नहीं है। अपराधी कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि अपराधी या तो जेल में हैं या राज्य के बाहर भाग गए हैं। फिर आखिर इन वारदातों को कौन अंजाम दे रहा है। अखिलेश ने जारी बयान में कहा कि राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर में बिजली उपकेंद्र पर दिनदहाड़े तमंचा लगाकर लूट हो गई। मेरठ में गोरक्षक पुलिस सुरक्षा मांगता रहा और शूटरों ने गोलियों से उसे छलनी कर दिया। सोनभद्र में एक दलित युवक को चप्पल चाटने पर मजबूर किया गया।

बरेली अब बढ़ीं एसडीएम ज्योति मौर्य की मुश्किलें सफाईकर्मी पति की डायरी में सबूत; जानें पूरा मामला


 बरेली अब बढ़ीं एसडीएम ज्योति मौर्य की मुश्किलें


सफाईकर्मी पति की डायरी में सबूत; जानें पूरा मामला


उत्तर प्रदेश बरेली में तैनात पीसीएस अफसर ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य का विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस चर्चित प्रकरण में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर भी ज्योति मौर्य के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। आलोक के आरोपों के बाद अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को ज्योति मौर्य के खिलाफ शिकायत भेजी थी। इस पर जांच शुरू न होने का तर्क देकर अमिताभ ठाकुर ने लोकायुक्त से शिकायत करने की चेतावनी दी है।


आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने मीडिया को भेजे गए वीडियो बयान में बताया कि महिला अफसर के पति आलोक मौर्य की ओर से उपलब्ध कराए गए डायरी के कागजों के आधार पर मामला सीधे तौर पर वसूली का लग रहा था। उन्होंने 21 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसकी शिकायत भेजी थी। अब तक इस मामले में कोई जांच नहीं हुई है। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री को दोबारा शिकायत भेजी है। अगर सात दिनों में पीसीएस अफसर ज्योति मौर्य की भूमिका को लेकर जांच नहीं की जाती है तो आजाद अधिकार सेना इस मामले की शिकायत लोकायुक्त से करेगी।

आजमगढ़ सावन के पहले सोमवार को आस्था के रंग में डूबे भक्त, जलाभिषेक से तर-बतर रहे शिवालय शिव मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हर हर महादेव के नारे से गुंजायमान रहे धार्मिक स्थल


 आजमगढ़ सावन के पहले सोमवार को आस्था के रंग में डूबे भक्त, जलाभिषेक से तर-बतर रहे शिवालय


शिव मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हर हर महादेव के नारे से गुंजायमान रहे धार्मिक स्थल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सावन मास के पहले सोमवार को जिले के सभी देवालयों पर जो नजारा देखने को मिला, उससे लगा कि मानों श्रद्धा का समंदर हिलोरें ले रहा हो। शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़ के बीच हर-हर महादेव के नारे से पूरा क्षेत्र गूंजायमान हो रहा था। जिले के सभी बड़े धार्मिक स्थलों पर भक्तों की जुटान से मेले सरीखा दृश्य नजर आ रहा था।


 भोर से ही देवालयों पर लगी श्रद्धालुओं की कतार में खड़े नर-नारी और बच्चे सभी के मुख से बोल बम,हर- हर महादेव के नारे लोगों में उत्साह भरने के लिए काफी रहे। जिले में वैसे तो दो सौ से ज्यादा शिव मंदिरों पर जुटने वाली भीड़ को नियंत्रित करने तथा व्यवस्था संभालने में तमाम स्वयं सेवक पूरे मनोयोग से जुटे थे, तो सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। सभी बड़े मंदिरों पर सुरक्षा के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भक्ति संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे तो कहीं-कहीं आस्थावान लोग रुद्राभिषेक का अनुष्ठान अपने पुरोहितों के माध्यम से संपन्न कराते नजर आए। 


शहर से सटे भंवरनाथ मंदिर पर तो तिल रखने की भी जगह नहीं बची थी। यही हाल ब्रम्हस्थान स्थित बैकुंठ धाम मंदिर, पांडेय बाजार, पुरानी कोतवाली, गौरीशंकर घाट, सदावर्ती, मातबरगंज, बड़ादेव, कालीचौरा, रैदोपुर, सिधारी, बउरहवा बाबा स्थान पर स्थित शिव मंदिरों पर दिखा जहां दोपहर तक जलाभिषेक का क्रम टूटने का नाम नहीं ले रहा था।


 इस मौके पर शहर क्षेत्र से शिवभक्तों की कई टोलियां बाबा वैद्यनाथ धाम के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों के लिए जयकारे के साथ रवाना हुईं। पहले सोमवार को शिवालयों पर उमड़ी भीड़ को देखकर यही लग रहा था कि आस्था पर किसी का जोर नहीं। शहर के कई स्थानों से धार्मिक स्थलों के लिए रवाना हुई युवा भक्तों की टोली भोले की फौज, करेगी मौज कहते हुए ढोल-नगाड़े संग अपने गंतव्य को रवाना हो गई।