Monday, 2 February 2026

आजमगढ़ 4 निरीक्षकों का हुआ तबादला सरायमीर, सिधारी व क्राइम ब्रांच में हुआ फेरबदल


 आजमगढ़ 4 निरीक्षकों का हुआ तबादला



सरायमीर, सिधारी व क्राइम ब्रांच में हुआ फेरबदल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस विभाग द्वारा जनहित एवं रिक्त पदों के सापेक्ष चार निरीक्षक नागरिक पुलिस के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया है। यह स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 


जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक निहार नन्दन कुमार, जो वर्तमान में प्रभारी निरीक्षक सरायमीर के पद पर तैनात थे, को क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित किया गया है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे को प्रभारी निरीक्षक सरायमीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त निरीक्षक कमलेश कुमार, जो निरीक्षक अभिसूचना थाना सिधारी में तैनात थे, को क्राइम ब्रांच भेजा गया है। वहीं क्राइम ब्रांच में कार्यरत निरीक्षक रूद्रभान पाण्डेय को निरीक्षक अभिसूचना थाना सिधारी स्थानांतरित किया गया है। पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को कार्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Sunday, 1 February 2026

आजमगढ़ अतरौलिया विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप मायके पक्ष ने लगाया 5 लाख रुपये दहेज के लिए हत्या का आरोप पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई


 आजमगढ़ अतरौलिया विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप



मायके पक्ष ने लगाया 5 लाख रुपये दहेज के लिए हत्या का आरोप


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में शनिवार की देर शाम 25 वर्षीय विवाहिता अंकिता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। जहानागंज थाना क्षेत्र के बोहना गांव निवासी संतोष सिंह ने अपनी पुत्री अंकिता सिंह की शादी वर्ष 2023 में अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी आनंद प्रकाश से की थी। 


मृतका के पिता संतोष सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर अंकिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसको लेकर कई बार पारिवारिक स्तर पर सुलह-समझौता भी हुआ, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, शनिवार की सुबह अंकिता ने फोन कर दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद शाम को उसके ससुर दानबहादुर ने फोन कर अचानक मौत की सूचना दी। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो अंकिता का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा था और उसका चेहरा काला पड़ चुका था, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया। इस संबंध में अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

आजमगढ़ सऊदी अरब में फंसे 161 भारतीय श्रमिक, 3 माह से वेतन और खुराकी बंद कंपनी की लापरवाही से भुखमरी के कगार पर मजदूर, सोशल मीडिया पर लगाई वतन वापसी की गुहार

आजमगढ़ सऊदी अरब में फंसे 161 भारतीय श्रमिक, 3 माह से वेतन और खुराकी बंद



कंपनी की लापरवाही से भुखमरी के कगार पर मजदूर, सोशल मीडिया पर लगाई वतन वापसी की गुहार


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़, सऊदी अरब के अबहा शहर में काम कर रहे भारत के 161 श्रमिक बीते तीन माह से गंभीर संकट में फंसे हुए हैं। संबंधित कंपनी द्वारा न तो उन्हें वेतन दिया जा रहा है और न ही खुराकी के लिए एक भी रियाल। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि बेहतर भविष्य के सपने लेकर विदेश गए ये श्रमिक अब घर से पैसे मंगाकर किसी तरह पेट पालने को मजबूर हैं। दाने-दाने को मोहताज इन श्रमिकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत सरकार से सकुशल वतन वापसी की गुहार लगाई है। इस संकट में आजमगढ़ जिले के चार युवक भी शामिल हैं। 


महाराजगंज थाना क्षेत्र के कुढ़ई गांव निवासी जयसिंह साहनी दिसंबर 2024 में सऊदी अरब गए थे। उन्हें अलीसार कंस्ट्रक्शन कंपनी में पेंटिंग का काम मिला था। अनुबंध के अनुसार छह माह तक उन्हें प्रतिमाह 1300 रियाल बेसिक मजदूरी और 300 रियाल खुराकी मिलती रही। लेकिन जैसे ही छह माह पूरे हुए, कंपनी ने 161 भारतीय श्रमिकों का वेतन रोक दिया। मजदूरी को लेकर बार-बार संपर्क करने पर कंपनी द्वारा टालमटोल किया गया। अब तीन माह से श्रमिकों को एक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। जयसिंह साहनी ने बताया कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर सऊदी अरब के लेबर कोर्ट और पुलिस थाने के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर, कुढ़ई गांव में उनकी पत्नी नीलम तीन छोटे बच्चों के साथ पति की सलामती की दुआ कर रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। नीलम ने बताया कि पति से मोबाइल पर बात हो जाती है, लेकिन उनके खाने-पीने के लिए यहां से पैसे भेजने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द पति की सुरक्षित वापसी कराने की मांग की है। 


इसी तरह रौनापार थाना क्षेत्र के गोड़ियाना अराजी देवारा नैनीजोर गांव निवासी योगेंद्र साहनी भी रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गए थे, लेकिन चार माह बाद ही कंपनी में काम बंद हो जाने से वह कई महीनों से बेरोजगार हैं। घर पर उनके पिता रामवचन साहनी, माता किसवा देवी और अन्य परिजन रहते हैं। मां किसवा देवी ने बताया कि योगेंद्र तेरह माह से सऊदी में है, लेकिन केवल चार माह ही काम मिला। हाल ही में खाने-पीने के खर्च के लिए परिवार ने 5000 रुपये भेजे हैं। 


सुरहन मार्टीनगंज निवासी घनश्याम राजभर वर्ष 2023 में सऊदी अरब गए थे। उनकी पत्नी सविता ने बताया कि दो वर्षों से पति विदेश में फंसे हैं और घर पर दो बच्चियों की जिम्मेदारी उन पर है। 


वहीं बनगांव मार्टीनगंज निवासी सोनू बीते छह वर्षों से सऊदी अरब में रह रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी सरिता देवी, मां दुर्गावती और तीन बच्चियां हैं। परिजनों ने बताया कि हाल ही में सोनू से बातचीत हुई है, लेकिन हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। विदेश में फंसे श्रमिकों और उनके परिजनों ने भारत सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर सभी श्रमिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी और बकाया वेतन दिलाने की मांग की है।

 

वाराणसी गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़ एसओजी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 3 युवतियां, ग्राहक व मैनेजर गिरफ्तार चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर देह व्यापार, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल


 वाराणसी गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़


एसओजी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 3 युवतियां, ग्राहक व मैनेजर गिरफ्तार


चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर देह व्यापार, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल



उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एसओजी और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। त्रिदेव मंदिर के ठीक सामने स्थित विजय लक्ष्मी पेइंग गेस्ट हाउस में तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक कमरे से तीन युवतियों और एक ग्राहक को पकड़ा। इसके साथ ही गेस्ट हाउस के मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है। सभी को भेलूपुर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर पर अज्ञात कॉलर द्वारा गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार की सूचना दी गई थी।


 सूचना के आधार पर सादी वर्दी में एसओजी-2 की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई तीनों युवतियां पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं, जिन्हें पांच दिन पहले बनारस लाया गया था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ग्राहकों से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क किया जाता था। व्हाट्सएप कॉल और मैसेजिंग के माध्यम से सौदे तय किए जाते थे, ताकि किसी प्रकार का रिकॉर्ड न रहे। इसके बाद ग्राहकों को सीधे गेस्ट हाउस भेजा जाता था। जांच में यह भी पाया गया कि विजय लक्ष्मी पेइंग गेस्ट हाउस में न तो कोई नियमित रजिस्टर रखा जाता था और न ही ठहरने वालों का सत्यापन कराया जाता था। इससे स्पष्ट है कि गेस्ट हाउस संचालक की जानकारी में ही यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही थी। 


दुर्गाकुंड चौकी से महज लगभग 400 मीटर की दूरी पर इस तरह का देह व्यापार का रैकेट संचालित होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेस्ट हाउस में लंबे समय से संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Saturday, 31 January 2026

आजमगढ़ जहानागंज सऊदी अरब में दिल का दौरा पड़ने से युवक की मौत रोजगार के लिए विदेश गए प्रवेश विश्वकर्मा की खाना खाते समय हुई आकस्मिक मृत्यु


 आजमगढ़ जहानागंज सऊदी अरब में दिल का दौरा पड़ने से युवक की मौत



रोजगार के लिए विदेश गए प्रवेश विश्वकर्मा की खाना खाते समय हुई आकस्मिक मृत्यु



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जहानागंज विकासखंड अंतर्गत अमदही गांव निवासी प्रवेश विश्वकर्मा (32 वर्ष) पुत्र पुनवासी विश्वकर्मा की सऊदी अरब में आकस्मिक मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राम प्रवेश रोजगार के सिलसिले में पिछले लगभग पांच माह से सऊदी अरब में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। परिजनों को बीते शनिवार को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि खाना खाते समय बातचीत के दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


 पुत्र की मौत की सूचना सुनकर पिता पुनवासी विश्वकर्मा गहरे सदमे में चले गए। शुक्रवार की रात सऊदी अरब से मृतक का शव उनके पैतृक गांव अमदही पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। गांव के हर वर्ग के लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार को राजघाट पर प्रवेश विश्वकर्मा का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान से किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। चिता को मुखाग्नि परिजनों द्वारा दी गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पति की असामयिक मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार राम प्रवेश विश्वकर्मा एक मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। विदेश में रहकर भी वे अपने परिवार और गांव से जुड़े रहते थे। उनकी अचानक हुई मौत को गांव के लोग अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।

आजमगढ़ अहरौला अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम शुक्रवार रात हुआ दर्दनाक हादसा, मृतक संदीप प्रजापति एक पुत्र व एक पुत्री के थे पिता


 आजमगढ़ अहरौला अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम


शुक्रवार रात हुआ दर्दनाक हादसा, मृतक संदीप प्रजापति एक पुत्र व एक पुत्री के थे पिता



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के मेहदवारा मोड़ के पास शुक्रवार की रात लगभग सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अहरौला थाना क्षेत्र के मेहदवारा मोड़ के पास एक अनियंत्रित कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल युवक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी संदीप प्रजापति (29) पुत्र रामअवध प्रजापति के रूप में हुई है। 


बताया गया कि संदीप बाइक से अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी मेहदवारा मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस से संदीप को कोयलसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संदीप दो भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर अहरौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

आजमगढ़ विकास खण्ड पवई, डीएम ने 2 ग्राम प्रधानों के अधिकार किए सीज ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में प्रधान–सचिव की मिलीभगत उजागर, जांच के आदेश


 आजमगढ़ विकास खण्ड पवई, डीएम ने 2 ग्राम प्रधानों के अधिकार किए सीज



ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में प्रधान–सचिव की मिलीभगत उजागर, जांच के आदेश



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के पवई विकास खण्ड में सामने आई गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने पवई ब्लॉक के मुतकल्लीपुर और मकसुदिया गांव के ग्राम प्रधानों के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं। साथ ही दोनों मामलों में अंतिम जांच के आदेश जारी किए गए हैं, जबकि संबंधित ग्राम सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है। 



पवई विकास खंड के मकसुदिया गांव निवासी राधिका चौहान पत्नी मदन चंद्र, अभिषेक कुमार, तेज बहादुर चौहान, सीताराम सहित अन्य ग्रामीणों की शिकायत पर 25 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। तकनीकी सहयोग के लिए अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को नामित किया गया। जांच पूरी होने के बाद 18 नवंबर 2025 को रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर 2 दिसंबर 2025 को ग्राम प्रधान सुदामा देवी एवं ग्राम सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर 19 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए और परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को अंतिम जांच अधिकारी नियुक्त किया।


 इसी क्रम में पवई विकास खंड के मुतकल्लीपुर गांव में दिलीप कुमार मौर्य एवं महेंद्र प्रताप श्रीवास्तव की शिकायत पर 1 मई 2025 को जिला उद्यान अधिकारी को जांच अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया था। 


जांच रिपोर्ट 4 सितंबर 2025 को प्रस्तुत की गई। दोषी पाए जाने पर 15 अक्तूबर 2025 को ग्राम प्रधान कमला प्रसाद मौर्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन स्पष्टीकरण न देने पर जिलाधिकारी ने उनके भी वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए। साथ ही परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को अंतिम जांच अधिकारी नामित किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) पवन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर गठित जांच समिति द्वारा मकसुदिया और मुतकल्लीपुर गांवों में कराई गई जांच में शिकायतें सही पाई गईं। जांच में ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव की मिलीभगत सामने आई है। वित्तीय अनियमितता के मामलों में दोनों ग्राम प्रधानों के अधिकार सीज कर दिए गए हैं तथा संबंधित सचिवों के विरुद्ध नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।