Sunday, 10 December 2023

आजमगढ़ बरदह कार की चपेट में आने से दादा-पोता समेत 3 की मौत रात भर सड़क पर ही इधर-उधर पड़े रहे शव


 

आजमगढ़ बरदह कार की चपेट में आने से दादा-पोता समेत 3 की मौत

रात भर सड़क पर ही इधर-उधर पड़े रहे शव


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात हुए हादसे में कार की चपेट में आकर बाइक सवार दादा-पोता समेत तीन की मौत हो गई। घटना के समय बाइक सवार तिलकोत्सव में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। बरदह थाना क्षेत्र के बकेस गांव गेट के पास हादसा हुआ। रातभर मृतकों का शव सड़क पर इधर-उधर पड़ा रहा। भोर में राहगीरों के माध्यम से जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवाया।

मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी शोभनाथ 55 चकियाडीह सिधौना निवासी पदमनाथ सिंह 50 व उनके पौत्र शिवांश 10 साल के शनिवार को बाइक से अपनी बहन के घर जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत भकूरा गांव गए थे। वहां से तिलकोत्सव में शामिल होने के लिए तीनों लोग बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे। तिलकोत्सव समारोह में भोजन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस घर जाने के लिए निकले। अभी वे बरदह थाना क्षेत्र के बकेश गांव गेट के पास पहुंचे थे कि कार ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार छिटक कर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसे मौके पर ही छोड़ कर सवार भाग निकले। बाइक सवार तीनों मृतकों का शव रात भर सड़क पर ही इधर-उधर पड़ा रहा। 

भोर में लगभग पांच बजे ग्रामीण टहलने व शौच आदि के लिए निकले तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई तो बरदह थाना पुलिस पहुंची और तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। कार बरदह थाना क्षेत्र के उदियहवा गांव निवासी किसी व्यक्ति की होने की बात सामने आ रही है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

आजमगढ़ तरवां 7 समुंदर पार से लाया डॉक्टर दुल्हनिया शादी से दोनों परिवार के लोग खुश, विदेशी दुल्हनिया को देखने को उमड़ी भीड़


 आजमगढ़ तरवां 7 समुंदर पार से लाया डॉक्टर दुल्हनिया


शादी से दोनों परिवार के लोग खुश, विदेशी दुल्हनिया को देखने को उमड़ी भीड़



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ के तरवा ब्लॉक के लालमऊ गांव निवासी एक इंजीनियर युवक ने सात समुंदर पार से डॉक्टर दुल्हनिया लेकर आया है। मिली जानकारी के अनुसार ताइवान से आई युवती के साथ उसने हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई। शादी की सभी रस्में वाराणसी में गुरुवार को हुईं। लालमऊ गांव निवासी संतोष यादव पुत्र अंगद यादव बीएचयू से एमएससी करने के बाद आईआईटी कानपुर से एमटेक किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ताइवान में एक प्रतिष्ठित कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वहां उनकी मुलाकात एक अस्पताल की डॉ. नोरा पुत्री जौलीन (एमडी, चाइल्ड स्पेशलिस्ट) से हुई। धीरे-धीरे मुलाकात मोहब्बत में बदल गई। दोनों एक शहर में काम करने के साथ ही जीवन भी साथ निभाने का फैसला किया।


दोनों के परिवार की रजामंदी से सरकारी कार्रवाई पूरी करने के बाद एक साथ ताइवान से चार दिसंम्बर को भारत आ गए। विदेशी दुल्हन के परिजन संतोष के घर तिलक समारोह में शामिल हुए। उसके बाद सात दिसंबर को वाराणसी के एक लान में हिंदू रीति-रिवाज से संतोष और डॉ. नोरा परिणय सूत्र में बंध गए। शादी से दोनों परिवार के लोग खुश हैं। क्षेत्र के लोगों में इस शादी की खूब चर्चा है।


लालमऊ गांव में किसान के घर विदेशी बहू आने की सूचना से लोग पहुंचने लगे। वाराणसी में शादी समारोह में भी दुल्हन को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। संतोष के गले में डॉ. नोरा ने वरमाला डाली तो आसपास के लोग विदेशी दुल्हन को देखते रह गए। बैंड-बाजे के साथ बारात निकली तो विदेशी दुल्हन खुद को नाचने से नहीं रोक पाई। बारातियों के साथ विदेशी दुल्हन का पूरा परिवार डांस करता रहा।

रामपुर थाने पहुंच कर प्रेमिका ने प्रेमी को पहनाई वरमाला प्रेमी के परिजन प्रसन्न होकर अपनी बहू को लेकर चले गए घर प्रेमिका के परिजनों ने युवक को किया था पुलिस के हवाले


 रामपुर थाने पहुंच कर प्रेमिका ने प्रेमी को पहनाई वरमाला


प्रेमी के परिजन प्रसन्न होकर अपनी बहू को लेकर चले गए घर


प्रेमिका के परिजनों ने युवक को किया था पुलिस के हवाले



उत्तर प्रदेश रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका के घर मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी मिलने पर प्रेमिका भी कोतवाली पहुंच गई, जहां दोनों की सहमति से दोनों ने एक-दूसरे के गले में जयमाला डाल दी और एक दूसरे के जिंदगी भर के साथी हो गए। जानकारी के अनुसार, मिलक तहसील क्षेत्र के रठौंड़ा गांव निवासी सुनील कुमार का क्षेत्र के गहलुइया गांव निवासी गीता से पिछले पांच वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर गया था। इस दौरान प्रेमिका के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी को अपने साथ कोतवाली ले आई। इसके बाद शनिवार को प्रेमिका घरवालों की नजरों से बचकर कोतवाली पहुंच गई और अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई।


काफी देर तक परिजनों द्वारा युवती को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों की जयमाला कराई गई और फिर कोतवाली में मिठाई वितरण का दौर चला। पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों ने दोनों को विवाह के लिए शुभकामनाएं दीं और कोतवाली से विदा किया। प्रेमी के परिजन प्रसन्न होकर अपनी बहू को लेकर घर चले गए। कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों युवक-युवती बालिग थे। देर रात प्रेमी अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था। परिजनों की सूचना पर पुलिस कोतवाली ले आई थी, जहां दोनों के परिजन राजी हो गए और शादी कर ली। प्रेमिका को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया।

आजमगढ़ सरायमीर लूट की झूठी सूचना देकर षड्यंत्र रचने वाले 02 अभियुक्त अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार 02 लाख 46000 रुपये बरामद


 आजमगढ़ सरायमीर लूट की झूठी सूचना देकर षड्यंत्र रचने वाले 02 अभियुक्त अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार 02 लाख 46000 रुपये बरामद


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर दिनाँक 08.12.2023 को वादी मुकदमा सैफ पुत्र मो0 अकरम निवासी मुस्लिम कालोनी शिवाला पवई लाडपुर थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना स्थानीय सरायमीर पर शिकायत किया गया कि विजनेस में लगाने के लिए उससे 02 लाख रूपये कैस में उधार लिया था तथा उसके पास सिम कार्ड कलेशन का लगभग 46000 रूपये था जिसे झोले में रखकर अपनी मोटर साइकिल (यू0पी0 45 पी 4279 होण्डा यूनिकार्न) से अपने बहनोई नवाज पुत्र नियाज निवासी संजरपुर के घर जा रहा था कि रास्ते में मोटर साइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने खानपुर गाँव के गेट के सामने मोटर साइकिल को ओवर टेक कर असलहा दिखाकर धमकाते हुये मेरे पास मौजूद 246000 रूपये, पर्स, मोबाईल, पर्स में मौजूद कागजात तथा मोटर साइकिल लूट कर संजरपुर की तरफ भाग गये। उक्त घटना के सम्बन्ध मे थाना सरायमीर पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ किया गया।


दिनांक 09.12.2023 को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय मय हमराह व उ0नि0 योगेन्द्र कुमार मय हमराह छाऊ मोड़ संजरपुर में मौजूद थे कि मुखबीर खास ने सूचना दिया कि 02 व्यक्ति अवैध असलहा व कारतूस के साथ खण्डवारी नहर पुलिया के पास मोटर साइकिल से आ रहे है इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय मय हमराह व उ0नि0 योगेन्द्र कुमार मय हमराह खण्डवारी नहर पुलिया पर पहुच कर इन्तजार करने लगे कुछ देर बाद सामने से आती हुयी मोटर साइकिल को रुकने का इशारा किये तो मोटर साइकिल सवार पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगें कि हड़बड़ाहट में मोड़ने पर मोटर साइकिल फिसल गयी और दोनो व्यक्ति गिर गये। उक्त दोनो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया


पुलिस के अनुसार पकडें गये व्यक्तियों में पहलें व्यक्ति ने अपना नाम अब्दुर रहमान उर्फ सैफ पुत्र मो0 अकरम निवासी मुस्लिम कालोनी शिवाला पवई लाड़पुर थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ उम्र करीब 24 वर्ष बताया। जिसकी जामा तलाशी से 01 तमंचा .315  बोर, 02 जिन्दा कारतूस .315 बोर, कुल 1,46,000 रूपये, बरामद हुआ तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम नमाज अहमद पुत्र नियाज अहमद निवासी संजरपुर थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ उम्र करीब 35 वर्ष बताया जिसकी जामा तलाशी से कुल 1,00,000 रूपये बरामद हुआ मौके पर गिरी मो0सा0 को देखा गया तो उसके नम्बर प्लेट पर यू0पी0 45 पी 4279 होण्डा यूनिकार्न अंकित हैं अभियुक्तों ने अपने ही पैसे, मोबाइल, पर्स व मोटर साइकिल के लूट की झूठी सूचना देकर मनगढंत कहानी बनाकर थाना स्थानीय सरायमीर पर मु0अ0स0-385/2023 धारा 392 भा0द0वी0 बनाम अज्ञात मे पंजीकृत कराया था

Saturday, 9 December 2023

आजमगढ़ निजामाबाद 100 मीटर तक युवक को घसीटते ले गयी पिकअप, दर्दनाक मौत बाइक से घर खाना खाने जाते समय हुआ हादसा


 आजमगढ़ निजामाबाद 100 मीटर तक युवक को घसीटते ले गयी पिकअप, दर्दनाक मौत


बाइक से घर खाना खाने जाते समय हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र में पिकअप और मोटर साईकिल में हुई आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद भाग रहे पिकअप में बाइक सवार युवक करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। मौके पर पहुची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए भेजवाया, अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


निजामाबाद तहसील मुख्यालय के पास नंद नगर बाजार में सैलून पर काम करने वाला युवक फैयाज आज दोपहर में लगभग 2 बजे काम करने के बाद नंद नगर बाजार से निजामाबाद के मोहल्ला हुसेनाबाद में अपने घर खाना खाने जा रहा था। इस दौरान निजामाबाद बाजार की तरफ से तेज गति से आ रही पिकअप ने नंदनगर बाजार में ही सामने से टक्कर मार दी। दुघर्टना के बाद बाइक सवार पिकअप में फंस गया। पिकअप चालक बाइक सवार को घसीटते हुए लगभग 100 मीटर ले गया।


 गंभीर रूप से घायल फैयाज को छोड़कर पिकप सवार फरिहा की तरफ भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ग्रामीणों की सहायता से आजमगढ़ भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने फैयाज को मृत घोषित कर दिया। बता दें कि फैयाज की 6 वर्ष पहले शादी हुई थी मृतक के एक लड़की 5 वर्ष की है। वह 6 भाइयों में पांचवें नंबर पर था, एक भाई छोटा है। मृतक फैयाज के पिता अलाउद्दीन ने अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है।

अलीगढ़ दारोगा की लापरवाही से थाने में पिस्टल से चली गोली पासपोर्ट वेरीफिकेशन को गई महिला को लगी


 अलीगढ़ दारोगा की लापरवाही से थाने में पिस्टल से चली गोली


पासपोर्ट वेरीफिकेशन को गई महिला को लगी



उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर कोतवाली में शुक्रवार को दरोगा की पिस्टल से चली गोली से पासपोर्ट वैरिफिकेशन कराने पहुंची महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सैकड़ों लोगों ने घंटों तक थाने का घिराव किया। एसएसपी ने फरार दरोगा को निलंबित कर दिया। उधर, घायल के बेटे ने दरोगा पर जानबूझकर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।


 एफआईआर के अनुसार इशरत निगात (55) पत्नी शकील अहमद तुर्कमान गेट हड्डी गोदाम के पास रहती है। कोतवाली से दरोगा मनोज कुमार का पासपोर्ट वैरिफिकेशन के लिए कॉल आने पर वह अपने बेटे के साथ दोपहर बाद कोतवाली पहुंची। बेटे इशान की ओर से दर्ज मुकदमे में बताया गया कि वैरिफिकेशन के लिए कोतवाली में भुजपुरा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार से मिले। मनोज कुमार ने कहा कि अभी काफी काम है, तुम लोग एक घंटा रुक जाओ। इस पर उसने दरोगा से आग्रह किया कि उसकी मां बीपी और शुगर की मरीज है। वह बार-बार नहीं आ सकती है लिहाजा अभी वैरिफिकेशन कर दो। एफआईआर में कहा गया कि इस पर दरोगा ने उग्र होकर उसकी मां के ऊपर अपनी सरकारी पिस्टल से जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। गोली सीधे उसकी मां के गर्दन के नजदीक जा लगी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपी दरोगा मौके से फरार हो गया।


 घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। उधर, कोतवाली में महिला के गोली लगने की सूचना पर सैकड़ों लोगों ने कोतवाली का घिराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर हंगामा काटा। एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारियों ने पहले मेडिकल कॉलेज पहुंचकर महिला का हाल जाना, उसके बाद शहर कोतवाली में हंगामा कर रहे लोगों के बीच पहुंचे। मौका मुआयना करने के पश्चात परिवार को आश्वासन दिया कि आरोपी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। पूर्व विधायक जमीरुल्लाह, पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान समेत अन्य लोगों के पहुंचने व लोगों को समझाने के बाद हंगामा बमुश्किल शांत कराया गया। अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया, लापरवाही के चलते दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उसके विरुद्ध हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के फुटेज की जांच फील्ड यूनिट कर रही है।

आजमगढ़ 16 अध्यापकों पर दर्ज होगा मुकदमा फर्जी अनुमोदन के आधार पर नौकरी का मामला


 आजमगढ़ 16 अध्यापकों पर दर्ज होगा मुकदमा


फर्जी अनुमोदन के आधार पर नौकरी का मामला


उत्तर प्रदेश आजमगढ़  जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में तैनात अध्यापकों के फर्जी अनुमोदन मामले में निदेशालय की ओर से सभी अध्यापकों पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही निदेशालय की ओर से समाज कल्याण अधिकारी विकास शशांक सिंह से उनकी जिम्मेदारी छीन ली गई है।

समाज कल्याण विभाग में अध्यापकों की नियुक्ति मामले में गलत तरीके से अनुमोदन मामले की बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच की थी। जांच में उन्होंने 17 अध्यापकों के अनुमोदन को फर्जी पाया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास शशांक सिंह ने एक अध्यापक यशवंत राय के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद शेष शिक्षकों पर कार्रवाई की तलवार लटकी रही थी।


मिली जानकारी के अनुसार निदेशालय ने इसको संज्ञान में लिया और शेष 16 अध्यापकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश जारी किया। साथ ही निदेशालय ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शशांक सिंह जो जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास का कार्य देख रहे थे, उनकी जगह जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंप दी।


हरिजन प्राइमरी पाठशाला कटवा भकुही के राजेश कुमार, अरविंद सिंह और राजेश यादव, आंबेडकर ग्रामीण हरिजन प्राइमरी पाठशाला करउत के अजय सिंह, मनोज और रामजी सिंह, प्रबुद्ध आंबेडकर अनुसूचित प्राइमरी पाठशाला बनकट लेदौरा के गणेश शंकर यादव, सुनीता राज, इंद्रबहादुर राव, विजय प्रताप सिंह और विवेक उपाध्याय, अनुसूचित जाति प्राइमरी पाठशाला मुड़ियार फूलपुर के अरूण कुमार उपाध्याय, विजेंद्र और योगेंद्र प्रताप सिंह, अनुसूचित जाति प्राइमरी पाठशाला आजमगढ़ जहानागंज के विनोद कुमार और राजेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।


जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल ने बताया कि अभी इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं अभी हाईकोर्ट आया हूं। रही बात शशांक सिंह को पदभार से हटाए जाने की तो निदेशालय ने कहा है कि यह पद अपने ही विभाग में होना चाहिए। इसलिए इस पद के लिए मुझे फाइल भेजने का निर्देश हुआ था, जिसे मैंने भेज दिया है।