Thursday, 30 March 2023

आजमगढ़ कहां गायब हुआ समर सिंह? आजमगढ़ से मुंबई तक दबिश, सामने आई ये जानकारी


 आजमगढ़ कहां गायब हुआ समर सिंह?


आजमगढ़ से मुंबई तक दबिश, सामने आई ये जानकारी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह और उसका सहयोगी संजय अब तक लापता है। दोनों की तलाश में पुलिस पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में छापा मार रही है। पुलिस की एक टीम मुंबई भी रवाना की गई है। सभी मोबाइल फोन बंद हैं। वह अपने परिजनों व करीबियों के संपर्क में भी नहीं है।


 मंगलवार देर रात लगभग डेढ़ बजे एसटीएफ वाराणसी की टीम ने समर के आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित घर पर दबिश दी। समर के न मिलने पर परिजनों से पूछताछ कर टीम लौट गई। परिवार के लोग कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे है। भदोही जिले के बरदहां गांव निवासी छोटेलाल दुबे की बेटी आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।


भोजपुरी गायक समर सिंह मूलरूप से आजमगढ़ जिले के मेंहनगर कस्बे का रहने वाला है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। पिता की 1999 में हत्या हो गई थी। समर का सबसे बड़ा भाई सुरजीत सिंह घर पर ही रह कर खेती बाड़ी करता है। दूसरे नंबर का भाई बसंत सिंह का दिल्ली आना-जाना लगा रहता है। वह भी कोई व्यवसाय करता है। सबसे छोटा समर सिंह भोजपुरी गायक है। वर्तमान में उसका घर से कोई खास लेना-देना नहीं है। चार-छह माह पर वह घंटा-दो घंटा के लिए ही घर आता है। अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के मौत मामले में समर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कस्बे में हलचल जरूर देखने को मिल रही है।


मेंहनगर कस्बे में हो रहे चर्चाओं पर गौर करें तो जिस समय सारनाथ थाने में समर सिंह पर मुकदमा दर्ज हो रहा था, उस समय वह गोरखपुर में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा था। आशंका है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह गोरखपुर से ही नेपाल निकल गया हो।


 जानकारी के अनुसार भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके प्रशंसकों का गुस्सा थम नहीं रहा है। आकांक्षा के प्रशंसक समर सिंह को ट्रोल करते हुए उस पर जमकर नाराजगी जता रहे हैं। आकांक्षा की मौत के बाद समर ने उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से श्रद्धांजलि दी थी। इसे लेकर भी आकांक्षा के प्रशंसकों ने नाराजगी जताई। समर की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया कि आकांक्षा की मौत के पीछे तुम्हारा हाथ है। इसके साथ ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने बायकॉट समर सिंह पोस्ट करके भी अपनी नाराजगी जताई।

आजमगढ़ फूलपुर क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम कागजों पर साफ सफाई को लेकर डीएम का आदेश बेअसर नगर पंचायत क्षेत्र में गंदगी के अंबार से संक्रमण फैलने की आशंका दवा छिड़काव की कोई व्यवस्था नहीं


 आजमगढ़ फूलपुर क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम कागजों पर

साफ सफाई को लेकर डीएम का आदेश बेअसर

नगर पंचायत क्षेत्र में गंदगी के अंबार से संक्रमण फैलने की आशंका


दवा छिड़काव की कोई व्यवस्था नहीं

उत्तर प्रदेश आजमगढ़ संचारी रोग नियंत्रण के लिए साफ सफाई तथा दवा छिड़काव को लेकर जिलाधिकारी का आदेश फूलपुर नगर पंचायत में बेअसर दिख रहा है। फूलपुर नगर पंचायत व आसपास के इलाकों में साफ-सफाई और दवा का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संचारी रोग फैलने का खतरा मंडरा रहा है। इस अभियान को लेकर नगर पंचायत प्रशासन उदासीन बना हुआ है। 


फूलपुर नगर पंचायत के चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड इस बात का सबूत है जहां खुली नालियां बजबजा रही हैं। क्षेत्र में स्थित पोखरे में गिरने वाले गंदे पानी की वजह से पोखरे में जलकुंभी के फैलाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।


नाले की साफ-सफाई न कराए जाने और दवा का छिड़काव नहीं होने से संक्रामक रोग के फैलने का खतरा बना हुआ है। नगर के बीच स्थित पोखरी में नगर का गंदा पानी पोखरी में बहाया जा रहा है। पानी से उठ रही दुर्गन्ध की वजह से नगरवासी परेशान हैं। चंद्रशेखर आज़ाद नगर वार्ड निवासी बसन्ता, मीरा, अमुना आदि का आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नाली की साफ-सफाई और दवा का छिड़काव नहीं कराया जाता है। नाली खुली होने के कारण छोटे बच्चे अक्सर नाली में गिर जाते हैं। मच्छरों के प्रकोप से बच्चों से लेकर वृद्ध तक परेशान हैं। क्षेत्र के लोगों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पोखरी में पानी न बहाए जाने के साथ खुले नाले में गन्दे पानी के सड़ांध से निजात दिलाने की मांग की है।


 इस सम्बन्ध में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फूलपुर दिनेश चंद्र आर्य से पूछने पर बताया गया कि सफाई करा दी जाएगी अगर नाली पर पटिया नहीं है तो तीन सौ पटिया बन रही है जिससे नाली को ढंकने के साथ ही मच्छर रोधी दवा का छिड़काव करा दिया जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन की उदासीनता के चलते चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड तथा अन्य क्षेत्रों में निवास करने वाले लोग गन्दगी के बीच रहने को मजबूर हैं। कस्बे के लोगों ने इस समस्या की ओर उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।

आजमगढ़ फर्जी मदरसा प्रकरण में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी निलंबित


 आजमगढ़ फर्जी मदरसा प्रकरण में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी निलंबित


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद में कागजों पर 219 मदरसे चलाने के मामले में आजमगढ़ के तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन को निलंबित कर दिया गया है। इस समय वह इसी पद पर कुशीनगर में तैनात हैं। साथ ही निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जे.रीभा को इस प्रकरण के लिए जांच अधिकारी बनाया गया है। इस प्रकरण में हाल ही में राज्य एसआईटी ने आरोपियों पर मुकदमा भी दर्ज कराया था।


आजमगढ़ में 313 मदरसों की जांच कराई गई थी जिनमें 219 मदरसे अस्तित्वहीन मिले थे। इनके दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करके मान्यता देने, जांच से संबंधित दस्तावेजों को गायब करने और इनको मदरसा आधुनिकीकरण योजना में भुगतान करने के आरोपी अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू की गई। राज्य एसआईटी ने इस प्रकरण में दोषी पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ 13 मार्च को मुकदमा दर्ज कराया था।


आजमगढ़ के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के रजिस्ट्रार जावेद असलम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन, अकील अहमद व प्रभात कुमार, लिपिक सरफराज, वक्फ निरीक्षक मुन्नर राम, लिपिक वक्फ ओमप्रकाश पांडेय व अज्ञात अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी, सरकारी धन का गबन, आपराधिक साजिश रचने, सुबूत नष्ट करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब इस मामले में शासन ने लालमन को निलंबित कर दिया है।

आजमगढ़, थाना जीयनपुर पुलिस ने दहेज हत्या में वांछित 02 अभियुक्ताओं को किया गिरफ्तार


 आजमगढ़, थाना जीयनपुर पुलिस ने दहेज हत्या में वांछित 02 अभियुक्ताओं को किया गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस ने दहेज हत्या में वांछित 02 अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया पूर्व की घटना – दिनांक 26.3.2023 को वादिनी मुकदमा उर्मिला देवी पत्नी सोहन गुप्ता ग्राम बाबुपुर पो0 इन्दारा थाना कोपागंज जनपद मऊ द्वारा थाना स्थानीय पर शिकायत किया गया था कि मेरी बेटी की शादी 02 दिसम्बर 2022 को संजय गुप्ता पुत्र मोती गुप्ता निवासी ग्राम राजूपट्टी थाना जीयनपुर के साथ हुई थी विपक्षीयो द्वारा आये दिन मेरी बेटी को दहेज के लिये मारते पिटते है तथा आज सुबह करीब  08.00 बजे दहेज के लिए जान से मार दिया। जिसमें उसके हत्या में उसके पति संजय का हाथ है। जिसके अधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0-196/2023 धारा-498ए, 304बी भादवि व 3/4 डीपी एक्ट बनाम 1-गीता जेठानी पत्नी अज्ञात 2-मीरा जेठानी पत्नी अज्ञात आदि 07 नफर निवासीगण राजूपट्टी थाना जीयनपुर आजमगढ़ पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ किया गया।


गिरफ्तारी का विवरण – दिनांक 29/03/2023 को उ0नि0 शंकर कुमार यादव मय हमराह द्वारा मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित अभियुक्तो 1-गीता पत्नी मनोज गुप्ता 2-मीरा पत्नी अनिल गुप्ता निवासी राजूपट्टी थाना जीयनपुर आजमगढ़ को उनके घर से समय करीब 10:10 बजे गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


पंजीकृत अभियोग – मु0अ0सं0-196/2023 धारा-498ए,304बी भादवि व 3/4 डीपी एक्ट थाना जीयनपुर जनपद-आजमगढ़।

गिरफ्तार अभियुक्त –

1-गीता पत्नी मनोज गुप्ता

2-मीरा पत्नी अनिल गुप्ता निवासीगण राजूपट्टी थाना जीयनपुर आजमगढ़।


गिरफ्तारी करने वाली टीम –

1. उ.नि. शंकर कुमार यादव थाना जीयनपुर ,जनपद- आजमगढ़।

2. हे0का0 सत्येन्द्र यादव थाना कोतवाली जीयनपुर,जनपद-आजमगढ़।

3. का0 जितेन्द्र यादव थाना कोतवाली जीयनपुर,जनपद-आजमगढ़।

4.म0का0 सपना सिंह थाना कोतवाली जीयनपुर,जनपद-आजमगढ़ ।

Wednesday, 29 March 2023

वाराणसी गायक समर सिंह की तलाश में आजमगढ़ पहुंची पुलिस अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप


 वाराणसी गायक समर सिंह की तलाश में आजमगढ़ पहुंची पुलिस


अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप


उत्तर प्रदेश वाराणसी भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह आजमगढ़ में नहीं मिले। दोनों की तलाश में पुलिस पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में छापा मार रही है। पुलिस की एक टीम मुंबई भी रवाना की गई है। आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में 2 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। अभिनेत्री की मां की तहरीर पर पुलिस भोजपुरी गायक समर सिंह व उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा कायम कर तलाश कर रही है।



मिली जानकारी के अनुसार भदोही जिले के बरदहां गांव निवासी छोटेलाल दुबे की बेटी आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा सारनाथ थाने में दर्ज कराया है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित घर से लेकर उसके अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। सभी मोबाइल फोन बंद हैं। वह अपने परिजनों व करीबियों के संपर्क में भी नहीं है। उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि दोनों आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।


आरोपियों की तलाश में पुलिस आज़मगढ़ सहित अन्य जगहों पर दबिश मार रही है। लेकिन अभी भी आरोपी पहुच से दूर है। मोबाइल का लॉक भी अभी नही खुल सका है। उम्मीद है कि मोबाइल खुलने के बाद अहम सुराग मिल सकते है। मंगलवार को पुलिस ने अभिनेत्री की मां मधु, भाई हरिओम फ़िल्म टीम के सदस्यों व होटल के स्टाफ का बयान दर्ज किया। सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल में मृत मिली भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने सोमवार को गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। 


सोमवार को मुंबई से सारनाथ थाने पहुंची मधु दुबे ने आरोप लगाया कि समर अक्सर आकांक्षा से मारपीट करता था। पैसे हड़प लेता था। उसे किसी और के साथ काम नहीं करने देता था। वह किसी और के साथ काम करती थी तो प्रताड़ित करता था।भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत की सूचना पाकर उनकी मां मधु दुबे मुंबई से वाराणसी आईं और तहरीर देकर सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। रोते-बिलखते हुए मधु ने आरोप लगाया कि बीते 21 मार्च को आकांक्षा बस्ती में शूटिंग कर रही थी। तब आकांक्षा के मोबाइल फोन पर संजय सिंह ने फोन किया था। धमकाया था कि तुम्हारी हत्या करा देंगे।

Tuesday, 28 March 2023

लखनऊ बिजली कर्मचारियों के समर्थन में उतरे राज्य कर्मचारी कर्मचारी संगठनों ने सरकार को 2 अप्रैल तक का समय दिया कहा पूरे प्रदेश में कर्मचारी चक्का जाम करने को होंगे मजबूर


 लखनऊ बिजली कर्मचारियों के समर्थन में उतरे राज्य कर्मचारी


कर्मचारी संगठनों ने सरकार को 2 अप्रैल तक का समय दिया


कहा पूरे प्रदेश में कर्मचारी चक्का जाम करने को होंगे मजबूर


उत्तर प्रदेश लखनऊ बिजली कर्मचारियों के समर्थन मे राज्य, निकाय और निगम कर्मचारी भी सामने आ गए है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में कर्मचारी जिला स्तर पर इसको लेकर प्रदर्शन किया। दावा किया जा रहा है कि बिजली कर्मचारियों के समर्थन में प्रदेश के 18 लाख राज्य, निकाय, निगम के संविदा और नियमित कर्मचारी खड़े हो गए है। लखनऊ में बीएन सिंह की प्रतिमा पर धरना देते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अब यह पूरे प्रदेश के कर्मचारी नेताओं में अस्तित्व बचाने की लड़ाई है।


 यह अब कर्मचारी आंदोलन को बचाने की लड़ाई है और इसको अगर नहीं रोका गया तो पूरे प्रदेश में कर्मचारी चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। यहां तक कहा गया कि बिजली कर्मचारियों के खिलाफ हुए कार्रवाई को जल्द नहीं हटाया गया तो प्रदेश के राज्य, निकाय और निगम कर्मचारी बिजली कर्मचारियों के समर्थन में कार्य बहिष्कार कर सकते हैं। इसको लेकर कर्मचारियों का एक संयुक्त मंच तैयार कर लिया है। मंच के संयोजक अमरनाथ यादव ने बताया कि बिजली कर्मियों के उत्पीड़न के विरोध में प्रदेश के सभी कर्मचारी महासंघ और कर्मचारी संयुक्त परिषद एक साथ आ गए हैं। अब पूरे प्रदेश में 28 मार्च को जिला स्तर पर दो घंटे का धरना होगा। उसके बाद भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने को विवश होगा। 


हरि किशोर तिवारी, सतीश पाण्डेय, शशि कुमार मिश्र, एसके रावत, एसपी तिवारी, राम राज दुबे, मनोज मिश्र, रमेन्द्र श्रीवास्तव, कमल अग्रवाल, गिरीश चन्द्र मिश्र, हरि शरण मिश्र, रिंकू राय, संयोजक अमरनाथ यादव एवं सह संयोजक कमलेश मिश्र, रेनू शुक्ल, राममूर्ति यादव और संरक्षक वीपी मिश्र जैसे अलग-अलग संवर्ग के कर्मचारी नेता प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद रहे। धरने में उमाशंकर मिश्र, चन्द्रशेखर, प्रेम नाथ राय, दिलीप श्रीवास्तव, शिवबरन यादव, राम भजन मौर्य, बीएल कुशवाहा, आशीष यादव, रामसेवक शुक्ला, वाईएन उपाध्याय, जीएन सिंह, उदय नाथ सिंह, सुरेश सिंह यादव, राम कुमार धानुक, रीना त्रिपाठी, अमित खरे, कर्मेन्द कुमार, धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, हेमन्त खड़का, बंशीधर मिश्र, आफिक सिद्दीकी, सुनील यादव, आरपी निगम, एसपी सिंह, नीरजपति त्रिपाठी समेत कई नेता शामिल रहेंगे।

मुजफ्फरनगर एसएसपी कार्यालय से 50 पत्रावलियां गायब, दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज एसएसपी द्वारा जांच कराये जाने के बाद स्पष्ट हुआ मामला


 मुजफ्फरनगर एसएसपी कार्यालय से 50 पत्रावलियां गायब, दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज


एसएसपी द्वारा जांच कराये जाने के बाद स्पष्ट हुआ मामला


उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एसएसपी कार्यालय में बडी लापरवाही उजागर हुई हैं। कार्यालय में अपराध शीर्षक पटल पर तैनात दरोगा राजकुमार शर्मा पर पचास पत्रावलियां गायब करने का आरोप हैं। एसएसपी संजीव सुमन के आदेश पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया गया हैं। एसएसपी कार्यालय की अपराध शीर्षक पटल का वर्तमान में कार्यभार देख रही प्रभारी कविता यादव ने थाना सिविल लाइन में दरोगा बाबू राज कुमार शर्मा के खिलाफ धारा 409 के तहत मुकदमा लिखाया हैं। लिखाया गया कि बाबू राजकुमार शर्मा के पास अपराध शीर्षक पटल का चार्ज था।


वह अपने निजी कार्यो के चलते अवकाश पर चल रहे हैं। इसी के चलते कविता यादव को एक फरवरी को पटल का कार्य सौंपा गया था। सोलह फरवरी को एडीजी राजीव सभरवाल के निरीक्षण के दौरान अपराध शीर्षक पटल की पत्रावलियों को उन्हें दिखाया जाना था लेकिन कुछ पत्रावली कविता यादव को नहीं मिली थी जिस कारण वह पत्रावली पेश नहीं कर पाई।


 बताया गया कि बाबू राज कुमार शर्मा ने अभी तक कविता यादव को कार्यभार नहीं सौंपा गया था। इसी के चलते एसएसपी ने एसपी यातायात कुलदीप सिंह से जांच कराई जिसमें स्पष्ट हुआ कि पचास पत्रावली गायब थी। तब एसएसपी ने मुकदमा दर्ज कराने के आदेश जारी किए थे। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पूरे मामले की पुष्टि कर बताया कि थाना सिविल लाइन में बाबू राज कुमार शर्मा (दरोगा) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया हैं।