Saturday, 19 August 2023

आजमगढ़ टॉप 10 अपराधी भकोले को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली गंभीर अपराधों में कुल 47 मामले हैं दर्ज, अवैध असलहा व कारतूस बरामद


 आजमगढ़ टॉप 10 अपराधी भकोले को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली


गंभीर अपराधों में कुल 47 मामले हैं दर्ज, अवैध असलहा व कारतूस बरामद


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली पुलिस ने आज भोर में करीब 3:30 बजे मुठभेड़ के दौरान थाना कोतवाली क्षेत्र के टॉप 10 अपराधी व हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर हत्या, हत्या के प्रयास लूट डकैती जैसे गंभीर अपराधों में कुल 47 अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्त के पास से अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुआ है।


आज 19 अगस्त को भोर में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राजकुमार सिंह अपने हमराहियों के साथ चेकिंग करते हुए हाफिजपुर चौराहे पर पहुंचे, जहां पर पहले से ही प्रभारी चौकी बलरामपुर उ0नि0 संजय तिवारी व प्रभारी स्वाट टीम उ0नि0 प्रकाश शुक्ल अपने हमराहियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उकरौड़ा का रहने वाला दुर्दांत अपराधी सुजीत सिंह उर्फ भकोले पुत्र भगवान सिंह जो कि किसी अपराध को अंजाम देने हेतु करतालपुर चौराहे की तरफ से आजमगढ़ शहर की तरफ अवैध असलहे के साथ आ रहा है।


इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, प्रभारी चौकी बलरामपुर, चौकी प्रभारी पहाडपुर व स्वाट टीम के साथ बाग लखराव पुल के पहले पहुचकर घेराबंदी करके बदमाश का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद करतालपुर की तरफ से बाग लखराँव पुल की तरफ से आ रहे एक मोटर साइकिल सवार को पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया, वह मोटर साइकिल सवार गाड़ी मोड़ कर भागने की कोशिश करने लगा, हड़बड़ाहट में मोटर साइकिल फिसलने से वह गिर गया। पुलिस से अपनों को घिरा हुआ देख उक्त मोटर साइकिल सवार ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया, आत्मरक्षार्थ की गई पुलिसिया कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। 


पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सुजीत सिंह उर्फ भकोले पुत्र भगवान सिंह निवासी उकरौड़ा थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी के दौरान बदमाश के पास से 700 रुपया नगद, 1 देशी तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 2 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुई। पुलिस ने अभियुक्त की मोटर साइकिल सुपर स्प्लेंडर को भी अपने कब्जे में ले लिया। अभियुक्त ने बताया कि उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं मुकदमे की पैरवी में काफी पैसा खर्च होता है। पैसे की व्यवस्था के लिए ही किसी लूट की घटना को अंजाम देने जा रहा था। अभियुक्त के ऊपर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर मामलों में कुल 47 मामले दर्ज बताए गए हैं।

Friday, 18 August 2023

लखनऊ युवती की अश्लील फोटो वायरल, भोजपुरी गायिका सहित 3 पर केस


 लखनऊ युवती की अश्लील फोटो वायरल, भोजपुरी गायिका सहित 3 पर केस


उत्तर प्रदेश लखनऊ भोजपुरी गायिका निशा पांडेय व उनके दो सहयोगियों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। युवती ने आरोप लगाया कि निशा पांडेय ने अपने कुछ साथियों की मदद से उनकी अश्लील फोटो वायरल की हैं।


मिली जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवती ने थाने में तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले भोजपुरी गायिका निशा पांडे अपने साथियों अनुराग सिंह और रीना द्विवेदी के साथ मिल कर सोशल मीडिया से उनकी कुछ तस्वीरें लीं। इसके बाद इन्हें एडिट कर अश्लील बनाया और उनके परिवारीजनों को भेज दीं। इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिया। इस पर काफी अश्लील कमेंट किए जा रहे हैं।

Thursday, 17 August 2023

आजमगढ़ पवई अराजक तत्वों ने तोड़ी देवी प्रतिमा पूर्व में हो चुकी है एक पुजारी की हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश


 आजमगढ़ पवई अराजक तत्वों ने तोड़ी देवी प्रतिमा


पूर्व में हो चुकी है एक पुजारी की हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश


आजमगढ़ पवई थाना क्षेत्र स्थित एक प्राचीन देवी मंदिर में स्थापित मूर्ति को कुछ अराजकतत्वों द्वारा खण्डित कर पोखरे किनारे फेंक दिया गया। सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा करने के लिए गए तो देवी मां की मूर्ति टूटी मिली। जानकारी मिलते ही ग्रामवासी एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।


थाना क्षेत्र के सुम्हाडीह गांव में शिवालय पोखरा स्थित देवी मां का एक प्राचीन मंदिर है। ग्रामवासियों के अनुसार सुबह मंदिर के पुजारी पूजा करने के लिए गए तो हनुमान मंदिर प्रांगण में रखी देवी मां की मूर्ति टूटी हुई मिली। मूर्ति टूटने की सूचना मिलने पर ग्रामीण मंदिर पहुचे। इस घटनाक्रम से गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया। मौके पर पुलिस भी पहुच गई और जांच पड़ताल में जुट गयी। ग्रामीणों ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया लगभग 20 वर्ष पूर्व इसी मंदिर के पुजारी की हत्या हो चुकी है। जिसके कारण से पुजारी रात में मंदिर पर नहीं रहते हैं।


मंदिर के पुजारी अरुण कुमार ने बताया कि कुछ अराजक तत्व शाम 6.00 बजे से रात्रि लगभग 12 बजे तक मंदिर के पास रोज बैठते हैं और मोबाइल से अश्लील गाने बजाते हैं। वे सब आने जाने वाली महिलाओं पर भद्दे और अश्लील कमेंट भी करते हैं। उन्हीं लोगों में से मौके पर मौजूद एक व्यक्ति से जब मूर्ति टूटने के बावत पूछा गया तो उसने पुजारी को भद्दी भद्दी गाली देते हुए गोली मारने की धमकी दी। आक्रोशित लोगों ने अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी फूलपुर अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ तरवां खुद की सुरक्षा में तैनात सिपाही से मांगी रंगदारी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


 आजमगढ़ तरवां खुद की सुरक्षा में तैनात सिपाही से मांगी रंगदारी


आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ खुद की सुरक्षा में तैनात सिपाही से रूपए उधार लेने एवं वापस मांगने पर 50 हजार रूपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपित अभियुक्त को तरवां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


बताते चलें कि आलोक कुमार गुप्ता निवासी छिवकी थाना नैनी जिला प्रयागराज पुलिस विभाग में आरक्षी है। वर्तमान में उसकी तैनाती जिले के पुलिस लाइन में है। कुछ समय वे तरवां थाना क्षेत्र के सरायभादी ग्राम निवासी धर्मेंद्र गुप्ता की सुरक्षा में तैनात किए गये थे। आरक्षी आलोक कुमार गुप्ता ने तरवां थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जिस धर्मेंद्र गुप्ता की सुरक्षा में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी, उस ने अपनी जरूरत बताते हुए कुछ समय के लिए एक लाख छिहत्तर हजार रुपए उधार लिया। 


जब उससे पैसा वापस मांगा तो उक्त धर्मेंद्र गुप्ता रकम वापस करने से इंकार करते हुए 50 हजार रुपए रंगदारी मांगने लगा। आरोप है कि मांगी गई धनराशि न देने पर पीड़ित को जान-माल की धमकी भी दी गई। आरक्षी की तहरीर पर तरवां थाने में आरोपित धर्मेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने गुरुवार को आरोपित के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मऊ घोसी में नामांकन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक, सामने आई ये वजह


 मऊ घोसी में नामांकन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक, सामने आई ये वजह


उत्तर प्रदेश मऊ घोसी विधानसभा उप चुनाव में समाजवादी प्रत्याशी सुधाकर सिंह के नामांकन के दौरान गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के नामांकन के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष को अंदर भेजने को लेकर सपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। 


सपा कार्यकर्ताओं की मांग थी कि जिस प्रकार से भाजपा जिलाध्यक्ष भाजपा प्रत्याशी के साथ नामांकन कक्ष में गए थे। उसी प्रकार से सपा जिलाध्यक्ष को भी जाने दिया जाए। लेकिन तीखी नोकझोंक के बाद भी पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष को नामांकन के लिए अंदर नहीं जाने दिया। जिसके बाद अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो सका।

आजमगढ़ ठेकमा 3 प्रधानाध्यापकों व अनुचर के निलंबन की संस्तुति


 आजमगढ़ ठेकमा 3 प्रधानाध्यापकों व अनुचर के निलंबन की संस्तुति


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ राज्य परियोजना निदेशक लखनऊ से आई विशेषज्ञों की टीम ने ठेकमा के तीन परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम मिली। निपुण तालिका के तहत बच्चों का चिह्नांकन भी नहीं मिला। एमडीएम रजिस्टर में हस्ताक्षर भी नहीं किया गया था। टीम ने नाराजगी जताते हुए तीन प्रधानाध्यापक व अनुचर के निलंबन कर कार्रवाई की संस्तुति की है।


प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड हुई सूचनाओं के आधार पर राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर विद्यालयों की जांच की जा रही है। टीम ने जिला मुख्यालय से दूर ठेकमा ब्लाॅक के ऐसे तीन विद्यालयों का चयन कर निरीक्षण किया। टीम सुबह करीब 10:55 बजे कंपोजिट विद्यालय अहिरौली पहुंची। जहां नामांकित 210 बच्चों के मुकाबले मात्र 96 बच्चे मिले। निपुण तालिका के तहत चिह्नांकन नहीं किया गया था। एमडीएम वितरण कर रजिस्टर में अंकित नहीं था। देखा गया कि यहां एक ही शिक्षक भोजन को चेक कर रहा है। जबकि इसके लिए माता समूह बनाया गया है। वहीं अगस्त में एसएमसी की बैठक भी नहीं हुई। आंगनबाड़ी केंद्र पर एक भी बच्चे व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं।


दिन में 11:55 बजे टीम प्राथमिक विद्यालय चंद्रभानपुर हुंची। यहां चहारदीवारी, हैंडवाश व टोटी नहीं थी। 101 बच्चों के मुकाबले सिर्फ 57 बच्चे मिले। टीम दोपहर 1:30 बजे कंपोजिट विद्यालय बौवापार पहुंची। उक्त विद्यालय पीएम श्री योजना के तहत चयनित है। जबकि यह मानक के विपरीत है। उक्त विद्यालय में ग्रांट से करीब 77 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। अनुचर अवनीश राय अनुपस्थित मिले। जिसे लेकर टीम ने कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं। यहां भी निपुण तालिका के तहत कार्य नहीं किए गए हैं। टीम में जीवेंद्र सिंह ऐरी, अमित शुक्ला, विजय शर्मा, धवल कीर्ति, राहुल शर्मा व स्नेही गुप्ता शामिल रहे।

Wednesday, 16 August 2023

आजमगढ़ सरायमीर फर्जी एसओजी टीम को पुलिस ने दबोचा स्कार्पियो गाडी, अवैध तमंचा व कारतूस सहित 4250 रूपये नकद, 6 मोबाइल बरामद


 आजमगढ़ सरायमीर फर्जी एसओजी टीम को पुलिस ने दबोचा


स्कार्पियो गाडी, अवैध तमंचा व कारतूस सहित 4250 रूपये नकद, 6 मोबाइल बरामद


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना पुलिस ने फर्जी एसओजी टीम का पर्दाफाश करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से स्कार्पियो गाडी, अवैध तमंचा व कारतूस सहित 4250 रूपये नकद, 06 मोबाइल व एक मोटर साइकिल बरामद किया गया है।


15 अगस्त को विजय मौर्य पुत्र रामबहादुर मौर्य निवासी नकहरा खण्डो थाना सिगरामऊ जनपद जौनपुर द्वारा थाना सरायमीर पर तहरीर दिया गया कि वह व राहुल विश्वकर्मा पुत्र गिरजाशंकर मोटर साइकिल से अपने बीमार दोस्त सुन्दरम वर्मा को देखने जीयनपुर गए थे। रात्रि में वापस आते समय संजरपुर थाना सरायमीर के पास से एक काले रंग की स्कार्पियो में सवार 4-5 व्यक्ति उतर कर स्वयं को एसओजी वाले बताकर हम लोगों को जबरन गाड़ी में बैठाने लगे। 


मौका पाकर राहुल किसी तरह भाग गया लेकिन मुझको गाड़ी में बैठाकर असलहा सटाकर धमकाते हुए एक लाख रूपये की मांग की जाने लगी। फिर एक ढाबा पर ले जाकर कमरे में बंद करके मारपीट कर मेरा मोबाईल व 2200 रुपया निकाल लिया गया व अपनी स्कार्पियो गाड़ी में बैठाकर कुछ दूर ले जाकर उतार दिया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।


16 अगस्त को थानाध्यक्ष विवेक कुमार पाण्डेय द्वारा मामले में वांछित अभियुक्तों विजय प्रताप सिंह पुत्र केदार सिंह निवासी मुबारकपुर अतरडिहा थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़, श्याम कुमार यादव पुत्र रामअजोर यादव निवासी हाशापुर कला थाना अहरौला जनपद आजमगढ़, संतोष सिंह पुत्र महेन्द्र प्रताप सिंह निवासी निकामुद्दीनपुर थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़, निखिल पाठक पुत्र मिथिलेश पाठक निवासी दरिखाशेख अहमदपुर थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़, आशुतोष यादव पुत्र वेद प्रकाश यादव निवासी आराजी कनैथा थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ को खानपुर जयगुरूदेव आश्रम से समय करीब 11.05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों के पास से स्कार्पियो गाडी, अवैध तमंचा व कारतूस सहित 4250 रूपये नकद, 06 मोबाइल व एक मोटर साइकिल बरामद किया गया है।