Sunday, 11 May 2025

बिजनौर सनसनीखेज अपहरण और हत्या 14 वर्षीय छात्र का गला घोंटा, चचेरा भाई समेत 5 गिरफ्तार


 बिजनौर सनसनीखेज अपहरण और हत्या



14 वर्षीय छात्र का गला घोंटा, चचेरा भाई समेत 5 गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर क्षेत्र में पांच लाख रुपये की फिरौती के लिए सातवीं कक्षा के छात्र आयुष (14) का अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मृतक के चचेरे भाई अनिकेत समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। आयुष का शव गांव इमलिया के जंगल में एक गड्ढे से बरामद किया गया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


पुलिस के अनुसार, हुसैनपुर कलां निवासी दीपक कुमार का बेटा आयुष मंगलवार दोपहर घर से निकला था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार को थाना शिवालाकलां में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की, इसी दौरान पता चला कि आरोपियों ने आयुष की हत्या कर शव को जंगल में दबाने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपियों को गांव इमलिया के जंगल में घेर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से एक आरोपी अनिकेत घायल हो गया। पुलिस ने अनिकेत सहित अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक तमंचा (315 बोर), तीन कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक फावड़ा बरामद किया गया। 


एसपी अभिषेक झा ने बताया कि आरोपियों ने योजना बनाकर आयुष को उसके दोस्त नकुल के जरिए बुलाया था। जंगल में ले जाकर आयुष को फिरौती की योजना समझाई गई और उससे परिजनों से पांच लाख रुपये मंगवाने को कहा गया। आरोपियों ने आयुष को दो लाख रुपये देने का लालच भी दिया, लेकिन आयुष के इनकार करने पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या में मृतक का चचेरा भाई अनिकेत भी शामिल था।


आयुष केलनपुर के किसान इंटर कॉलेज में सातवीं कक्षा का छात्र था। उसकी हत्या से परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

आजमगढ़ फूलपुर लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा एक लुटेरा गिरफ्तार, लूट का माल बरामद, एक आरोपी फरार


 आजमगढ़ फूलपुर लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा



एक लुटेरा गिरफ्तार, लूट का माल बरामद, एक आरोपी फरार



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। फूलपुर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15 अप्रैल 2025 को खानजहांपुर में हुई लूट की घटना का खुलासा किया। इस कार्रवाई में अंतरजनपदीय लुटेरे सत्यम राजभर (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी दिपांकल तिवारी मौके से फरार हो गया।


15 अप्रैल 2025 को धर्मेंद्र कुमार आर्य अपनी पत्नी के साथ पलिया बाजार से बैंक ऑफ बड़ौदा यूपी ग्रामीण शाखा से एक लाख रुपये निकालकर स्कूटी से घर जा रहे थे। खानजहांपुर-सैदपुर रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी पत्नी के सिर पर प्रहार कर स्कूटी गिरा दी और गले की सोने की चेन, एक लाख रुपये नकद, मोबाइल, पासबुक और अन्य सामान लूट लिया। इस मामले में फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।


पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल अपराधी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल से बिलारमऊ की ओर आ रहे हैं। सुबह 3:45 बजे भट्टे के पास सत्यम राजभर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 31,150 रुपये नकद, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक टेक्नो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ।


पूछताछ में सत्यम ने बताया कि उसने दिपांकल तिवारी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। दिपांकल ने पीछे बैठकर महिला की चेन छीनी और पर्स लूटा, जिसमें एक लाख रुपये थे। मोबाइल और पर्स को रास्ते में फेंक दिया गया। लूटे गए रुपये में से 40,000 रुपये सत्यम को मिले। दोनों ने मार्च 2025 में जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र में भी एक लूट की वारदात को अंजाम दिया था।


अभियुक्त के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज बताये गए हैं। फरार अभियुक्त दिपांकल तिवारी के खिलाफ जौनपुर, सुल्तानपुर और अम्बेडकरनगर में चोरी, लूट, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत आठ मामले दर्ज बताये गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी फूलपुर अनिल वर्मा के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सच्चिदानंद, स्वाट और सर्विलांस टीम ने यह कार्रवाई की। फरार अभियुक्त दिपांकल की तलाश जारी है।

आजमगढ़ महराजगंज नल में उतरे करेंट की चपेट में आने से युवक की हुई मौत मुंह धोते समय हुआ हादसा, पिता की पहले ही हो चुकी है मौत


 आजमगढ़ महराजगंज नल में उतरे करेंट की चपेट में आने से युवक की हुई मौत



 मुंह धोते समय हुआ हादसा, पिता की पहले ही हो चुकी है मौत



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक घर के नल पर मुंह धो रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।


मृतक की पहचान परविंद गौंड (18) पुत्र स्व. बेचन गौंड के रूप में हुई है, जो गोसाईपुर गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे परविंद अपने घर के नल पर मुंह धो रहा था। इसी दौरान नल में बिजली का करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद परविंद की हालत गंभीर देख परिजनों ने उसे आनन-फानन में महराजगंज के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


परविंद अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह इंटरमीडिएट का छात्र था और अपने परिवार के लिए एक होनहार सदस्य माना जाता था। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। परविंद के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके चलते परिवार पहले से ही आर्थिक और भावनात्मक रूप से कमजोर था। इस हादसे ने परिवार की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।


घटना की सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बिजली के करंट से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नल में करंट कैसे उतरा। इस हादसे ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तारों और उपकरणों की खराब स्थिति अक्सर इस तरह के हादसों का कारण बनती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में बिजली के तारों और कनेक्शनों की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Friday, 9 May 2025

आजमगढ़ सिधारी होटल के बेसमेंट में लगी आग फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे में आग पर पाया काबू


 आजमगढ़ सिधारी होटल के बेसमेंट में लगी आग


फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे में आग पर पाया काबू


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी ओवर ब्रिज के पास शुक्रवार की सुबह श्रीमंगलम होटल मैरिज लान के बेसमेंट में रखे सामानो में अज्ञात करणों से आग लग गई। होटल से धुंआ निकलते देख लोगों को जानकारी हुई। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। होटल के बेसमेंट में गद्दा और कंबल रखे हुए थे। सुबह करीब छह बजे बेसमेंट में आग लगी। तेज धूंआ निकलने पर आस—पास के लोगों को जानकारी हुई। मौके पर आस—पास के लोग आ गए। होटल मालिक सिद्धार्थ सिंह ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 


एफएसओ आनंद प्रताप सिंह फायर कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। धुंआ से पूरा बेसमेंट भरा हुआ था। फायर कर्मियों ने स्मोक एग्जास्ट से धुआं को बाहर निकाल कर हाई प्रेशर पंप और फायर टेंडर से पंपिंग कर के आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में फायर कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। होटल के बेसमेंट में रखा कंबल, गद्दा सहित अन्य सामान जल गया है।

आजमगढ़ बिलरियागंज घर से बुजुर्ग को उठाकर ले गये दबंग, फिर लौटी लाश घटना से पूर्व झूठा आरोप लगाकर मांगे थे डेढ़ लाख रुपए, बहू ने दर्ज कराया मुकदमा


 आजमगढ़ बिलरियागंज घर से बुजुर्ग को उठाकर ले गये दबंग, फिर लौटी लाश




घटना से पूर्व झूठा आरोप लगाकर मांगे थे डेढ़ लाख रुपए, बहू ने दर्ज कराया मुकदमा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के करमैनी गांव में गांव के ही कुछ लोगों द्वारा एक बुजुर्ग पर गन्ने की फसल जलाने का झूठा आरोप लगाकर धमकाने और गाली-गलौज करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना में बुजुर्ग की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पा देवी, पत्नी सुबाष, निवासी करमैनी, ने बिलरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 7 मई 2025 को गांव के गुड्डू पुत्र अलाउद्दीन, दानिश पुत्र बुद्धु और अबुशाद पुत्र एकलाख ने उनके ससुर सेवक पुत्र छोटकुन पर गन्ने की फसल जलाने का झूठा आरोप लगाया। आरोपियों ने सेवक से 1.5 लाख रुपये मुआवजे की मांग की और दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें अपने साथ ले गए। एक घंटे बाद सेवक को घर छोड़ा गया, लेकिन वे डरे-सहमे थे। सेवक ने बताया कि गुड्डू और दानिश ने उनके साथ गाली-गलौज की, और जातिसूचक जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और धमकी दी कि यदि उन्होंने गन्ना जलाने की बात नहीं कबूली तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।


शाम करीब 5 बजे उक्त आरोपी दोबारा आए और सेवक को अबुशाद के फार्म पर ले गए। वहां जबरदस्ती धमकाते हुए जले हुए खेत की जिम्मेदारी लेने के लिए दबाव बनाया और गालियां दीं। इसी दौरान सेवक की मृत्यु हो गई। पुष्पा देवी ने थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है, और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Thursday, 8 May 2025

जौनपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी का किया गया आयोजन



 जौनपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी का किया गया आयोजन


उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, गोष्ठी के दौरान जनपद में आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सुरक्षा से सम्बन्धित किये गये पुलिस प्रबंध के बारे में जानकारी ली गयी। जनपद में घटित अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। साथ ही शासन व उच्चाधिकारियों द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न अभियानों में प्रगति की समीक्षा भी की गई। भूमि संबंधी विवाद में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके तत्काल मौके पर जाकर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।



 जनशिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा कार्यवाही के संबंध में पीड़ित से फीडबैक लेकर उसे संतुष्ट करने हेतु भी निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन हेतु विभिन्न कार्यक्रम व गोष्ठी करके उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी देने तथा जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। अपराध की रोकथाम हेतु अघिक से अधिक संख्या में निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उक्त गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी व समस्त थाना/शाखा प्रभारी द्वारा प्रतिभाग किया गया।

जौनपुर थाना बक्सा पुलिस टीम द्वारा दहेज हत्या में वाछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार


 जौनपुर थाना बक्सा पुलिस टीम द्वारा दहेज हत्या में वाछित अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के थाना बक्सा पुलिस द्वारा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र मय हमराही कर्मचारीगण के थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु.अ.सं.- 155/2025 धारा 85, 80(2) बीएनएस व 3/4 डी.पी. एक्ट थाना बक्शा जनपद जौनपुर के वांछित अभियुक्त 1.विकास प्रजापति पुत्र रामचरित्तर प्रजापति निवासी ग्राम डीहजहनियां थाना बक्शा जनपद जौनपुर उम्र करीब 23 वर्ष व अभियुक्ता 2. प्रेमा देवी उर्फ कुन्ती पत्नी रामचरित्तर प्रजापति निवासी ग्राम डीहजहनियां थाना बक्शा जनपद जौनपुर उम्र करीब 50 वर्ष को ग्राम डीहजहनियां से आज दिनांक 08.05.2025 को समय 08.30 बजे गिरफ्तार कर अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जा रही है।


गिरफ्तार अभियुक्त का नाम पता-

1. विकास प्रजापति पुत्र रामचरित्तर प्रजापति निवासी ग्राम डीहजहनियां थाना बक्शा, जौनपुर।

2. प्रेमा देवी उर्फ कुन्ती पत्नी रामचरित्तर प्रजापति निवासी ग्राम डीहजहनियां थाना बक्शा, जौनपुर।


गिरफ्तार करने वाली टीम का  विवरण-

1. उपनिरीक्षक अटल बिहारी मिश्र थाना बक्शा, जौनपुर।

2. का. अंकुश कुमार थाना बक्शा, जौनपुर।

3. का. राकेश गुप्ता थाना बक्शा, जौनपुर।

4. म.का. मधु यादव थाना बक्शा, जौनपुर।