Tuesday, 22 March 2022

आजमगढ़ एसडीएम कार्यालय में विवाहिता ने किया आत्मदाह का प्रयास


 आजमगढ़ एसडीएम कार्यालय में विवाहिता ने किया आत्मदाह का प्रयास


छेड़खानी का विरोध करने पर पीड़िता का जेठ पुलिस हिरासत में।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसील परिसर में सोमवार की शाम न्याय की गुहार लगाने पहुंची विवाहिता ने उप जिलाधिकारी कक्ष में आत्मदाह की कोशिश कर सबको सकते में डाल दिया।




 समय रहते वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। पीड़िता द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाने पर पुलिस ने उसके जेठ को हिरासत में ले लिया है।




दीदारगंज थाना अंतर्गत लारपुर जोखू ग्राम निवासी राजपाल गौतम दो वर्ष पूर्व अपनी प्रेमिका अनीता को भगाकर घर ले आया। मामला पुलिस तक पहुंचने पर दोनों पक्षों की रजामंदी से दीदारगंज थाने में उनकी शादी संपन्न करा दी गई। शादी के बाद अनीता अपने ससुराल में रहने लगी।



 वहीं उसका पति राजपाल कमाने की गरज से मुंबई चला गया। बताते हैं कि प्रेम विवाह के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी। पीड़ित अनीता ने इस मामले में स्थानीय थाना व पुलिस अधीक्षक के यहां न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। सोमवार की शाम अनीता न्याय की गुहार लगाने मार्टिनगंज तहसील परिसर पहुंची और वहां एसडीएम कार्यालय में वह अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने लगी। 




समय रहते वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करते देख लिया और उसे बचा लिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसके पति को हमेशा उससे अलग रखने की कोशिश करते हैं। साथ ही पीड़िता का आशिक मिजाज जेठ उसके साथ अश्लील हरकत करता है। इसकी शिकायत उसने कई बार थाना व पुलिस अधीक्षक से की लेकिन न्याय नहीं मिला। मजबूर होकर उसे आत्महत्या के लिए कदम उठाना पड़ा।




 इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के जेठ धर्मपाल को हिरासत में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं हो सकी थी।

अखिलेश यादव ने लोकसभा से दिया इस्तीफा

अखिलेश यादव ने लोकसभा से दिया इस्तीफा


2019 में आजमगढ़ से बने थे सांसद।




नई दिल्ली  समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपने के लिए संसद परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। अखिलेश आजमगढ़ से लोकसभा सांसद हैं। 




उन्होंने उत्तर प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव जीता। अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा सीट 67,504 मतों के अंतर से जीते। उन्हें 1,48,196 वोट मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को 80,692 वोट मिले थे।



 करहल को सपा का गढ़ माना जाता है। यादव को 60.12 फीसदी वोट मिले, जबकि बघेल को 32.74 फीसदी वोट मिले। अखिलेश यादव ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, अखिलेश यादव विधान परिषद के सदस्य थे। 



भाजपा ने उत्तर प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी है, राज्य की 403 सीटों में से बहुमत हासिल किया है और एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के साथ जारी रखने के लिए तैयार है। अकेले भगवा पार्टी ने 255 सीटें जीतीं और उसके सहयोगी अपना दल (एस) और निषाद ने क्रमशः 12 और 6 सीटें जीतीं। समाजवादी पार्टी 111 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।

 

पीएम किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा बदलाव


 पीएम किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा बदलाव



अभी कर लें यह काम वरना जाना पड़ सकता है जेल।




नई दिल्ली पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत से लेकर अब तक इसमें 8 बदलाव हो चुके हैं। कुछ दिन पहले लाभार्थियों के लिए को e-KYC करना जरूरी कर दिया गया है।



 अब जो बदलाव हुआ है, उसके जरिए अपात्र लाभार्थियों से पैसे वसूल किए जाएंगे और साथ ही आप यह जान पाएंगे कि आप जो किस्त उठा रहे हैं, उसके पात्र हैं और इसे लौटानी नहीं पड़ेगी।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लााखों किसानों ने फर्जी तरीके से 2000-2000 रुपये की कई किस्तें डकार लीं। कोई आयकरदाता होते भी किस्त पा रहा है तो किसी के परिवार में पति-पत्नी दोनों किस्त उठा रहे हैं। 



भले से खेत पति और पत्नी के नाम हों, लेकिन अगर एक ही साथ रहते हैं और परिवार में बच्चे नाबालिग हैं तो केवल एक ही व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिलेगा। सरकार ने ऐसे अपात्रों पर शिकंजा कसने के लिए वसूली का नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। कई जगहों पर तो लोगों के जेल जाने की भी नौबत आ गई है।




अगर आप जेल नहीं जाना चाहते हैं तो गलत तरीके से लिए गए पीएम किसान का पैसा वापस कर दें। इसके लिए सरकार ने पीएम किसान पोर्टल पर एक सुविधा दी है। आप ऑनलाइन पैसा रिफंड कर सकते हैं। इसके लिए आपको केवल यह करना है।




सबसे पहले https://pmkisan.gov.in/ पोर्टल पर जाएं। दायीं तरफ छोट-छोटे बॉक्स बने हैं। सबसे नीचे आपको Refund Online का बॉक्स मिलेगा। इस पर क्लिक करें।




इसमें दो ऑप्शन दिखेंगे। पहला अगर आपने पीएम किसान का पैसा वापस कर दिया है तो पहले को चेक कर सबमिट बटन पर क्लिक करें अन्यथा दूसरे ऑप्शन का चेक कर सबमिट करें।

इसके बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक खाता नंबर डालें। इमेज टेक्स्ट टाइप करें और गेट डेटा पर क्लिक करें।

अगर आप पात्र हैं तो You are not eligible for any refund Amount यह मैसेज आएगा अन्यथा रिफ्ड अमांट शो करेगा।

भाजपा विधायक दयाशंकर सिंह के खिलाफ कोर्ट पहुंची पत्नी स्वाति सिंह


 भाजपा विधायक दयाशंकर सिंह के खिलाफ कोर्ट पहुंची पत्नी स्वाति सिंह



मुकदमा दोबारा खोलने के लिए दी अर्जी।




लखनऊ योगी सरकार में मंत्री रहीं स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। तलाक का मामला दोबारा खोलने के लिए स्वाति सिंह सोमवार को फैमिली कोर्ट पहुंचीं। चुनाव से ठीक पहले स्वाति सिंह का एक ऑडियो वायरल होने के बाद पति-पत्नी का विवाद चर्चाओं में आ गया था।



इसी के बाद भाजपा ने स्वाति सिंह का टिकट काट दिया और दयाशंकर सिंह को बलिया नगर से मैदान में उतारा। दयाशंकर सिंह चुनाव जीतकर विधायक भी बन गए हैं। उनके मंत्री बनने के भी प्रबल आसार हैं। ऐसे में स्वाति सिंह के फैमिली कोर्ट पहुंचने से दयाशंकर सिंह की राहें एक बार फिर मुश्किल होने की आशंका जताई जाने लगी है।




स्वाति सिंह ने 2012 में दयाशंकर से तलाक लेने की अर्जी कोर्ट में दी थी। लेकिन मंत्री बनने के बाद केस की पैरवी बंद कर दी। 2018 में फैमिली कोर्ट ने दोनों पक्षों के कोर्ट नहीं पहुंचने पर केस ही बंद कर दिया था।




सोमवार को स्वाति सिंह दोबारा केस खोलने के लिए फैमिली कोर्ट पहुंचीं। उनकी अर्जी पर एडिशनल प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट श्रुति श्रीवास्तव ने आर्डर रिजर्व कर लिया है। अब अगली सुनवाई 5 मई को होगी।

फैमिली कोर्ट से बाहर आने पर मीडिया से बातचीत में स्वाति सिंह ने कहा कि 2012 से हमारा विवाद चल रहा है। तलाक की अर्जी पहले से दाखिल की गई है। उसी के सिलसिले में यहां आई थी।




 तलाक के बाद बच्चों का क्या होगा? इस सवाल पर स्वाति सिंह ने कहा कि बच्चे तो मेरे साथ ही रहेंगे। दयाशंकर सिंह के मंत्री बनने पर क्या प्रभाव पड़ सकता है? इस सवाल पर स्वाति सिंह ने कहा कि देश में मोदी जी और प्रदेश में योगी जी हैं। ऐसे में किसी महिला का उत्पीड़न नहीं हो सकता है।

Monday, 21 March 2022

आजमगढ़ रिपोर्ट दर्ज न करना पड़ा भारी, तहबरपुर थानाप्रभारी निलंबित।


 आजमगढ़ रिपोर्ट दर्ज न करना पड़ा भारी, तहबरपुर थानाप्रभारी निलंबित।




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ महिला संबंधी गंभीर प्रकरण में अभियोग पंजीकृत न करना तहबरपुर थानाप्रभारी के लिए भारी पड़ गया। मामले को संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए थानाप्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है।




बताते हैं कि बीते 18 मार्च को होली पर्व के दिन तहबरपुर क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी को लेकर पीड़ित पक्ष द्वारा मुकामी थाने पर सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने शिकायत को अनसुना कर दिया। नतीजा रहा कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घायल पक्ष द्वारा इसकी लिखित शिकायत की गई लेकिन इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नही की गई। 




इस प्रकरण को पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाया गया। पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराध के मामले में तत्काल कार्यवाही न करने तथा अपने पदेन दायित्वों एवं कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए तहबरपुर थाने पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है।

वाराणसी दो लाख का इनामी मोस्ट वांटेड मनीष सिंह ढेर।


 वाराणसी दो लाख का इनामी मोस्ट वांटेड मनीष सिंह ढेर।



कई जिलों में था आतंक, मुठभेड़ में एसटीएफ ने मार गिराया।




उत्तर प्रदेश वाराणसी का मोस्ट वांटेड अपराधी मनीष सिंह सोनू सोमवार को रिंग रोड के समीप मुठभेड़ में मारा गया। दो लाख के इनामी मनीष के पीछे यूपी एसटीएफ की टीम और वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस कई दिनों से लगी हुई थी। 



सोमवार दोपहर वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के बनकट रेलवे क्रासिंग के पास मनीष सिंह के होने की खबर मिली। जिसके बाद यूपी एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की। मनीष सिंह सोनू ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। जवाबी कार्यवाही में वो मारा गया। 



लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर निवासी अनिल सिंह का बेटा मनीष सिंह सोनू वाराणसी पुलिस के लिए एक अबूझ पहेली बना हुआ था। दो लाख के इनामी बदमाश मनीष सिंह सोनू पर वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़ सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट सहित विभिन्न आरोपों में 36 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।




पहले सोनू पर एक लाख का इनाम घोषित था, जिसे बीते साल 28 अगस्त को चौकाघाट काली मंदिर के पास हुए डबल मर्डर की घटना में सोनू सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित हुआ था। डबल मर्डर में सोनू का नाम आने पर एडीजी जोन की संतुस्ति पर दो लाख का इनाम कर दिया गया था। तब से पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी।



 शुरू से ही अपराधिक मानसिकता का मनीष सिंह सोनू जवानी के दहलीज में कदम रखते के साथ ही जरायम की दुनिया में बेताज बादशाह बनना चाहता था। वाराणसी के उंदी गांव में रहते हुए उसने अपने साथियों के साथ मिल कर कई वारदात को अंजाम दिया। जिसमें वह जेल भी गया और चार साल जेल में रहने के बाद वापस आया। जेल से वापस आने के बाद भी वो कई वारदातों में शामिल रहा।



यूपी एसटीएफ के अनुसार 28 अगस्त 2020 को वाराणसी के चौकाघाट में दिनदहाड़े कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। सीसी कैमरों की फुटेज से शूटर के तौर पर मनीष सिंह सोनू चिन्हित हुआ था। इसके बाद उसका नाम सितंबर 2020 में मिर्जापुर के चुनार में एक कंपनी के अधिकारी से रंगदारी मांगने और हत्या के मामले में सामने आया था। इसके बाद रोहनिया में जमीन कारोबारी एनडी तिवारी की हत्या में शूटर के तौर पर मनीष चिन्हित हुआ था।




 नवंबर 2020 में जैतपुरा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू मारा गया था तो उस दौरान मनीष फायरिंग करते हुए भाग निकला था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस के अनुसार मनीष मौजूदा समय में बिहार और नेपाल में ठिकाने बदल-बदल कर रहता था।

आजमगढ़ अखिलेश यादव आज जनपद में


 आजमगढ़ अखिलेश यादव आज जनपद में



कार्यकर्ताओं से करेंगे भेंट, एमएलसी प्रत्याशी के नामांकन में उपस्थित होने की चर्चा।




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सदर सांसद अखिलेश यादव आज 2.30 बजे जनपद में आयेंगे। इस बावत वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। चर्चा है कि एमएलसी प्रत्याशी के नामांकन के समय वे उपस्थित रहेंगे।