Monday, 17 June 2024

आजमगढ़ मुबारकपुर कुर्बानी का अपशिष्ठ बहाने को लेकर हुई चाकूबाजी दोनों पक्षों से 3 लोग हुए घायल


 आजमगढ़ मुबारकपुर कुर्बानी का अपशिष्ठ बहाने को लेकर हुई चाकूबाजी


दोनों पक्षों से 3 लोग हुए घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पूरासोफी मोहल्ले में सोमवार की सुबह कुर्बानी का अपशिष्ट (खून) बहाने को लेकर दो पक्षों में चाकूबाजी हो गई। जिसमें दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और घायलों को नजदीकी सीएचसी ले जाया गया। जहां सभी की हालत गंभीर होते देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। 


पूरासोफी निवासी सऊद और फजले रवि, सोमवार की सुबह घर के सामने नाली की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान रिश्ते के चाचा रिजवान के घर कुर्बानी के बाद पशु का का खून बहाया जा रहा था। इस दौरान सऊद और फजले ने विरोध करते हुए खून बहाने के लिए मना किया और गड्ढा में बहाने को कहा तो इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ गई कि दोनों तरफ से ईंट व लाठी चलने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोगों ने चाकू लेकर एक दूसरे को मारने की नीयत से दौड़ा लिया। 


इस दौरान एक पक्ष से फदल रवि, मो.सऊद तो दूसरे पक्ष से मो.कैफ घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई।

बरेली गलत नजरों से देखते हैं इंस्पेक्टर महिला सिपाही ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के लिए पॉश कमेटी गठित


 बरेली गलत नजरों से देखते हैं इंस्पेक्टर


महिला सिपाही ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के लिए पॉश कमेटी गठित



उत्तर प्रदेश बरेली में तैनात महिला सिपाही ने किला थाने के इंस्पेक्टर पर गलत निगाहों से देखने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला सिपाही ने एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने मामले की जांच पॉश कमेटी को सौंपी है। महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर किला हरेंद्र सिंह पर गलत तरीके से देखने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। शिकायत के बाद एसएसपी ने महिला को थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया। इसके साथ ही जांच पॉश कमेटी को दे दी। बता दें इस तरह के मामलों की जांच के लिए एसएसपी ने पॉश कमेटी गठित की है। मिली जानकारी के अनुसार कमेटी की अध्यक्ष सीओ मीरगंज डॉ. दीपशिखा हैं। डॉ. दीपशिखा पर भी भ्रष्टाचार के मामले में जांच चल रही है।


 कमेटी शनिवार को किला थाने पहुंची और महिला सिपाही के साथ ही अन्य उसकी साथी महिला सिपाहियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद कमेटी की बैठक भी की। इधर, किला थाने के इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला सिपाही की तैनाती शहर के एक कार्यालय में थी। वह पिछले करीब एक साल से ज्यादा समय से किला थाने से अटैच चल रही है। महिला सिपाही अपने मूल तैनाती स्थल पर वापस जाना चाहती है। लोकसभा चुनाव के दौरान बीती 13 से 17 मई 2024 को उन्होंने महिला सिपाही की बैंक ड्यूटी लगाई थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं गई। इस पर उन्होंने जीडी में तस्करा डालकर महिला सिपाही की गैरहाजिरी दर्ज करा दी। अब इस मामले में महिला सिपाही का जवाब-तलब चल रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला सिपाही के पति भी दरोगा हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि महिला सिपाही ने शिकायत की थी। पॉश कमेटी को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

जालौन हेड कांस्टेबल ने चाकू से गर्दन रेत कर की खुदकुशी पहले फंदा लगाने का किया था प्रयास


 जालौन हेड कांस्टेबल ने चाकू से गर्दन रेत कर की खुदकुशी



पहले फंदा लगाने का किया था प्रयास



उत्तर प्रदेश जालौन जिले के थाना कैलिया में तैनात हेड कांस्टेबल ने सरकारी आवास में चाकू से अपनी गर्दन रेत कर आत्महत्या कर ली। पुलिस अफसरों के मुताबिक परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। मूल रूप से कन्नौज जिले के सरायमीणा निवासी वीरेंद्र सिंह (48) कानपुर के बारादेवी में परिवार के साथ रहते थे। वह 1995 बैच के सिपाही थे और कैलिया थाने में अप्रैल-2023 से तैनात थे।


 शनिवार की दोपहर ड्यूटी करने के बाद वीरेंद्र ने देर शाम कस्बे में निकाले गए मार्च में हिस्सा लिया। यहां से लौटने के बाद वह थाना परिसर में बने सरकारी आवास में चले गए। रविवार सुबह करीब आठ बजे आवास के पास ही निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे मजदूर ने सरकारी आवास में जमीन पर खून पड़ा देखकर थाने में सूचना दी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार बैस मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। चौकीदार की मदद से दरवाजा खुलवाया तो देखा वीरेंद्र सिंह खून से लथपथ पड़े थे। गर्दन पर गहरा जख्म था। सूचना पर एसपी डॉ. ईराज राजा, एएसपी असीम चौधरी और सीओ उमेश कुमार पांडे मौके पर पहुंचे।


 अफसरों ने देखा कि कमरे में पंखे के सहारे रस्सी लटक रही थी और रस्सी का एक हिस्सा वीरेंद्र सिंह की गर्दन में फंदे के रूप में लिपटा था, लेकिन रस्सी टूटी हुई थी। एसपी के मुताबिक वीरेंद्र सिंह ने पहले फंदा लगाने की कोशिश की होगी, लेकिन रस्सी बीच से टूट गई तो उसने घरेलू चाकू से गर्दन काट ली। सूचना पर पहुंचे मृतक के दो पुत्र अभिषेक, कृष्णपाल, पुत्री नेहा सिंह व पत्नी बवलेश सिंह बेहाल रहे। एसपी का कहना है कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। कानपुर की टीम को भी बुलाया गया है।

Sunday, 16 June 2024

आजमगढ़ जीयनपुर सिपाही को इंस्टाग्राम पर रील बनाना पड़ा भारी पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन हाजिर


 आजमगढ़ जीयनपुर सिपाही को इंस्टाग्राम पर रील बनाना पड़ा भारी


पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन हाजिर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले में रील बनाने वालों की कमी नहीं है. पुलिस में भर्ती नए सिपाही भी सोशल मीडिया के इस ट्रेंड से खुद को दूर नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे ही एक सिपाही ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक रील बनाकर पोस्ट कर दिया. मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी अनुराग आर्य ने उसे लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है।


जीयनपुर कोतवाली में तैनात विकास यादव पर रील बनाने का ऐसा भूत सवार हुआ कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया नियमों को भी भूल गया. उसका एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया है. जिसमें वह अपने साथी सिपाहियों के साथ बैठकर बड़े ही मजे से रील बना रहा है. रील बनाने के बाद सिपाही विकास यादव इस रील को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जैसे ही इस वायरल वीडियो की जानकारी एसपी अनुराग आर्य को हुई उनके द्वारा तत्काल विकास यादव को लाइन हाजिर करते हुए उसके खिलाफ विभागीय जांच करने का आदेश भी दे दिया गया।



एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि विकास यादव का यह कृत्य उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया नियमोंन के विरुद्ध है, जिसके लिए उसे लाइन करते हुए उसके खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया गया है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में इंस्टाग्राम पर रील बनाना एक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया. एसपी तक जब ये वीडियो पहुंचा तो उन्होंने उसके खिलाफ एक्शन लिया है. इतना ही नहीं, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई का भी आदेश जारी हुआ है।

आजमगढ़ पवई महिला को पिकअप ने मारी टक्कर, हादसे में मौके पर हुई मौत


 आजमगढ़ पवई महिला को पिकअप ने मारी टक्कर, हादसे में मौके पर हुई मौत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पवई थाना क्षेत्र के सिकंदर पट्टी गांव के समीप रविवार की सुबह शौच के लिए निकली महिला को पिकअप ने टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौत हो गई। वहीं चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मुताबिक कानपुर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के रनियापुर गांव निवासी सीटू (26) पत्नी कमल पवई थाना क्षेत्र के सिकंदर पट्टी बाजार में किराये के मकान में रहती थी। रोज की तरह रविवार की सुबह में शौच के लिए घर से निकली थी। 


वापस लौटते समय तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बताया की मृतका व उसका पति लगभग छह माह से किराये के मकान में रह कर फेरी कर सामान बेचने का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो बच्चे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मेरठ जालिम पत्नी हाथ-पैर बांधकर पति का प्राइवेट पार्ट काटने को दौड़ी पीड़ित ने रोते हुए पुलिस को बताई आपबीती


 मेरठ जालिम पत्नी हाथ-पैर बांधकर पति का प्राइवेट पार्ट काटने को दौड़ी


पीड़ित ने रोते हुए पुलिस को बताई आपबीती



उत्तर प्रदेश मेरठ के लोहियानगर के रहने वाले युवक की शादी ज्वालापुर हरिद्वार की रहने वाली लड़की से छह साल पहले हुई थी। पति ने थाने पहुंचकर पत्नी पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पत्नी ने पति के हाथ-पैर बांधे और उसके प्राइवेट पार्ट को काटने की कोशिश की। पत्नी ने धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी, उसके मायके में जाकर घरजमाई बनकर नहीं रहा तो वह प्राइवेट पार्ट काट देगी।


 रोते हुए पीड़ित पति ने पूरी बात पुलिस को बताई। पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ने बताया कि वह जाहिदपुर बुढेरा का रहने वाला है। उसकी शादी ज्वालापुर हरिद्वार की रहने वाली लड़की से छह साल पहले हुई थी। उसका परिवार यहां मेरठ में रहता है, लेकिन वो काम के सिलसिले में अक्सर असम में रहता है। माता-पिता से झगड़ा करने लगी तो वो घर छोड़ गए युवक ने लोहियानगर थाने में पत्नी, सास, ससुर, साला, साली के खिलाफ तहरीर दी है।


 पीड़ित ने बताया कि पत्नी उस पर जुल्म ढहाती है। वो मेरे बुजुर्ग माता-पिता से झगड़ा करती है। इसलिए मेरे माता, पिता, भाई मेरा घर छोड़कर अलग रहने लगे हैं। लेकिन, अब भी पत्नी मुझसे खुश नहीं है। वो चाहती है कि मैं मेरठ छोड़कर ज्वालापुर में उसके घर जाकर रहूं। मेरे ससुराल वाले, साला, साली और पत्नी बार-बार मुझ पर घरजमाई बन कर रहने का दबाव बना रहे हैं। पंचायत ने उसे समझाया और किसी तरह सुलह कराई। इसके बाद भी वो नहीं सुधरी। 


पति ने पुलिस को रिकार्डिंग और सबूत भी सौंपा है, जिसमें पत्नी धमकी दे रही है। उधर, सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि थाना प्रभारी को जांच कर कारवाई के आदेश दिए गए है।

Saturday, 15 June 2024

आजमगढ़ संबंधों के बीच यह दुनिया छूटेगी एक दिन सारी जिंदगी ही रुठेगी मासिक कवि गोष्ठी का किया गया आयोजन


 आजमगढ़ संबंधों के बीच यह दुनिया छूटेगी एक दिन सारी जिंदगी ही रुठेगी


मासिक कवि गोष्ठी का किया गया आयोजन



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ उत्तर प्रदेश साहित्य सभा आजमगढ़ के तत्वावधान में जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार जगदीश प्रसाद बरनवाल कुंद के आवास पर मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार जगदीश प्रसाद बरनवाल कुंद ने किया तथा मुख्य अतिथि डॉक्टर प्रवेश सिंह विभागाध्यक्ष हिंदी विभाग दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंदेश्वर आजमगढ़ तथा विशिष्ट अतिथि संजय कुमार पांडे सरस मंडल संयोजक उत्तर प्रदेश साहित्य सभा आजमगढ़ थे।


 कार्यक्रम का आरंभ संतोष पांडे के सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात सरोज यादव ने अपने मधुर स्वर से आजमगढ़ की महिमा को बताते हुए बहुत ही सुंदर गीत प्रस्तुत किया। कवि घनश्याम यादव ने ‘संबंधों के बीच यह दुनिया छूटेगी एक दिन सारी जिंदगी ही रुठेगी। सुन कर क्षणभंगुर जीवन से सबको आगाह किया।


 शालिनी राय ने जीवन के सबसे करीबी साथी को अपने पत्र के माध्यम से कुछ संदेश प्रेषित करके कुछ इस तरह से कहा प्रिय लिखूं या मित्र या पतिदेव संघाती लिखूं, जी करें कि आज तुमको प्रेम की पाती लिखूं। वरिष्ठ कवि दिनेश श्रीवास्तव ने अंधेरी सूनी रातों में पपीहरा बोलता है विरह की वेदना के द्वार कोई खोलता है। ने सुना कर कवि गोष्ठी को एक नई ऊंचाई प्रदान की। संतोष पांडे ने अपनी रचना शब्द भावों को सदा मिलते नहीं नागफनियों पर कमल खिलते नहीं। सुना कर जगत के वास्तविकता से सबको रूबरू कराया। स्नेहलता राय ने आदर्श की राह में प्यारे ख़ार बहुत हैं जीत मिलेगी उससे पहले हार बहुत है। सुना कर सकारात्मक सोच के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रसिद्ध गजल कर आशा सिंह ने शब्दों के लेकर धागे कुछ गीत बुन रही हूं हर साक्ष्य हो सुरक्षित यह युक्ति गुन रही हूं। सुन कर कवि गोष्ठी के माहौल को संजीदा कर दिया। 


उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के मंडल संयोजक, कवि, पत्रकार संजय कुमार पांडे सरस ने आज इस देश में माहौल बनाना होगा आग लगने की जगह फूल खिलाना होगा। सुना कर वातावरण को भाईचारगी के विचारों से ओतप्रोत कर दिया। नव रचनाकार मृणाल बरनवाल ने दोस्तों पर अपनी भावांजलि प्रस्तुत करते हुए एक रोचक कविता का काव्य पाठ किया। कार्यक्रम के संचालक एवं संस्था के अध्यक्ष विजयेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव करुण ने फंस गए दृग मोह के कंचन हिरन में, लिख रहा था कुछ विधाता इस चयन में। सुना कर कवि गोष्ठी में समा बांध दिया। 


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉक्टर प्रवेश सिंह ने अपने उद्बोधन में इस कवि गोष्ठी की भूरी भूरी प्रशंसा की तथा कहा कि कवि गोष्ठी से समाज के उत्थान का राह प्रशस्त होता है। अंत में कार्यक्रम के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बरनवाल कुंद ने अपनी रचना कुंठा की तोड़ हर दीवार, जाना प्रतिबंधों के पार, रुठी सी लगती क्यों कल्पना, इसको भी कर लें साकार। सुना करके कवि गोष्ठी को पूर्णता प्रदान कर दिया। इस अवसर पर प्रभात कुमार बरनवाल एडवोकेट ने आए हुए सभी कवि एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।