Saturday, 28 May 2022

कानपुर क्राइम ब्रांच के सात सिपाही लाइन हाजिर, एसटीएफ बन कर के करते थे वसूली


 कानपुर क्राइम ब्रांच के सात सिपाही लाइन हाजिर, एसटीएफ बन कर के करते थे वसूली



उत्तर प्रदेश कानपुर एसटीएफ बन दबिश देकर वसूली करने के मामले में क्राइम ब्रांच में तैनात रहे सात पुलिस कर्मियों को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने शुक्रवार देर रात लाइन हाजिर कर दिया है।



 वहीं एक एसआई समेत सात सिपाहियों को थानों, ट्रैफिक पुलिस और डायल-112 में तैनाती मिली है। लंबे समय से क्राइम ब्रांच में तैनात पुलिस कर्मियों का नया खेल उजागर हुआ जिसमें ये पुलिसकर्मी शहर में अलग-अलग जगह दबिश देकर जब लोगों को उठाते हैं तो खुद को एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) से बताते थे। पिछले कुछ दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं इसका खुलासा तब हुआ जब उठाए गए लोगों के परिजनों ने एसटीएफ से संपर्क किया खुद एसटीएफ अफसर भी इससे परेशान थे। 



आमतौर पर एसटीएफ बड़े गुडवर्क करती है जिससे अपराधियों व और आम लोगों में पुलिस से ज्यादा एसटीएफ का खौफ रहता है इसी का क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मियों ने फायदा उठाया। मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए एसआई शुभम यादव, हेडकांस्टेबल शमशाद अली, शिववीर सिंह, रवि कुमार, सिपाही लाखन सिंह, अंकुर भदौरिया व देवांश सिरोही को लाइन हाजिर किया है। 



वहीं थाना सीसामऊ से एसआई विक्रम सिंह को अपराध शाखा, चकेरी से हेडकांस्टेबल विनोद कुमार, कर्नलगंज से प्रदीप सिंह, स्वरूप नगर से शीतांश को अपराध शाखा भेजा है।

लखनऊ एक युवती से शादी करने पर अड़े सगे भाई तैयारी में जुटी दुल्हन अब तक अनजान


 लखनऊ एक युवती से शादी करने पर अड़े सगे भाई


तैयारी में जुटी दुल्हन अब तक अनजान



लखनऊ दिल्ली से उत्तर प्रदेश के एक गांव में अजब मामला सामने आया है। यहां पर एक युवती से शादी के चक्कर में दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई। दोनों के बीच हुई मारपीट एक युवती के कारण हुई है, जिससे दोनों ही शादी करना चाहते हैं। 


जानकारी के अनुसार दरअसल, युवती का रिश्ता एक भाई से हुआ है, लेकिन दूसरा भाई उस युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ है। दोनों के बीच मारपीट होने की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



एक गांव निवासी दो भाइयों की आयु 35 और 37 वर्ष हो गई है। काफी प्रयास के बाद भी उनकी शादी नहीं हो पा रही है। बताया गया है कि गत दिनों बरेली के एक गांव से कुछ लोग बड़े भाई को देखने के लिए आए थे। इस दौरान वह बड़े भाई को पसंद कर गए। जिसके बाद लड़का पक्ष भी लड़की पक्ष के घर जाकर लड़की को पसंद कर रिश्ता तय कर आया। आने वाले नवंबर माह में दोनों की शादी होनी तय हुई, लेकिन इस बीच युवक के छोटे भाई ने युवती के घर का नंबर लेकर फोन पर वार्ता करनी शुरू कर दी। दोनों के बीच वार्ता होने की जानकारी बड़े भाई को हुई तो उसने इसका विरोध किया। जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।




 इस पर दोनों भाइयों का स्वजन ने समझौता करा दिया, लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों भाई एक ही लड़की से शादी करने की बात पर फिर से अड़ गए हैं। हालांकि, अभी तक इसकी जानकारी लड़की पक्ष को नहीं दी गई है। मामले की जानकारी डायल 112 पर पुलिस को फोन कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।




 इस संबंध में सीओ पवन कुमार का कहना है कि थाना पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर संबंधित कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ एक साथ 500 सिपाहियों का हुआ तबादला


 मेरठ एक साथ 500 सिपाहियों का हुआ तबादला



उत्तर प्रदेश मेरठ भ्रष्टाचार-लापरवाही और वसूली की शिकायतों के चलते एसएसपी ने यूपी 112 पर डंडा चलाया है। एसएसपी ने 500 पुलिसकर्मियों का एक साथ ट्रांसफर कर दिया है। 



लंबे समय से एक ही इलाके में जमा पुलिसकर्मियों का कोकस तोड़ने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की जगह बदल दी गई है। साथ ही कई मामलों में गोपनीय जांच भी कराई जा रही है।



पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों की शिकायत के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने व्हाट्सएप नंबर जारी किया था। इस व्हाट्सएप नंबर पर एसएसपी के पास पिछले कुछ समय से यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों की शिकायतें पहुंच रही थी। कई शिकायतों में आरोप लगाया गया कि यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मी अवैध गतिविधियों को अंजाम दिलाते हैं। भ्रष्टाचार की शिकायतें भी की जा रही थी।



एसएसपी ने मामले में जांच कराई तो खुलासा हुआ कि कई पुलिसकर्मी 5-6 साल से एक ही रूट पर जमे हुए हैं और अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। शिकायतों के आधार पर एसएसपी ने एक साथ 500 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर कर दिया है। 



यूपी 112 में तैनात दरोगा, सिपाही, हेड कांस्टेबल और होमगार्ड को एक जगह से दूसरी जगह पर भेजा गया है। साथ ही गोपनीय जांच भी शुरू करा दी गई है। जल्द ही मामले में दोबारा बड़ी कार्रवाई की जाएगी।




मेरठ के एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा, 'कुछ समय से यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों की शिकायतें मिल रही थीं। जांच कराई तो पता चला कि कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही इलाके में जमे हुए हैं और अवैध गतिविधियों को अंजाम दिलाते हैं। फिलहाल सभी पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर कर दिए गए हैं और जांच कराई जा रही है।'

Friday, 27 May 2022

मेरठ भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है थाना प्रभारी ने थाने के बाहर लगाया पोस्टर


 भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है


थाना प्रभारी ने थाने के बाहर लगाया पोस्टर



लखनऊ उत्तर प्रदेश में विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मौजूदार बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में वार-पलटवार का सिलसिला लगातार जारी है। 



जानकारी के अनुसार वहीं शुक्रवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर एक ट्वीट करते हुए तगड़ा हमला बोला है। अखिलेश ने ट्वीट करते हुए बीजेपी सरकार के मजे लिए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेरठ के मेडिकल थाने की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा कि ऐसा पहली बार हुआ है इन पाँच-छह सालों में सत्तापक्ष के लोगों का आना मना हुआ थानों में ये है उत्तर प्रदेश  की भाजपा सरकार का बुलंद इक़बाल!



 अखिलेश ने मेरठ के मेडिकल थाने की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। तस्वीर में थाने में एक पोस्टर लगा हुआ है, जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में आना मना है लिखा हुआ है। पोस्टर में आगे थाना प्रभार संतशरण सिंह का नाम लिखा हुआ है।

आजमगढ़ तरवां सड़क हादसे में घायल महिला की हुई मौत


 आजमगढ़ तरवां सड़क हादसे में घायल महिला की हुई मौत 




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ तरवां थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से घायल महिला ने गुरुवार की शाम ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया।




 तरवां थाना क्षेत्र के सिंगापुर ग्राम निवासी 40 वर्षीय बेचनी देवी पत्नी अशोक दो दिन पूर्व अपने पति के साथ बाजार से घर लौटते समय खरिहानी बाजार के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गई। घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 



उपचाराधीन महिला ने गुरुवार की शाम दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आजमगढ़ 730 स्कूली वाहनों के पंजीयन होंगे रद्द


 आजमगढ़ 730 स्कूली वाहनों के पंजीयन होंगे रद्द



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन खटारा वाहनों के साथ ही यातायात नियमों के पालन कराने को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसके लिए संभागीय परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई स्कूल बस दुर्घटना के बाद सख्त हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों की खोज खबर लेनी शुरू कर दी। 




जांच के दौरान हैरान कर देने वाली यह बात सामने आई कि जनपद में कुल 730 स्कूल वाहन बीते 15 साल से अनफिट चल रहे हैं। आरटीओ विभाग द्वारा अनफिट स्कूल वाहनों की सूची तैयार करा कर संबंधित विद्यालयों को नोटिस भेजी गई है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन भी चुप्पी साधे हुए हैं। नतीजा आरटीओ विभाग द्वारा अब स्कूली वाहनों का पंजीयन रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रायबरेली हिस्ट्रीशीटर की गोली लगने से मौत गंभीर रूप से घायल मिली प्रेमिका; जांच में जुटी पुलिस


 रायबरेली हिस्ट्रीशीटर की गोली लगने से मौत


गंभीर रूप से घायल मिली प्रेमिका; जांच में जुटी पुलिस





उत्तर प्रदेश रायबरेली लालगंज में गुरुवार की रात हिस्ट्रीशीटर की गोली लगने से मौत हो गई। उसकी प्रेमिका भी अपने घर की छत पर गंभीर दशा में पड़ी मिली है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।



 चंद्रिका बख्श का पुरवा मजरे अम्बारा पश्चिम निवासी नरेंद्र यादव उर्फ मोदी पुत्र दिनेश यादव ने अपनी मां सावित्री को रात लगभग  2.18 बजे फोन कर कहा कि वह गांव के बाहर स्थित ट्यूबवेल पर आ जाए। उसकी मां ट्यूबेल पर पहुंची तो देखा कि नरेंद्र वहा मृत पड़ा था। उसके सिर में गोली लगी थी। शव के पास में 315 बोर का तमंचा भी मिला है।



मामले की जानकारी पर पुलिस वहां पहुंची और जानकारी ली। इसी बीच उसी गांव के उमाशंकर यादव की पुत्री अंजली घर की छत पर गंभीर दशा में पड़ी मिली। पिता उमा शंकर यादव का कहना है कि अंजली आधी रात तक परिवार जन के साथ घर में नीचे ही थी। वह छत पर कब पहुंच गई, किसी को पता नहीं । सुबह जब उसकी मां अंजली को जगाने पहुंची तो छत पर खून फैला देखा। वहीं पास में अंजली मरणासन्न पड़ी थी। सीओ महिपाल पाठक ने पूछताछ की तो पता चला कि नरेंद्र से अंजली का प्रेम प्रसंग था। नरेंद्र के विरुद्ध लालगंज कोतवाली में चोरी व लूट आदि के चार केस दर्ज है, जिसके चलते पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। 




वर्तमान में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी, जिसके चलते नरेंद्र हरियाणा में रहता था। कहा जा रहा है कि वह रात में ही घर आया था और पहले अपनी प्रेमिका से मिलने चला गया जहां छत पर पानी की बोतल व गुझिया पड़ी मिली।




वहीं किसी बात को लेकर उसका अंजली से विवाद हुआ होगा, जिसके चलते उसने अंजली को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बेहोशी की दशा में होने के चलते अंजली घटना से संबंधित कोई जानकारी नहीं दे सकी। उसका दाहिना कान बुरी तरह से चोटिल है। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नरेंद्र ने रात में अपनी मां को फोन कर कहा था कि व ट्यूबेल पर आ जाए, उसके पास समय नहीं है। जब तक उसकी मां वहां पहुंचती, गोली चलने की आवाज आई। नरेंद्र के शव के पास 315 बोर का तमंचा पड़ा था।



 उसकी कनपटी का दाहिना हिस्सा गोली लगने की वजह से क्षतिग्रस्त था। तलाशी लेने पर उसके पैंट की जेब में तीन कारतूस और मिले हैं। दूसरी ओर अंजली को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर किया है।



 क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक ने बताया कि पिता दिनेश यादव ने नरेंद्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की तहरीर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।