Wednesday, 28 January 2026

आजमगढ़ महिला अस्पताल से गर्भवती महिला रहस्यमय ढंग से लापता पति ने जताई अनहोनी की आशंका, परिवार में मचा हड़कंप


 आजमगढ़ महिला अस्पताल से गर्भवती महिला रहस्यमय ढंग से लापता


पति ने जताई अनहोनी की आशंका, परिवार में मचा हड़कंप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में महिला सदर अस्पताल से एक गर्भवती महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पति की तहरीर पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मेहनगर क्षेत्र के निवासी युवक अपनी 21 वर्षीय गर्भवती पत्नी को दिखाने के लिए मंगलवार को सुबह करीब 11:15 बजे महिला सदर अस्पताल आया था। इसी दौरान वह शौचालय जाने के लिए कुछ समय के लिए बाहर गया। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी मौके पर मौजूद नहीं थी। पति द्वारा अस्पताल परिसर और आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन पत्नी का कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया गया कि पत्नी का मोबाइल फोन भी उसी के पास था, जिससे संपर्क नहीं हो सका। इस घटना के बाद से पति बेहद परेशान है और उसे पत्नी के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देते हुए आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। 


पुलिस का कहना है कि अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इस बावत महिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर सीसीटीवी कैमरे में देखा गया, उक्त महिला अस्पताल में आई है और कुछ देर बाद टहलते हुए बाहर निकल गई।

वाराणसी/आजमगढ़ कफ सिरप तस्करी के सरगना का करीबी विकास सिंह गिरफ्तार 3 महीने से था भूमिगत, STF कर रही थी तलाश

वाराणसी/आजमगढ़ कफ सिरप तस्करी के सरगना का करीबी विकास सिंह गिरफ्तार



3 महीने से था भूमिगत, STF कर रही थी तलाश


उत्तर प्रदेश, वाराणसी/आजमगढ़, कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के करीबी और बड़े राजदार विकास सिंह नरवे को पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। उसकी गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस विकास सिंह को लेकर वाराणसी रवाना हो गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।


 गिरफ्तार आरोपी विकास सिंह आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत नरवे गांव का निवासी है। उसकी तलाश में एसटीएफ की टीम लंबे समय से लगी हुई थी। कई बार उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह हर बार चकमा देकर फरार हो जाता था। आरोपी पिछले करीब तीन महीने से भूमिगत था और नवंबर माह में अपनी दादी की तेरहवीं में भी शामिल नहीं हुआ था। पुलिस के अनुसार विकास सिंह का जौनपुर जनपद में भी एक मकान है, जहां कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबारियों के संपर्क में आने के बाद उसने इस धंधे में कदम रखा। बताया जा रहा है कि वह मार्टीनगंज ब्लॉक में प्रमुख पद के लिए भी तैयारी कर रहा था, जिसके चलते क्षेत्र में उसके चुनावी पोस्टर तक लगे हुए थे।

 

Tuesday, 27 January 2026

आजमगढ़ मुबारकपुर 30 लाख रुपये की ठगी करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार जमीन और प्लॉटिंग में निवेश का झांसा देकर हड़पे थे 30 लाख रुपये नोटिस फाड़ने पर पुलिस ने लिया हिरासत में, हिस्ट्रीशीटर है अभियुक्त

आजमगढ़ मुबारकपुर 30 लाख रुपये की ठगी करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार



जमीन और प्लॉटिंग में निवेश का झांसा देकर हड़पे थे 30 लाख रुपये


नोटिस फाड़ने पर पुलिस ने लिया हिरासत में, हिस्ट्रीशीटर है अभियुक्त



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर पुलिस ने 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में वांछित अभियुक्त अमित यादव को गिरफ्तार किया है। मामले में वादिनी श्रीमती रुकमीना सरोज पत्नी रामबिलास सरोज, निवासी ग्राम गंजोर थाना मेहनगर द्वारा 26 जनवरी 2026 को तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि अभियुक्तों ने गांव में भूमि दिलाने और लखनऊ स्थित प्लॉटिंग में निवेश कराने का झांसा देकर दिनांक 21 सितंबर 2024 को आरटीजीएस के माध्यम से 10 लाख रुपये तथा 30 सितंबर 2024 को 20 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे। एक वर्ष बाद 45 लाख रुपये लौटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय पूरा होने पर पैसा मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त मामले में थाना मेहनगर पर मु0अ0सं0 35/26 धारा 316(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।


 विवेचना के दौरान 27 जनवरी 2026 को थाना मुबारकपुर पुलिस द्वारा ग्राम मोहब्बतपुर स्थित शिव मंदिर के पास वांछित अभियुक्त अमित यादव को नोटिस तामील कराने का प्रयास किया गया, जिसे उसने लेने से इंकार करते हुए फाड़ दिया। अभियुक्त विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा था तथा वादिनी को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने उसे दोपहर करीब 12:30 बजे हिरासत में ले लिया। अभियुक्त अमित यादव थाना मुबारकपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास व गैंगेस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल रतनलाल और कांस्टेबल दुर्गेश गोड़ शामिल रहे।

 

बरेली, सरकार ने सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को किया निलंबित इस्तीफे और बयानों से प्रशासनिक हलकों में मचा भूचाल यूजीसी और माघ मेले की घटना के विरोध में दिया था इस्तीफा, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप


 बरेली, सरकार ने सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को किया निलंबित



इस्तीफे और बयानों से प्रशासनिक हलकों में मचा भूचाल


यूजीसी और माघ मेले की घटना के विरोध में दिया था इस्तीफा, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप



उत्तर प्रदेश, बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को प्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया है। उन्हें शामली स्थित कलेक्टर कार्यालय से अटैच किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच मंडलायुक्त, बरेली को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इससे पहले सोमवार को, गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। उनका यह इस्तीफा प्रयागराज के माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद एवं उनके शिष्यों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में बताया गया। अलंकार अग्निहोत्री ने राज्यपाल और निर्वाचन आयोग को भेजे गए सात पृष्ठों के इस्तीफे में तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा कि अब केंद्र और राज्य में न जनतंत्र बचा है और न ही गणतंत्र, बल्कि “भ्रमतंत्र” रह गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में अब देशी नहीं, बल्कि “विदेशी जनता पार्टी” की सरकार चल रही है। इसके साथ ही उन्होंने यूजीसी के नए कानून का भी खुलकर विरोध किया। अपने पत्र में उन्होंने स्वयं को उत्तर प्रदेश सिविल सेवा, वर्ष 2019 बैच का राजपत्रित अधिकारी बताते हुए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने का उल्लेख किया है। उन्होंने प्रयागराज माघ मेले की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मौनी अमावस्या स्नान के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, बटुकों और ब्राह्मणों के साथ स्थानीय प्रशासन ने मारपीट की। 


आरोप है कि एक बटुक ब्राह्मण को जमीन पर गिराकर उसकी शिखा पकड़कर घसीटा गया, जिससे उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा का हनन हुआ। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि वह स्वयं ब्राह्मण वर्ग से हैं और इस घटना ने उन्हें भीतर तक आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना ब्राह्मण विरोधी मानसिकता को दर्शाती है और साधु-संतों की अस्मिता के साथ खिलवाड़ है। 


इसी बीच सोमवार को उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें वह पोस्टर लेकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर लिखा था— “#UGC Rollback, काला कानून वापस लो। शंकराचार्य और संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।” सोमवार शाम को अलंकार अग्निहोत्री डीएम आवास पहुंचे, जहां वह करीब एक घंटे तक रहे। बाहर निकलने के बाद उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें डीएम आवास पर लगभग 45 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उन्होंने सचिव दीपक पांडेय को फोन कर अपनी स्थिति से अवगत कराया। उनका कहना है कि कॉल किए जाने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डीएम अविनाश सिंह एक लखनऊ स्थित अधिकारी से स्पीकर पर बात कर रहे थे, तभी उस अधिकारी ने उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। अलंकार अग्निहोत्री ने इसे एक सोची-समझी साजिश बताया और कहा कि उन्हें रातभर आवास में रोकने की योजना थी।इस्तीफे के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने सरकारी आवास खाली करने के लिए अपने समर्थकों को बुलाया है। उनके समर्थक वहां पहुंचने लगे हैं, जिससे स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Monday, 26 January 2026

आजमगढ़ कप्तानगंज किराना दुकान से नकदी समेत लाखों का सामान पार पीछे की दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, व्यापारी दहशत में


 आजमगढ़ कप्तानगंज किराना दुकान से नकदी समेत लाखों का सामान पार



पीछे की दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, व्यापारी दहशत में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हेतुगंज बाजार में बीती रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की पिछली दीवार काटकर भीतर घुसे और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेतुगंज बाजार निवासी किराना दुकानदार उमेश निषाद ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान की पिछली दीवार कटी हुई थी। अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 71 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा सिगरेट, साबुन सहित अन्य रोजमर्रा के जरूरी सामान भी चोरी हो चुके थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। 


इस संबंध में थानाध्यक्ष कप्तानगंज जय प्रकाश ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मोबाइल फोरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा दिलाया है। वहीं स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हेतुगंज बाजार में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रात्रि गश्त में लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्री गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

मऊ पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार के 2 इनामी को लगी गोली स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के आरोपी, लूटे गए जेवर, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद


 मऊ पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार के 2 इनामी को लगी गोली



स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के आरोपी, लूटे गए जेवर, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद



उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियाव के पास स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात करीब 11 बजे एसओजी और कोपागंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर देईथान के पास कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान 50-50 हजार रुपये के इनामी रविकांत उर्फ रवि चौहान (21) निवासी कोइरियापार और राहुल यादव (25) निवासी नगरीपार, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई है। 


मुठभेड़ के दौरान रविकांत के बाएं पैर और राहुल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि अभियुक्तों के पास से लूटे गए स्वर्ण आभूषण, दो तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस तथा लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक यूपी 50 सीसी 0139 (स्प्लेंडर) बरामद की गई है। घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोपागंज थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं और लूट की घटना के बाद से पुलिस को उनकी सरगर्मी से तलाश थी।

आप सभी देश वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं