Wednesday, 29 June 2022

आजमगढ़ कप्तानगंज डबल मर्डर मामले में मृतक की पत्नी गिरफ्तार


 आजमगढ़ कप्तानगंज डबल मर्डर मामले में मृतक की पत्नी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कप्तानगंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र के धनधारी गांव में एक सप्ताह पूर्व संपत्ति विवाद को लेकर पूर्व सैनिक द्वारा पिता व भाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार देने के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बुधवार की सुबह इस मामले में वांछित मृत गृहस्वामी की बुजुर्ग पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।




गौरतलब है कि कप्तानगंज क्षेत्र के धनधारी गांव में एक सप्ताह पूर्व संपत्ति विवाद को लेकर पूर्व सैनिक मनोज कुमार सिंह का अपने पिता श्रीनारायण सिंह एवं छोटे भाई मनीष सिंह से विवाद हुआ। इसके बाद मनोज सिंह ने अपनी लाइसेंसी असलहे से पिता व भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई परिवार की महिला अवधराजी देवी को भी हमलावर पक्ष ने बुरी तरह जख्मी कर दिया। 



घटना के बाबत मृतक मनीष सिंह की पत्नी कामिनी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी मनोज सिंह व उसके पुत्र तथा माता इशरावती देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।



 गौरतलब है कि घटना के बाद हत्यारोपी पूर्व सैनिक मनोज सिंह ने असलहा सहित मुकामी थाने में जाकर समर्पण कर दिया था। पुलिस फरार चल रहे उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।



 बुधवार की सुबह पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त इशरावती सिंह पत्नी स्व० श्रीनारायण सिंह को क्षेत्र के वाजिदपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

रामपुर बेटी भागी तो माता-पिता को भेज दूंगा जेल एसपी का वीडियो वायरल, मांगी माफी


 रामपुर बेटी भागी तो माता-पिता को भेज दूंगा जेल


एसपी का वीडियो वायरल, मांगी माफी




रामपुर यूपी के रामपुर में उपचुनाव के बाद पुलिस लाइन में आयोजित सद्भावना गोष्ठी में आईपीएस के एक बयान ने बवाल खड़ा कर दिया। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा, कि बेटी भागती है तो मैं माता-पिता को जेल भेज देना चाहता हूं। उनके इस भाषण के वीडियो पर सपा ने भी हमला बोला और अपने ट्विट एकाउंट से ट्विट किया। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने खंडन करते हुए माफी भी मांगी है। 




जानकारी के अनुसार दरअसल उपचुनाव खत्म होने के बाद रामपुर की पुलिस लाइन में एक सद्भावना गोष्ठी आयोजित की गई थी। जिसमें एसपी अशोक कुमार शुक्ला एक-दो बच्चे ही पैदा करने की नसीहत दे रहे थे। उन्होंने कहा, कोई इसे सियासी नजरिए से देख रहा है तो कोई उनके इस बयान में मजहबी टिप्पणी के रंग तलाश रहा है। हालांकि एसपी का कहना है कि उन्होने जो कहा वह समाज के भाई-चारे के लिए साफ मंशा से कहा। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने कानून-व्यवस्था, सद्भाव और तालीम की बात करते-करते यह भी कह डाला कि अगर किसी की बेटी भागती है तो मन करता है पहले मां-बाप को जेल भेजू दूं। ऐेसे अभिभावक आखिर किसके भरोसे बच्चे छोड़ देते हैं। इसी बात के क्रम में उन्होंने कहा कि अधिक बच्चे होते हैं तो उनकी अच्छे से परवरिश नहीं हो पाती। उन्हें अच्छी तालीम नहीं मिल पाती। इसलिए एक-दो बच्चे ही काफी हैं। 



इसमें अगर किसी का धर्म आड़े आता है तो उन्हें बच्चों के लिए सभी जरूरी इंतजाम अच्छे से करने चाहिए। ऐसा न होने पर ही बच्चे पंचर बनाते फिरते हैं, कट्टा लेकर घूमते हैं, इससे पुलिस का काम बढ़ जाता है। एसपी के इस बयान पर कुछ लोगों ने तालियां बजाईं तो कुछ औचक से एक दूसरे का मुंह ताकते रह गए।

UP में प्राइवेट कॉलेज बीटेक-एमटेक-एमबीए के लिए इससे ज्‍यादा नहीं ले पाएंगे फीस योगी सरकार ने हर कोर्स के हिसाब से जारी की लिस्‍ट यूपी के प्राइवेट कॉलेज अब मनमानी फीस नहीं वसूल सकेंगे।


 UP में प्राइवेट कॉलेज बीटेक-एमटेक-एमबीए के लिए इससे ज्‍यादा नहीं ले पाएंगे फीस



योगी सरकार ने हर कोर्स के हिसाब से जारी की लिस्‍ट



लखनऊ यूपी के प्राइवेट कॉलेज अब मनमानी फीस नहीं वसूल सकेंगे। 



योगी सरकार बीटेक-एमटेक-एमबीए-एनसीए-बी.फार्मा-एम.फार्मा-डिप्‍लोमा सहित कई कोर्सों की फीस निर्धारित करने की तैयारी कर रही है। राज्‍य सरकार द्वारा गठित प्रवेश और फीस नियमन समिति ने प्रस्‍तावित फीस का विवरण जारी करते हुए सभी संस्‍थाओं के इस पर आपत्ति के लिए 30 दिन का समय दिया है। यदि संस्‍थान 30 दिन के अंदर आपत्ति नहीं देते हैं तो सरकार मान लेगी कि उन्‍हें इस फीस पर कोई आपत्ति नहीं है।




जानकारी के अनुसार उत्‍तर प्रदेश प्रवेश और फीस नियम समिति, प्राविधिक शिक्षा विभाग ने 23 जून 2022 को जारी आदेश में कहा कि ये शुल्‍क एक वर्ष (शैक्षणिक सत्र 2022-23) के लिए मान्‍य होंगे।



 समिति के प्रस्‍ताव में बीटेक की एक साल की फीस 55 हजार रुपए, 

बी फार्मा की 63,300 रुपए,

 बीआर्की की 57,730 रुपए,

 बीएफए की 85,250 रुपए,

 बीएफएडी की 85,250 रुपए,

बीएचएमसीटी की 70,000 रुपए,

 एमबीए की 59,700 रुपए,

 एमसीए की 55,000 रुपए,

 एमफार्मा की 68,750 रुपए,

 एमआर्की की 57,500 रुपए,

 एमटेक की 57,500 रुपए, 

सभी बी.बोकेशनल कोर्सों की 26,900 रुपए, 

एमबीए इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रमों की 25,750 रुपए रखी गई है।

आजमगढ़ एकतरफा प्यार में युवती को मारा चाकू, खुद छत से लगाई छलांग युवक की हालत गंभीर, युवती खतरे से बाहर शहर कोतवाली क्षेत्र के मंतराज गांव का मामला


 आजमगढ़ एकतरफा प्यार में युवती को मारा चाकू, खुद छत से लगाई छलांग



युवक की हालत गंभीर, युवती खतरे से बाहर


शहर कोतवाली क्षेत्र के मंतराज गांव का मामला



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ एक तरफा प्यार में युवक ने युवती को घर में घुसकर गर्दन पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवती की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन पहुंचे तो युवक छत से कूद गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान में बिजली के तार से टकराकर घायल हो गया। 



पर दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में लड़के की हालत गंभीर बनी हुई है, वहीं लड़की की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।



 परिजनों के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही कर रही है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मंतराज गांव का है।



पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब दस बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के सराय मंतराज गांव में आशीष शर्मा ने एक लड़की के घर में घुसकर उसके गर्दन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। जब परिजनों ने आशीष को पकड़ने के लिए दौड़ाया तो वह छत से कूद गया। जिससे वह बिजली के तारों से टकरा कर बुरी तरह से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आशीष की हालत नाजुक बनी हुई है। लड़की के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।

उत्तर प्रदेश पूर्वांचल में आकाशीय बिजली का कहर, 22 की मौत


 पूर्वांचल में आकाशीय बिजली का कहर, 22 की मौत




लखनऊ मानसून उत्तर प्रदेश को झमाझम बारिश से भिगोने को तैयार है। पूर्वी हवाओं का सहारा पाकर सोनभद्र में ठिठका मानसून सक्रिय हो उठा है। मानसून की सक्रियता से मंगलवार को राज्य भर में खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बारिश हुई। यह बारिश बुधवार को और तेजी पकड़ेगी। अगले 24 घंटे में मानसून कई जिलों को अपनी गिरफ्त में ले लेगा।



जानकारी के अनुसार उधर मंगलवार को वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने से 19, फतेहपुर में दो और कानपुर के घाटमपुर में एक की मौत हो गई है। 



काशी विश्वनाथ परिसर में बिजली गिरने से यहां स्थित एक मंदिर का एक शिखर क्षतिग्रस्त हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन कहीं कम और कहीं ज्यादा बारिश होने की संभावना है। दिन के पारे में भी गिरावट होगी। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि सोनभद्र में मानसून कई दिनों से कमजोर होकर रुका था। सोमवार से पूर्वी हवाओं ने जोर पकड़ा। इससे मानसून को ताकत मिली। अब यह तेजी से आगे बढ़ेगा।

पूर्वांचल में मंगलवार को तेज बारिश के बीच कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरी। बनारस में काशी विश्वनाथ धाम परिसर में बिजली गिरने से मंधतेश्वर महादेव मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया।  यह मंदिर गंगा द्वार के करीब है। 



इसके अलावा मिर्जामुराद और बड़ागांव में वज्रपात की चपेट में आने से दो किशोरों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। उधर बलिया के बैरिया, दोकटी व सिकन्दरपुर में बिजली गिरने से तीन लोगों की जान चली गई। मिर्जापुर के लालगंज में वज्रपात की चपेट में आने से किशोरी और बालिका समेत चार लोगों की मौत हो गई।



उधर भदोही में मंगलवार को एक दर्जन स्थानों पर बिजली गिरी है। चेतनपुर,  तुलसीपट्टी और हरदुआ गांव में गिरी बिजली की चपेट में आने से महिला और किशोर समेत तीन की मौत हो गई।



 गोरखपुर-बस्ती मंडल में सुबह कहीं तेज कहीं हल्की बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली पर जानमाल का नुकसान भी हुआ। महराजगंज में किशोरी समेत दो, सिद्धार्थनगर और बस्ती में एक-एक मिलाकर चार लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।



 फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में दो लोगो की मौत हुई है। सुलतानपुर में दो और कानपुर के घाटमपुर में एक व्यक्ति की जान बिजली गिरने से चली गई।

लखनऊ वकील ने पत्नी के सीने में उतारी गोलियां बच्‍चे बोले-कभी पापा को नहीं करेंगे माफ


 लखनऊ वकील ने पत्नी के सीने में उतारी गोलियां



बच्‍चे बोले-कभी पापा को नहीं करेंगे माफ




उत्तर प्रदेश लखनऊ के ठाकुरगंज कैम्पबेल रोड पर शराब पीने से मना करने पर वकील अशोक चौरसिया ने पत्नी पुष्पा चौरसिया (42) की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात मंगलवार दोपहर में हुई। गोली चलने की आवाज सुन कर बच्चे बरामदे में पहुंचे जहां पुष्पा खून से लथपथ मिली। मां की हालत देख बेटी आद्या ने बिलखते हुए कहा कि पापा को कभी माफ नहीं करेंगे। उसके यह शब्द सुन कर पड़ोसियों की आंखे भी नम हो गईं। कह रही थी कि पापा नशे में होने के बाद हम लोगों को पीटते थे। मां ही थी जो हमारी ढाल बन कर सामने आ जाती थी। वह पापा के जुल्म सहने को विवश थी। अब तो मां भी नहीं रही। अब कौन सहारा देगा।




अशोक वहीं अपनी लाइसेंसी बन्दूक लिए खड़ा था। वह बच्चों को धमकाने लगा। इस बीच मंझले बेटे ने ही पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना दे दी। पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया। उधर पड़ोसियों की मदद से पुष्पा को ट्रॉमा सेन्टर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।




गोविंदपुरम निवासी अशोक चौरसिया हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। प्रैक्टिस सही नहीं चलने के कारण अशोक ने वकालत छोड़ दी थी। मौजूदा वक्त में वह ईंट सप्लाई कर रहा था। परिवार में पत्नी पुष्पा, अर्पित (19) और बेटी आद्या (15) हैं। बड़ा बेटा अभय (22) दिल्ली में रह कर पढ़ाई करने के साथ ही निजी कम्पनी में नौकरी करता है। अशोक शराब पीने का आदी है। नशे में धुत होने के बाद वह कई बार पत्नी और बच्चों की पिटाई कर चुका है।



बिल्डिंग निर्माण सामग्री सप्लाई करने वाला अशोक चौरसिया शराब का लती है। मंगलवार सुबह नींद खुलने के थोड़ी देर बाद ही वह शराब की बोतल लेकर बैठ गया था। पत्नी पुष्पा ने कई बार शराब नहीं पीने के लिए कहा। यह बात अशोक को नागवार गुजरी।




उसने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से पत्नी के सीने में गोली मार दी। वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। पुष्पा की चीख और गोली सुनने की आवाज से पड़ोसी भी दहशत में आ गए। मकान में घुसने पर पुष्पा खून से लथपथ दर्द से कराह रही थी। बेटा अर्पित और बेटी आद्या मां को संभाल रहे थे। पड़ोसियों की मदद से पुष्पा को ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहा  डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।




अशोक के पिता भृगुनाथ चौरसिया ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से अशोक और दूसरी पत्नी फूलमती से बेटा आनन्द हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच बातचीत नहीं होती है। आनन्द मां के साथ निचले हिस्से में रहता है। अशोक का परिवार पहली मंजिल पर रहता है। आवाज सुन कर आनन्द भाग कर ऊपरी मंजिल की तरफ गए।

उत्तर प्रदेश 11 आईएएस व 11 पीसीएस अधिकारियों का हुआ तबादला


 उत्तर प्रदेश 11 आईएएस व 11 पीसीएस अधिकारियों का हुआ तबादला




लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया है। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को 11 आईएएस व 11 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई तैनाती दी है।




 अंबेडकरनगर, रामपुर, बिजनौर के मुख्य विकास अधिकारी और फिरोजाबाद व सहारनपुर के नगर आयुक्त बदले गए हैं।




प्रेम प्रकाश मीणा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंदौली से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा कानपुर नगर, प्रेरणा शर्मा नगर आयुक्त फिरोजाबाद से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा, धनश्याम मीना सीडीओ अंबेडकरनगर से नगर आयुक्त फिरोजाबाद के पद पर भेजे गए हैं।



सुधीर कुमार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बांदा से सीडीओ अंबेडकरनगर, ज्ञानेंद्र सिंह नगर आयुक्त सहारनपुर से संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम शहरी बनाए गए हैं। गजल भारद्वाज सीडीओ रामपुर से नगर आयुक्त सहारनपुर, नंद किशोर कलाल ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वाराणसी से सीडीओ रामपुर, पूर्ण वोहरा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुशीनगर से सीडीओ बिजनौर बनाए गए हैं।




 महेंद्र प्रसाद सचिव विकास प्राधिकरण मुजफ्फरनगर से अपर आयक्त मेरठ मंडल, अनिल कुमार सचिव नेडा व विशेष सचिव ऊर्जा विभाग से प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश  अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लखनऊ, खेमपाल सिंह एडीएम नगर पूर्वी लखनऊ से अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक प्रशासन सहकारित बनाए गए हैं।




पीसीएस अधिकारियों में अमर पाल सिंह एडीएम (प्रशासन) लखनऊ से अपर आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा, देवेंद्र पाल सिंह एसडीएम मथुरा से सचिव खुर्जा विकास प्राधिकरण बुलंदशहर, नीलम उप आवास आयुक्त लखनऊ से सचिव नेडा, राजेश कुमार संयुक्त आयुक्त ग्राम विकास से अपर आयुक्त आगरा मंडल, प्रियंका एसडीएम भदोही स्थानांतरणाधीन एडीएम (न्यायिक) अंबेडकरनगर से एडीएम (न्यायिक) बुलंदशहर बनाई गई हैं।



बृजेश कुमार त्रिपाठी एसडीएम लखनऊ से ट्रांसफर सिटी मजिस्ट्रेट झांसी किया गया तबादला रद्द करते हुए सहायक राज्य संपत्ति अधिकारी लखनऊ बनाया गया है।


 राजीव कुमार राय एसडीएम वाराणसी से सिटी मजिस्ट्रेट झांसी, अमित कुमार द्वितीय सिटी मजिस्ट्रेट बदायूं से एडीएम (नगर पूर्वी) लखनऊ बनाए गए हैं। बृजेश कुमार सिंह एसडीएम शामली से सिटी मजिस्ट्रेट बदायूं, शुभी काकन एसडीएम लखनऊ से उप आवास आयुक्त आवास विकास परिषद लखनऊ और कामता प्रसाद सिंह सीडीओ बिजनौर से विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग बनाए गए हैं।