Sunday, 17 July 2022

आजमगढ़ कुवर सिंह पार्क मे जिले के शिक्षा प्रेरकों ने किया बैठक

आजमगढ़ कुवर सिंह पार्क मे जिले के शिक्षा प्रेरकों ने किया बैठक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला महामंत्री अखिलेश यादव ने कहा की आजमगढ़ जिले मे लगभग 3200 शिक्षा प्रेरेको का बकाया मानदेय लगभग 24 माह का है उत्तर प्रदेश सरकार ने बिना किसी पूर्व सूचना के मार्च 2018 से हमारी संविदा समाप्त कर दिया उत्तर प्रदेश के शिक्षा प्रेरक 25 जुलाई को कौशल किशोर केंद्रीय मंत्री आवास पर धरना देने का मन बना लिया है।


साथ ही उन्होने कहा की मंत्री जी ने हमे आश्वासन दिया था आप का बकाया मानदेय एवं संविदा बहाली के सम्बन्ध मे केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रेरकों की समस्या रखी जायेगी जिस पर सरकार कोई ठोस विचार जरूर करेगी।


इस बैठक मे निर्मल देवी प्रेरक ग्राम पलिया अदाई विकास खण्ड फूलपुर सहित जिले के लगभग सैकडो प्रेरक मौजूद रहे।



ब्यूरो रिपोर्ट आजमगढ़

 

उत्तर प्रदेश 11 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल के बाद कन्नौज एसपी हटाए गए।


 उत्तर प्रदेश 11 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले


प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल के बाद कन्नौज एसपी हटाए गए।




लखनऊ उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में योगी सरकार ने फेरबदल किया है। कन्नौज में प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद हुए बवाल के बाद वहां के एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को हटाते हुए प्रतीक्षारत कर दिया गया है।



जानकारी के मुताबिक रविवार को कन्नौज के एसपी समेत 11 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए गए । लखनऊ की सतर्कता शाखा में तैनात एसपी कुंवर अनुपम सिंह को एसपी कन्नौज बनाया गया है। डीजी बीके मौर्या को डीजी लाजॉस्टिक-लखनऊ में स्थानांतरित किया गया है।



 केंद्र की प्रतिनियुक्ति से वापस आने पर प्रतीक्षारत अनुपम कुलश्रेष्ठ को एडीजी यातायात सड़क सुरक्षा, लखनऊ में तैनाती दी गई है। आईजी से एडीजी पद पर प्रोन्नत हुए मोहित अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक तकनीकी सेवा, लखनऊ में स्थानांतरित किया गया है। पीएसी पूर्वी जोन प्रयागराज में तैनात एडीजी भजनी राम मीणा को एडीजी रोल एंड मैनुएल्स लखनऊ में तैनाती दी गई है। 



एसपी- पीटीसी सीतापुर में तैनात शफीक अहमद को प्रतीक्षारत कर दिया गया है। वहीं पीटीसी जालौन के एसपी राधे मोहन भारद्वाज को सेनानायक 28वीं वाहिनी पीएसी इटावा और यहां तैनात हिमांशु कुमार को 23वीं सेनानायक वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में तैनात किया गया है। मुरादाबाद पीएसी की 23वीं वाहिनी में तैनात सेनानायक शालिनी को इसी पद पर 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में भेजा गया है। गृह विभाग ने एडीजी सतीश कुमार माथुर को एडीजी मानवाधिकार , लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार और मानवाधिकार यूपी लखनऊ का मूल प्रभार भी सौंपा गया है।

आजमगढ़ कंधरापुर गला दबाकर उतारा गया था पति को मौत के घाट पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला आया सामने परिजनों ने पत्नी से विवाद के बाद बिजली का तार पकड़कर जान देने का दिया था हवाला


 आजमगढ़ कंधरापुर गला दबाकर उतारा गया था पति को मौत के घाट


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला आया सामने


परिजनों ने पत्नी से विवाद के बाद बिजली का तार पकड़कर जान देने का दिया था हवाला




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कंधरापुर थाना क्षेत्र के गयासपुर गांव निवासी सरोज की करेंट लगने से मौत नहीं हुई थी, बल्कि उसका गला दबाकर हत्या किया गया था। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होने से अब पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में उलझी हुई है। परिवार के लोग सरोज की मौत करेंट लगने से होना बता रहे थे।



जानकारी के मुताबिक गयासपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सरोज पासवान पुत्र राम बूझ पासवान मजदूरी करता था। 9 जुलाई 2022 की शाम मजदूरी करने के बाद घर पहुंचा। रात में उसकी संदिग्धावस्थ में मौत हो गई थी। घटना की रात उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गांव के लोगों ने बताया था कि पत्नी से विवाद के बाद उसने घर में बिजली का तार पकड़ लिया। जिससे करेंट लगने से उसकी मौत हो गई थी। जबकि परिवार के लोगों का कहना था कि वह घर में बिजली का तार ठीक कर रहा था, इस दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबा कर हत्या करने पुष्टि हुई है।



 कंधरापुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद पुलिस अब गुत्थी सुलझाने में जुट गई है कि आखिर सरोज की गला दबाकर हत्या किसने और किस परिस्थिति में किया है। पुलिस इस मामले में कई अहम पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है।

सहारनपुर पूर्व बसपा एमएलसी को पुलिस ने किया गिरफ्तार किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में था वांछित, घोषित किया गया था 25 हजार का इनाम


 सहारनपुर पूर्व बसपा एमएलसी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में था वांछित, घोषित किया गया था 25 हजार का इनाम




उत्तर प्रदेश सहारनपुर खनन माफिया पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के छोटे भाई पूर्व बसपा एमएलसी महमूद अली को सहारनपुर पुलिस ने शनिवार देर शाम नवी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी विपिन टाडा ने बताया कि मिर्जापुर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में पूर्व एमएलसी को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया है, जिसे कोर्ट में वारंट दाखिल कर रिमांड पर लेकर सहारनपुर लाया जाएगा।



एसएसपी ने बताया कि पूर्व एमएलसी महमूद अली पर और उसके भाई हाजी इकबाल पर दो दिन पहले 25 हजार रू का इनाम घोषित किया था। महमूद अली एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में भी वांछित था। इस मामले में उसका वारंट यहां कोर्ट में डाला जाएगा। फिलहाल पूर्व एमएलसी महमूद अली को नवी मुंबई के नेरल थाने में रखा गया है। उसको रिमांड पर लेकर सहारनपुर लाने की कार्रवाई की जा रही है।  पुलिस खनन माफिया हाजी इकबाल की तलाश में भी लगी है।

Saturday, 16 July 2022

आजमगढ़ अंडर 23 पुरुष/महिला कुश्ती चयन का ट्रायल 18 जुलाई को


 आजमगढ़ अंडर 23 पुरुष/महिला कुश्ती चयन का ट्रायल 18 जुलाई को



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अंडर 23 वर्ग पुरुष/महिला जिला कुश्ती चयन का आयोजन 18 जुलाई सोमवार को सुखदेव पहलवान स्टेडियम ने कराया जाएगा। चयनित पहलवान 28 से 30 जुलाई तक अंडर 23 राज्य कुश्ती प्रतियोगिता डासना गाजियाबाद में प्रतिभाग करेंगे।



 इस हेतु सोमवार को वजन 3 बजे से 4 बजे अपरांह तक किया जाएगा तत्पश्चात कुश्ती होगी।

इस संबंध में सत्यवान यादव पहलवान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन लोगों का जन्म 1999 से 2003 के बीच हुआ है वह पहलवान अंडर 23 कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए पात्र होंगे वहीं 2004 में पैदा हुए पहलवान जिनकी आयु 18 वर्ष होगी चिकित्सा और माता-पिता के प्रमाण पत्र साथ लाकर भाग ले सकते हैं। 



जानकारी के मुताबिक आयु और अधिवास का सत्यापन आधार कार्ड, वोटर आईडी और पासपोर्ट द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो पहलवान स्थायी निवासी हैं या संबंधित जिलों में अधिवासित हैं वह संबंधित राज्य का निवास प्रमाण पत्र साथ लाएं और माता-पिता का आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड भी अवश्य लाएं उसी आधार पर वह भाग ले पाएंगे।



 उन्होंने बताया कि किसी भी खिलाड़ी द्वारा गलत या फर्जी प्रमाण पत्र देने पर उन्हें चयन ट्रायल से बाहर कर दिया जाएगा और साथ ही उस खिलाड़ी पर 5 साल का बैन लगा दिया जाएगा जिससे वह फिर किसी भी प्रतियोगिता, चयन, ट्रायल में भाग नहीं ले सकेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति उनके मोबाइल नंबर 9451512349 पर या रामवृक्ष यादव संयुक्त सचिव जिला कुश्ती संघ आजमगढ़ के मोबाइल नंबर 9889156088 पर संपर्क कर सकते हैं।

लखनऊ भाजपा ने लोकसभा की 14 हारी सीटों की इन्हें सौंपी जिम्मेदारी


 लखनऊ भाजपा ने लोकसभा की 14 हारी सीटों की इन्हें सौंपी जिम्मेदारी



 उत्तर प्रदेश लखनऊ बीजेपी मिशन 2024 में जी जान से जुट गई है। इस बार हर बड़ा नेता 80 में से 80 सीटें जीतने का दावा कर रहा है। कोई इसे महज चुनावी माहौल किया जाने वाला राजनीतिक दावा कहकर खारिज कर सकता है लेकिन हकीकत में पार्टी ने इसकी प्लानिंग कर ली है। पार्टी ने जहां जीती हुई सीटों पर पूरा जोर लगा दिया है वहीं पिछली बार प्रदेश की हारी हुई 14 सीटों की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्रियों और राज्यसभा सांसदों को सौंप दी है। 



जानकारी के अनुसार हर मंत्री और राज्यसभा सांसद से अगले दो साल तक इन सीटों पर लगातार काम करने और पिछली बार की हार को जीत में बदलने का जिम्मा दिया गया है।

मंत्रियों ने संगठन की समीक्षा का काम अभी से शुरू कर दिया है।



 पदाधिकारियों को उन वोटरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है जो पिछले चुनाव में बीजेपी के साथ नहीं थे। सूत्रों के मुताबिक संभल में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, अमरोहा में मीनाक्षी लेखी, बिजनौर में रेल राज्य मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुरादाबाद में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को जिम्मेदारी मिली है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने मुरादाबाद में दो रात तीन दिन बिताए, जबकि अश्विनी चौबे भी संभल में तीन दिन से प्रवास कर चुके हैं। मुरादाबाद प्रवास के दौरान जितेंद्र सिंह ने सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ ही जिला और महानगर संगठन की कार्यशैली को भांपा। इसके अलावा अधिवक्ता, डॉक्टर, रिटायर्ड कर्मचारी समेत कई वर्ग के लोगों के साथ संवाद किया।

मकसद सिर्फ यही है कि पिछली बार की गलतियों से सबक लेकर जीत का मार्ग किस तरह प्रशस्त करें। इसमें लाभार्थियों तक संपर्क कर उन्हें अपने साथ लाने के लिए रणनीति बनाई गई। साथ ही उन सभी बूथों पर भी संगठन उतरेगा जो बूथ भाजपा ने हारे हैं।



 भाजपा का मानना है कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने जो योजनाएं चलाईं उनका लाभ सभी को मिला। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। ऐसे मतदाता अभी तक किसी दल में रहे हों पर हमारे साथ आने की पूरी गुंजाइश है। इसी पर एक रणनीति के तहत मुहिम छेड़ी जा रही है। पहले दौरे में जो होमवर्क मंत्री ने दिया है उसे अगले दौरे में वह चेक भी करेंगे।

आजमगढ़ मण्डलायुक्त ने 8 कर्मचारियों का रोका एक दिन का वेतन सम्पूर्ण समाधान दिवस में मिले अनुपस्थित, स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश


 आजमगढ़ मण्डलायुक्त ने 8 कर्मचारियों का रोका एक दिन का वेतन


सम्पूर्ण समाधान दिवस में मिले अनुपस्थित, स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, 16 जुलाई 2022 को मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त तथा डीआईजी अखिलेश कुमार ने शनिवार को तहसील निजामाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पूरी गंभीरता के साथ आमजन से उनकी समस्याओं को भी सुना तथा उसे समयबद्ध रूप से गुणवत्तायुक्त निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को अस्तान्तरित किया। 



इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 173 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किये गये, जिसमें राजस्व के 152 तथा विकास, पुलिस, विद्युत आदि विभागों से सम्बन्धित 21 मामले सम्मिलित थे। मौके पर अधिकारियों द्वारा 7 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में जो भी शिकायतें आमजन से प्राप्त होती हैं उसका इस प्रकार से निस्तारण किया जाय कि उसी प्रकरण को पुनः प्रस्तुत करने की संभावना समाप्त हो जाय।



 उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के स्थायी एवं गुणवत्तायुक्त निराकरण के लिए गंभीरता जरूरी है, इसलिए प्रस्तुत शिकायतों के निस्तारण के प्रति पूरी गंभीरता बरती जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस के औचक निरीक्षण में कुल 8 अधिकारी अनुपस्थित पाये गये, जिसमें सहायक अभियन्ता जल निगम, सहायक अभियन्ता नलकूप, खण्ड विकास अधिकारी तहबरपुर, एसएचओ अहरौला, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रानी की सराय व मुहम्मदपुर तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रानी की सराय व तहबरपुर शामिल हैं।



 मण्डलायुक्त श्री पन्त ने अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।



मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने जन सुनवाई के दौरान पाया कि आमजन द्वारा अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से सम्बन्धित तथा पैमाइश, वरासत, चकमार्ग व अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा आदि से सम्बन्धित होती हैं। इस सम्बन्ध में उन्होने  तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूरी तन्मयता के साथ प्राथमिकता के आधार पर ऐसे प्रकरणों का निस्तारण किया जाये। डीआईजी अखिलेश कुमार ने पुलिस विभाग से सम्बन्धित मामलों की सुनवाई करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जहॉं कहीं भी विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो शुरुआत में ही उसका ठोस निस्तारण कर दिया जाय, ताकि विवाद आगे चलकर शांति व्यवस्था में बाधक न बने। 



इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में निरन्तर भ्रमणशील रहकर असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर निरन्तर नजर रखते हुए उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाना सुनिश्चित करें। 



इस अवसर पर उपजिलाधिकारी निजामाबाद रवि कुमार, तहसीलदार राजू कुमार, खण्ड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।