Thursday, 21 August 2025

अमेठी देवर ने भाभी और भतीजे को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट डबल मर्डर से मची सनसनी, चीखें सुन दहल गया पूरा गांव


 अमेठी देवर ने भाभी और भतीजे को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट


डबल मर्डर से मची सनसनी, चीखें सुन दहल गया पूरा गांव



उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के रुदौली गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रामराज नाम के व्यक्ति ने जमीन विवाद के चलते अपनी भाभी रामा (45) और भतीजे आकाश (18) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, रामा अपने बेटे आकाश के साथ सुबह खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान रामराज, जो लंबे समय से जमीन को लेकर उनसे रंजिश रखता था, चाकू लेकर वहां पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत मुसाफिरखाना सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विवेक सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी रामराज की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आजमगढ़ अतरौलिया बेटे ने धारदार हथियार से की माँ की हत्या, मौके पर पहुंची पुलिस


 आजमगढ़ अतरौलिया बेटे ने धारदार हथियार से की माँ की हत्या, मौके पर पहुंची पुलिस




 उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के निवासी प्रणव कुमार ने अपनी मां विजयकांत पांडे (55 वर्ष) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। 


पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना गुरुवार को हुई, जब प्रणव कुमार ने अज्ञात कारणों से अपनी मां पर हमला किया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


https://youtu.be/zqzRlygLOHk?si=1j7tWKBWdu-X3AqV


https://www.news9up.com/2025/08/blog-post_45.html

बस्ती होटल की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापेमारी में 6 हिरासत में दिखावे के लिए होटल में दरवाजे पर लगा था ताला, पहुंची पुलिस तो मच गया हड़कंप


 बस्ती होटल की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापेमारी में 6 हिरासत में



दिखावे के लिए होटल में दरवाजे पर लगा था ताला, पहुंची पुलिस तो मच गया हड़कंप



उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में एक होटल की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मंगलवार शाम को मुखबिर की सूचना पर हर्रैया पुलिस ने महूघाट बाजार में स्थित एक मकान में चल रहे होटल पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन युवकों और तीन युवतियों को हिरासत में लिया है।


हर्रैया के SHO तहसीलदार सिंह के नेतृत्व में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम ने यह कार्रवाई की। सूत्रों के अनुसार, इस मकान में दिखावे के लिए होटल चलाया जा रहा था, लेकिन वास्तव में यहां अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। होटल के कमरों के दरवाजे अक्सर ताले से बंद रहते थे और खास लोगों के आने पर ही खोले जाते थे। पुलिस ने हिरासत में लिए गए छह संदिग्धों से थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।


महूघाट बाजार में इस मकान में संदिग्ध गतिविधियों की चर्चा काफी समय से थी। मंगलवार को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापा मारा। मौके पर कुछ भगोने और अन्य सामान रखे थे, जो होटल का दिखावा करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। सूत्रों का कहना है कि यह मकान किराए पर लिया गया था और यहां एक सुनियोजित नेटवर्क के तहत अवैध धंधा चल रहा था।


सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर छापेमारी की गई है और पूछताछ के जरिए मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और मकान को किराए पर लेने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

झांसी दिल दहलाने वाला हत्याकांड, पूर्व प्रधान ने प्रेमिका को 7 टुकड़ों में काटा 3 बोरियों में भर कर शव को कुएं और बाकी नदी में फेंका, घटना में साथियों ने दिया साथ


 झांसी दिल दहलाने वाला हत्याकांड, पूर्व प्रधान ने प्रेमिका को 7 टुकड़ों में काटा




3 बोरियों में भर कर शव को कुएं और बाकी नदी में फेंका, घटना में साथियों ने दिया साथ


उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पूर्व प्रधान संजय पटेल ने अपनी प्रेमिका रचना यादव (35) की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को 7 टुकड़ों में काटकर कुएं व नदी में फेंक दिया। इस जघन्य अपराध में संजय के भतीजे संदीप पटेल और साथी प्रदीप उर्फ दीपक अहिरवार भी शामिल थे।


13 अगस्त 2025 को टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में एक कुएं से दो बोरियां मिलीं, जिनमें रचना के धड़ के हिस्से थे। बाद में कुएं से एक हाथ भी बरामद हुआ, लेकिन सिर और पैर गायब होने से शव की शिनाख्त में मुश्किल हुई। पुलिस ने 18 टीमों के साथ तफ्तीश शुरू की और शव की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की रहने वाली रचना यादव के रूप में हुई। रचना के भाई ने शव की पुष्टि की और बताया कि संजय ने उसे फोन पर कहा था, “तेरी बहन को मार डाला है।


जांच में खुलासा हुआ कि रचना की दो शादियां हो चुकी थीं और दूसरी शादी के बाद वह कई विवादों में फंसी थी। पिछले दो साल से उसका संजय पटेल के साथ प्रेम संबंध था। रचना शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर संजय ने हत्या की साजिश रची। 9 अगस्त 2025 को संजय, संदीप और प्रदीप ने रचना को कार में घुमाने के बहाने ले गए और उसी दौरान गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को 7 टुकड़ों में काटकर तीन बोरियों में भरा गया, जिनमें से कुछ हिस्से कुएं में और बाकी लखेरी नदी में फेंके गए।


पुलिस ने बुधवार को संजय और संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर नदी से सिर और अन्य अंग बरामद किए गए। दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी प्रदीप फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है और लोग स्तब्ध हैं।

Wednesday, 20 August 2025

आजमगढ़ शहर कोतवाली रैदोपुर में दबंगों का तांडव, घर में घुसकर युवक को पीटा, पत्नी के साथ की छेड़खानी शोर सुन पहुंचे लोग, जान मारने की धमकी देते हुए मौके से भागे आरोपी


 आजमगढ़ शहर कोतवाली रैदोपुर में दबंगों का तांडव, घर में घुसकर युवक को पीटा, पत्नी के साथ की छेड़खानी




शोर सुन पहुंचे लोग, जान मारने की धमकी देते हुए मौके से भागे आरोपी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदोपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नई कॉलोनी निवासी अतुल कुमार सिंह पर उनके ही मुहल्ले के कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया। अतुल ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई प्रथम सूचना रिपोर्ट में बताया कि 18 अगस्त को शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी मां को दवा-इलाज करवाकर घर लौट रहे थे। गाड़ी से उतरकर ड्राइवर को किराया दे रहे थे, तभी मुहल्ले के अशोक सिंह, उनके बेटों विपुल और अंकित ने उन पर हमला बोल दिया।


अतुल के अनुसार आरोपियों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए लात, मुक्के, जूते और चप्पल से मारा-पीटा। इस दौरान उनकी जेब से 5000 रुपये भी छीन लिए गए। जब अतुल की पत्नी और मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ अश्लील हरकतें कीं और अश्लील गालियां दीं। शोर सुनकर पड़ोसी दयानंद सिंह और विनयशंकर तिवारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोपियों ने अतुल के घर में घुसकर भी मारपीट की, जिसे अतुल की बेटी तृप्ति और बेटे आदित्य ने देखा और बचाव की कोशिश की। जाते-जाते आरोपियों ने अतुल को जान से मारने की धमकी दी। अतुल ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसे कांस्टेबल रवि कुमार शाह ने पंजीकृत किया। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 394/2025 अंतर्गत धारा 115(2),352,351(3),303(2),296,333,भारतीय न्याय सहिंता (BNS) 2023 दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आजमगढ़ गंभीरपुर जांच टीम के सामने प्रधान पक्ष और शिकायतकर्ता भिड़े ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत पर जांच के लिए पहुंची थी टीम, 4 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ गंभीरपुर जांच टीम के सामने प्रधान पक्ष और शिकायतकर्ता भिड़े




ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायत पर जांच के लिए पहुंची थी टीम, 4 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज 



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखपुर गांव में ग्राम प्रधान जितेंद्र सेठ के खिलाफ विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत के बाद जांच के दौरान हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में शिकायतकर्ता पक्ष और प्रधान पक्ष के बीच मारपीट की वारदात सामने आई है, जिसमें चार लोगों पर हमले का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


हरखपुर गांव निवासी अजय राय ने ग्राम प्रधान जितेंद्र सेठ के खिलाफ अधिकारियों को एक शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में अजय राय ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने गांव के विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं बरती हैं। इनमें सरकारी फंड का दुरुपयोग, कार्यों में गुणवत्ता की कमी और पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दे शामिल हैं। अजय राय ने दावा किया कि गांव में सड़क निर्माण, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्यों में लाखों रुपये की हेराफेरी की गई है, जिससे ग्रामीणों को नुकसान पहुंचा है। शिकायत में मांग की गई थी कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।


शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने एक जांच टीम गठित की, जो घटनास्थल पर पहुंची। जांच टीम के सदस्यों ने गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण शुरू किया, लेकिन इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई। शिकायतकर्ता अजय राय और उनके समर्थकों तथा ग्राम प्रधान जितेंद्र सेठ के पक्ष के लोगों के बीच पहले बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। झड़प इतनी तेज हुई कि जांच टीम को बीच-बचाव करना पड़ा। इस घटना में आशुतोष राय, नवीन राय, पियूष राय और अभिषेक राय पर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 


थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन छानबीन जारी है। जांच में विकास कार्यों की अनियमितता के आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी, जिसमें दस्तावेजों की जांच और गवाहों के बयान शामिल होंगे। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा, "मौके पर कानून-व्यवस्था कायम है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है। हम सुनिश्चित करेंगे कि जांच निष्पक्ष हो और दोषियों को सजा मिले।

 

आजमगढ़ फूलपुर पंचायत सहायकों ने क्रॉप सर्वे का किया बहिष्कार प्राइवेट सर्वेयर कहे जाने पर जताया विरोध, ब्लाक कार्यालय में प्रदर्शन कर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


 आजमगढ़ फूलपुर पंचायत सहायकों ने क्रॉप सर्वे का किया बहिष्कार



प्राइवेट सर्वेयर कहे जाने पर जताया विरोध, ब्लाक कार्यालय में प्रदर्शन कर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर ब्लाक में बुधवार को पंचायत सहायक यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर क्रॉप सर्वे बहिष्कार अभियान के तहत जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। पंचायत सहायकों ने खण्ड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें प्राइवेट सर्वेयर कहना उनके सम्मान और प्रतिष्ठा पर आघात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायत सचिवालय के महत्वपूर्ण कर्मचारी हैं, न कि प्राइवेट सर्वेयर या ठेकेदार।


पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि वे किसी भी स्थिति में क्रॉप सर्वे का कार्य नहीं करेंगे और यदि प्रशासन द्वारा दबाव बनाया गया तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यूनियन ने कठोर आंदोलन की चेतावनी भी दी। फूलपुर ब्लाक अध्यक्ष राकेश ने कहा कि यह समय संघर्ष का है और पंचायत सहायकों को एकजुट होकर अपने सम्मान व अस्तित्व की लड़ाई लड़नी होगी।


प्रदर्शन में राकेश, शनि यादव, आकांक्षा, वंदना, रंजना प्रजापति, चेतना, सीमा, सोनी, अमन, सुनीता यादव, मनोज कुमार, बबिता मौर्य, अंकिता यादव, अंजना सोनकर, करिश्मा, बीनू, स्नेहा सिंह, मनीषा सहित कई पंचायत सहायक शामिल रहे।