Sunday, 23 June 2024

आजमगढ़ गंभीरपुर मामूली विवाद में 2 पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम


 आजमगढ़ गंभीरपुर मामूली विवाद में 2 पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट


घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गंभीरपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव में शनिवार की रात शौच करने को लेकर दो पक्ष में मारपीट हो गई। जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई।


 शनिवार की रात महंगूपुर गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ रामवृक्ष अपने घर के बगल में पेशाब कर रहा था। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद होने पर वीरेंद्र उर्फ रामवृक्ष को चंद्रशेखर व उनके लोगों ने लाठी, डंडे व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।


 मारपीट की घटना में प्रद्युम्न कुमार (24) पुत्र रामवृक्ष, विरेंद्र उर्फ रामवृक्ष (55) पुत्र तेरस, दीपक (18) पुत्र रामवृक्ष, राजेंद्र (60) पुत्र तेरस को मारपीट कर घायल कर दिया। आनन फानन सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रद्युम्न की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। रविवार की सुबह इलाज के दौरान प्रद्युम्न की मौत हो गई।


 लोगों की मानें तो दोनों परिवारों में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इस मामले में मृतक के बड़े पिता सुरेंद्र ने अपने ही पटीदार मनोज, राजू, चंद्रशेखर, मोहित, सोहित तथा चंदन के खिलाफ गंभीरपुर थाने में नामजद तहरीर दिया है।

आजमगढ़ मुबारकपुर ट्रैक्टर से टकराई मोटर साइकिल, 2 की हुई मौत , एक गंभीर रूप से घायल मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर घटी घटना


 आजमगढ़ मुबारकपुर ट्रैक्टर से टकराई मोटर साइकिल, 2 की हुई मौत , एक गंभीर रूप से घायल 



मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर घटी घटना




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे बने सर्विस रोड पर शनिवार को रात लगभग 8.30 बजे ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की आमने सामने टक्कर हो जाने के कारण बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल सदर में भर्ती कराया गया।


 कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मोजरापुर निवासी दीपक 20 वर्ष पुत्र जयप्रकाश, विजय कुमार 21 वर्ष पुत्र सुबेदार एक मोटर साइकिल से और शुभम 22 वर्ष पुत्र जयराम दूसरी मोटर साइकिल पर अकेले था तीनों साथ घर से सठियांव जा रहे थे। सठियांव पहुंचने से पहले बम्हौर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई, जिससे एक मोटर साइकिल पर सवार दीपक व विजय कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मोटर साइकिल सवार अकेला शुभम घायल हो गया।


 घटना की सूचना पाकर मौके पर एसपी सीटी शैलेन्द्र लाल के साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार भी पुलिस दल बल के साथ पहुंचे, घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर सड़क हादसे में जान गंवा बैठे दीपक और विजय कुमार के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस ट्रैक्टर ट्राली को लेकर मुबारकपुर थाना ले आई।

कानपुर यूपी पुलिस का डिप्टी एसपी बना सिपाही होटल के कमरे में पकड़े गए थे महिला कांस्टेबल के साथ


 कानपुर यूपी पुलिस का डिप्टी एसपी बना सिपाही



होटल के कमरे में पकड़े गए थे महिला कांस्टेबल के साथ



उत्तर प्रदेश कानपुर के एक होटल में महिला सिपाही के साथ पहले पकड़े गए सीओ कृपाशंकर कन्नौजिया को जांच में दोषी पाए जाने पर पदावनत कर फिर सिपाही बना दिया गया। 


सिपाही से प्रमोशन पाकर ही उन्होंने सीओ तक का सफर तय किया था। जांच के दौरान ही सीओ कन्नौजिया को 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर ट्रांसफर किया गया था। उन्हें उनके मूल पद (आरक्षी) पर कर तैनात किए जाने की पुष्टि पीएसी कमांडेंट ने की है। कृपाशंकर मूलरूप से देवरिया के निवासी हैं। घटना जुलाई 2021 की है। उन्नाव जिले की बीघापुर सर्किल में डीएसपी के पद पर तैनात कृपाशंकर कन्नौजिया कानपुर में एक महिला सिपाही के साथ होटल में पकड़े गए थे। इस घटना से पुलिस की छवि गिरी थी लिहाजा प्रदेश शासन ने मामले का संज्ञान लिया था। उनकी चार्ज वापस ले लिया गया था और पुलिस कार्यालय से संबद्ध किया गया था। पुलिस महानिदेशक ने निलंबित करने की संस्तुति की थी। 


प्रकरण की जांच के बाद अब उन्हें शासन ने मूल पद आरक्षी पर पदावनत कर दिया। 26वीं वाहिनी के एक दल में नियुक्त किया गया है। संभवतः यह पहला मामला है जब किसी पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) को पदावनत कर सिपाही बना दिया गया हो। तीन साल पहले बीघापुर सर्किल के सीओ रहे कृपाशंकर कनौजिया को महिला सिपाही से आशिकी ले डूबी। उन्होंने विभाग ही नहीं पत्नी को भी धोखा दिया था और पत्नी को दिए धोखे की वजह से ही वह फंस गए। दरअसल 6 जुलाई 2021 को उन्होंने इलाज के लिए घर गोरखुपर जाने के लिए छुट्टी ली थी। पत्नी को बता भी दिया कि घर आ रहा हूं। लेकिन घर जाने की जगह वह एक महिला सिपाही को लेकर कानपुर में मालरोड स्थित होटल आ गए। अपने नाम से ही कमरा बुक किया और सिपाही के साथ ठहर गए। उन्होंने अपना सीयूजी और पर्सनल दोनों फोन बंद कर लिए।


 पत्नी ने कॉल की तो फोन बंद मिलते रहे। वह घबरा गईं और उन्होंने तत्कालीन एसपी उन्नाव आनंद कुलकर्णी को कॉल कर चिंता जताई। कहा कि मेरे पति ने अपराधियों पर बड़ी कार्रवाइयां की हैं। वह अक्सर अपनी हत्या की आशंका जताते हैं। उनके फोन बंद होने से मुझे डर लग रहा है। इस पर एसपी ने सर्विलांस सेल को लगाया। उनकी आखिरी लोकेशन माल रोड, कानपुर के एक होटल में मिली। उन्नाव और कानपुर पुलिस की संयुक्त टीम होटल पहुंची तो पता चला कि शाम पांच बजे से सीओ एक महिला के साथ कमरे में हैं। रूम बुकिंग में आईडी लगी थी। वह सीसीटीवी कैमरे में भी महिला सिपाही के साथ दिखे। तस्दीक के बाद कमरा नंबर 201 खटखटाया गया तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। होटल मैनेजर शिव कुमार को खुद जाना पड़ा। उन्होंने कमरा खुलवाया और सीओ को बताया कि नीचे पुलिस टीम मौजूद है। तब सीओ नीचे पहुंचे। उनसे कहा गया कि आपकी पत्नी बात करना चाहती हैं। इस भंडाफोड़ के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। इस मामले की जांच होने लगी।

Saturday, 22 June 2024

आजमगढ़ गन्ना बकाया को लेकर उप सभापति ने मुख्य सचिव को सौपा ज्ञापन सठियांव के परिक्षेत्र के गन्ना किसानों का 46 करोड़ रुपये है बकाया


 आजमगढ़ गन्ना बकाया को लेकर उप सभापति ने मुख्य सचिव को सौपा ज्ञापन


सठियांव के परिक्षेत्र के गन्ना किसानों का 46 करोड़ रुपये है बकाया



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गन्ना किसानों का करोड़ों रुपए बकाया जिसके भुगतान को लेकर चीनी मिल के उपसभापति पराग यादव ने शनिवार को मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर गन्ना बकाया को भुगतान कराने की मांग की है। सठियांव के मोहब्बतपुर गांव में आदर्श अमृत सरोवर का शनिवार को निरीक्षण करने प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र पहुंचे थे। 


निरीक्षण के दौरान ही वहां पर मुख्य सचिव से भेंटकर चीनी मिल सठियांव के उप सभापति पराग यादव ने गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराने से सम्बंधित एक पत्रक सौंपा मुख्य सचिव को दिये गये ज्ञापन में दर्शाया गया है कि चीनी मिल सठियांव के परिक्षेत्र के गन्ना किसानों का बकाया 46 करोड़ है। गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों का 1 फरवरी 2024 तक भुगतान कर दिया गया है। इसके बाद का बकाया अभी उधार  में लटका हुआ है।


 किसान का भुगतान न होने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो चाला है। ऐसे में किसान अपने बकाया को लेकर परेशान है। इसलिए उपसभापति ने ज्ञापन देकर मांग किया है कि गन्ना किसानों का भुगतान यथाशीघ्र किया जाये ताकि किसानों की समस्या से निजात मिले। इस सम्बन्ध मुख्य सचिव आश्वासन दिए कि जल्द ही भुगतान कराने की करवाई की जायेगी। ज्ञापन देने वालों में उपसभापति पराग यादव, सुबाष यादव आदि लोग शामिल थे।

आजमगढ़ जहानागंज में लगातार दूसरे दिन मुठभेड बैंक मित्र से लूट का आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार दूसरा फरार, पुलिस दे रही दबिश


 

आजमगढ़ जहानागंज में लगातार दूसरे दिन मुठभेड



बैंक मित्र से लूट का आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार


दूसरा फरार, पुलिस दे रही दबिश




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहानागंज थाना क्षेत्र में बैंक मित्र से हुई लूट में शामिल दो अपराधियों के साथ शनिवार की सुबह पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार इस घटना में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और दूसरा बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बदमाश के पास से लूट के 93 हजाार रुपये, असलहा और एक मोटर साइकिल को बरामद किया है।


 बताते चलें कि 02 जून 2024 को मेंहनगर थाना क्षेत्र के बछवल गांव निवासी प्रशांत पांडेय ने 02 जून 2024 को पुलिस को तहरीर दी कि वह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सिंहपुर शाखा में बैंक मित्र है। चक्रपानपुर बाजार में निधि पुस्तक भंडार के नाम से दुकान भी है। वादी अपनी दुकान बंद करके एकौना-हैदराबाद (सिसवा) रोड से घर जा रहा था कि कब्रिस्तान के पास तीन लड़कों ने रोका और असलहा सटाकर मोबाइल, गाड़ी की चाभी व बैग छीन लिए, जिसमें करीब तीन लाख रुपये नगद, दो डिवाइस मशीन, एक एटीएम, डिवाइस रजिस्टर, ड्रेस और बैंक के कुछ कागजात थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसकी विवेचना निरीक्षक अपराध सुरेंद्र कुमार दुबे द्वारा की जा रही है। विवेचना में दो अभियुक्तों विशाल यादव ग्राम सिसवां और आकाश शर्मा ग्राम चौबेपुर मटियवना का नाम प्रकाश में आया। इन दोनों को पुलिस ने पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


 इस प्रकार पुलिस ने इस मामले में 02 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही थी। शनिवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक जहानागंज कृष्ण कुमार गुप्ता को सूचना मिली कि बैंक मित्र से लूट के आरोपी ताड़ी मोड़ से धनहुंआ की ओर किसी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने मसीविर महुआ गांव के पास सुखी नहर के किनारे रोड पर ताड़ी से आने वाली वाहनों को चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में ताड़ी की तरफ से एक मोटर साइकिल पर सवार दो लड़के दिखाई दिए जो चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों को देखकर अपनी बाइक ग्लैमर को वापस मोड़ने का प्रयास करने लगे कि रोड पर दोनों लड़के बाइक फिसल जाने के कारण गिर गए।


 दोनों रोड के किनारे सुखी नहर में उतरकर पुलिस वालों पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में जहानागंज थाना क्षेत्र के चकिया भटौली गांव निवासी साजन तिवारी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने इसे हिरासत में ले लिया। जबकि उसका दूसरा साथी शैलेष यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

Friday, 21 June 2024

शामली विधवा से शादी कर उसकी जिंदगी से खेलता रहा दारोगा फिर दूसरी महिला ले आया, अब मोबाइल भी कर लिया बंद


 शामली विधवा से शादी कर उसकी जिंदगी से खेलता रहा दारोगा


फिर दूसरी महिला ले आया, अब मोबाइल भी कर लिया बंद



उत्तर प्रदेश के शामली से लव, सेक्स और धोखेबाजी का मामला सामने आया है। ये अपराध किसी और ने नहीं बल्कि यूपी पुलिस के एक दारोगा ने किया। शहर की रहने वाली एक महिला के पति का देहांत हो गया तो वह घर के खर्चे के लिए दिवाली पर सजावटी सामान बेचने लगी। इसी दौरान एक दारोगा की उस पर नजर पड़ गई। दारोगा ने उससे शादी का वादा किया। इस पर विधवा दारोगा के झांसे में आ गई। दारोगा ने हिंदू रीति-रिवाज से एक मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वह एक किराए के मकान में रहने लगा। कुछ समय रहने के बाद महिला मायके आ गई। लौटकर वापस गई तो पता चला कि वह मकान खाली करके चला गया। आसपास के लोगों ने बताया कि उसके जाने के बाद दारोगा एक और महिला को लेकर आया था। पीड़िता ने एसपी से शिकायत की है। एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंप दी है।


 शहर के मोहल्ला रेलपार निवासी युवती की शादी सहारनपुर जनपद के एक कस्बे में हुई थी। जिसके पति की चार साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद विधवा महिला शामली में अपने मायके में आकर रहने लगी, जिसने वर्ष 2023 में दीपावली के समय आजीविका के समय सजावटी सामान का ठिया लगाया था, जहां पर उसकी मुलाकात कोतवाली में तैनात एक दरोगा से हुई। महिला का आरोप है कि दरोगा उस पर शादी का दबाव बना रहा था। 


महिला का कहना है कि वह दरोगा की बातों में आ गई जिसके बाद दरोगा ने घर पर ही बने मंदिर के सामने गत 20 नवंबर 2023 को हिंदू रीति रिवाज के साथ शादी कर ली और दोनों पति पत्नी की तरह रेलपार स्थित एक किराये के मकान में रहने लगे और दरोगा जल्द ही कोर्ट मैरिज करने का आश्वासन देता रहा। महिला का कहना है कि 30 मई 2024 को वह अपने मायके गई थी तो जब वह वापस आई तो मकान खाली था और दरोगा घर का सारा सामान लेकर लापता था। महिला ने अपने पड़ोस के लोगों से जानकारी की तो पता चला कि दरोगा काफी दिन पहले सब सामान लेकर जा चुका है। जब महिला ने दरोगा के फोन पर कॉल की तो नंबर स्विच ऑफ जा रहा है। 


मोहल्लेवासियों ने बताया कि दरोगा ने किसी अन्य महिला को दो दिन मकान में रखा था और बाद में सामान लेकर चला गया। वहीं पीड़िता ने गुरुवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अभिषेक को शिकायती पत्र सौंपा। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सिटी और कोतवाली प्रभारी को तलब किया। एसपी ने सीओ सिटी को मामले की जांच कर कार्यवाही करने के आदेश दिये है। एसपी शामली अभिषेक का कहना है कि एक महिला ने प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें एक दरोगा पर आरोप लग रहे हैं। सीओ सिटी को जांच सौंपी गई है। मामले की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।

आजमगढ़ निजामाबाद शिकंजे में फंसे कानून के रखवाले जबरन वसूली करने के मामले में 2 सिपाही गिरफ्तार


 आजमगढ़ निजामाबाद शिकंजे में फंसे कानून के रखवाले


जबरन वसूली करने के मामले में 2 सिपाही गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक के यहां न्याय की गुहार लगाने वाले पीड़ित के घर पहुंचे दो सिपाहियों ने मामले की जांच के नाम पर धमकाते हुए पीड़ित से छह हजार रुपये वसूल लिए। इस संबंध में पीड़ित ने निजामाबाद थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लिया और नतीजा रहा कि गुरुवार की शाम आरोपित सिपाहियों को पुलिस ने रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग के समीप गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ निजामाबाद थाने में धारा 386 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


 निजामाबाद क्षेत्र के हुसामपुर बड़ागांव निवासी कैलाश प्रजापति ने बीते 28 मार्च 2024 को भूमि विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उसके दूसरे ही दिन दो सिपाही बावर्दी पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र का हवाला देते हुए जांच के नाम पर पीड़ित के विपक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग किया। असमर्थता जताने पर दोनों सिपाहियों ने पीड़ित को डरा धमकाकर 6000 रुपये वसूल लिए। इस संबंध में पीड़ित ने दिनांक 20 जून 2024 दिन गुरुवार को सिपाही अजीत कुमार यादव एवं सत्यदेव पाल के खिलाफ जबरन वसूली का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। 


मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को आरोपित सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का आदेश दिया। गुरुवार की शाम पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरक्षियों में अजीत कुमार यादव ग्राम टेकारी धर्मशाला थाना चोलापुर जनपद वाराणसी की तैनाती एसपी कार्यालय के एफआईआर सेल में जबकि दूसरे आरक्षी सत्यदेव पाल निवासी ग्राम अडियार थाना सुरेरी जनपद जौनपुर की नियुक्ति मऊ जिले के एसपी कार्यालय अंतर्गत शिकायत प्रकोष्ठ में है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।