Monday, 17 January 2022

माफिया कुंटू सिंह की मां के नाम पर धोखाधड़ी में एक गिरफ्तार


 माफिया कुंटू सिंह की मां के नाम पर धोखाधड़ी में एक गिरफ्तार





उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस ने माफिया कुंटू सिंह की मां के नाम पर धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर होम्योपैथिक फार्मेसी कालेज की मान्यता लेने के आरोप में राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोतवाली में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित एक दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज किए गए है।




पुलिस के अनुसार, बीते 24 जून को जीयनपुर कोतवाली के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक हेमेंद्र सिंह ने राजेंद्र यादव पुत्र रामसूरत यादव निवासी शेखमौली करतारपुर, जीयनपुर के खिलाफ धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेज के आधार पर फर्जी मान्यता लेने का मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर जीयनपुर कोतवाली के निरीक्षक अपराध रुद्रभान पांडेय ने सुबह फोर्स के साथ उसके घर दबिश देकर दबोच लिया। 



उसने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से कमेटी का गठन किया। इसके बाद गिरजा शंकर सिंह स्मृति महाविद्यालय के भवन पर माफिया कुंटू सिंह की मां के नाम पर विद्यावती होम्योपैथिक फार्मेसी कालेज का बोर्ड लगाकर निरीक्षण के लिए गए तीन अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी तरीके से मान्यता ले ली।

पंजाब में 14 फरवरी की जगह 20 फरवरी को होगा मतदान


 पंजाब में 14 फरवरी की जगह 20 फरवरी को होगा मतदान





नई दिल्ली पंजाब में मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब 20 फरवरी को मतदान होगा। सोमवार सुबह चुनाव आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। दरअसल पंजाब में पहले 14 फरवरी को मतदान होना था वहीं 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती है। गुरु रविदास जयंती पर पंजाब के एससी समुदाय के लोग वाराणसी जाते हैं। 



इसी कारण मतदान को टालने की मांग तेज हो रही थी। अब पंजाब चुनाव के लिए अधिसूचना 25 जनवरी को जारी होगी। नामांकन पत्र एक फरवरी तक भरे जाएंगे। चार फरवरी तक उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट बन जाएगी।


 


 

इससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने चुनाव आयोग से पंजाब में मतदान छह दिन टालने की मांग की थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी रविवार को चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मतदान टालने की मांग की। भाजपा ने पत्र में लिखा है कि 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती का पावन पर्व होने के कारण राज्य का एक बड़ा वर्ग वाराणसी जा सकता है। 




ऐसे में यदि राज्य में मतदान हुआ तो वह लोग वोट देने के अधिकार से वंचित रह जाएंगे। ऐसे में भाजपा पंजाब चुनाव आयोग से राज्य में 14 फरवरी को होने वाले मतदान को कुछ दिन आगे बढ़ाने की मांग करती है।



16 फरवरी को गुरु रविदास जी 645वीं जयंती



पंजाब में 32 फीसदी अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। 16 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी की 645वीं जयंती है। ऐसे में लाखों लोग उनके जन्मस्थान गोवर्धनपुर जाते हैं। यह स्थान उत्तर प्रदेश के वाराणसी में है। लोग 13-14 फरवरी से ही स्पेशल ट्रेनों के जरिए रवाना हो जाएंगे। 14 फरवरी को वोटिंग के विरोध में राजनीतिक पार्टियों के अलावा अनुसूचित समाज भी आ गया था। 



सोमवार को रविदासिया संगठनों ने जालंधर जम्मू नेशनल हाईवे पर दसूहा में मतदान टालने की मांग को लेकर जाम लगाया था।

सुुप्रीम कोर्ट में सपा की मान्यता खत्म करने की अर्जी-जाने क्या है प्रकरण


 सुुप्रीम कोर्ट में सपा की मान्यता खत्म करने की अर्जी




नई दिल्ली अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की ओर से सुप्रीम कोर्ट में समाजवादी पार्टी की मान्यता खत्म करने की मांग करते हुए अर्जी दाखिल की गई है।




 इस अर्जी में कहा गया है कि चुनाव में उम्मीदवार तय करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सपा ने उल्लंघन किया है और इसके लिए उसकी मान्यता खत्म की जाए। अश्विनी उपाध्याय ने एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि यूपी के कैराना से नाहिद हसन को उतारकर सपा ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन किया है। उपाध्याय ने कहा, समाजवादी पार्टी ने कैराना से एक गैंगस्टर को चुनाव मैदान में उतार दिया। उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड अपने ट्विटर अकाउंट और वेबसाइट पर सपा ने जारी नहीं किया। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया में भी कोई जानकारी नहीं दी गई।



अधिवक्ता ने कहा कि मैंने सुप्रीम कोर्ट में दायर अर्जी में मांग की है कि सपा अध्यक्ष की ओर से उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना की गई है। ऐसे में चुनाव आयोग को आदेश दिया जाए कि वह उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करे। हालांकि नाहिद हसन को यूपी पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी उनका टिकट भी काट चुकी है। विरोध के बाद सपा ने नाहिद हसन की बहन को टिकट दिया है। हालांकि भाजपा अब भी इस मामले पर सपा पर आक्रामक है।



 खुद सीएम योगी आदित्यनाथ हमला बोलते हुए कह चुके हैं कि सपा की पहली ही लिस्ट से उसके इरादे साफ हैं कि वह कैसे पश्चिम यूपी को गुंडाराज में झोंकने की तैयारी में है।

Sunday, 16 January 2022

लखनऊ उत्तर प्रदेश सपा के दो MLC घनश्याम लोधी-शैलेन्द्र प्रताप सिंह भाजपा में हुए शामिल


 सपा के दो MLC घनश्याम लोधी-शैलेन्द्र प्रताप सिंह भाजपा में हुए शामिल




लखनऊ उत्तर प्रदेश  विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान से पहले नेताओं का दलबदल जारी है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद के सदस्य घनश्याम लोधी तथा शैलेन्द्र सिंह के साथ पूर्व आइएएस अधिकारी राम बहादुर ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 




भाजपा की जन कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर प्रदेश समाजवादी पार्टी के एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह भाजपा में शामिल हो गए। वह तीन बार से समाजवादी पार्टी से एलएससी है।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने समाजवादी पार्टी से एमएलसी घनश्याम लोधी तथा बसपा से लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र से प्रत्याशी रहे पूर्व आइएएस अधिकारी राम बहादुर को सदस्यता दिलाई। 




राम बहादुर नागरिक एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इनके साथ फिरोजाबाद के शिकोहाबाद से समाजवादी पार्टी से इनके साथ पूर्व विधायक ओम प्रकाश तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फिरोजाबाद विजय प्रताप सिंह छोटू ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

आज़मगढ़ 151 अपराधियों के खिलाफ हुई गुंडा एक्ट की कार्रवाई


 आज़मगढ़ 151 अपराधियों के खिलाफ हुई गुंडा एक्ट की कार्रवाई




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ आगामी विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने की कवायद में जुटे पुलिस प्रशासन ने अपराधी प्रवृत्ति लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का मन बनाया। 




पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा हत्या, लूट, हत्या प्रयास, दुष्कर्म, पशु तस्करी/ गोवध, शराब तस्करी, छेड़खानी, पुलिस अभिरक्षा से मुलजिम को छुड़ाने, चुनाव के दौरान मतदान केंद्र में जबरन प्रवेश करने व मतदान कर्मियों से मारपीट तथा बलवा आदि से संबंधित अपराध में संलिप्त 151 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। 




पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुंडा एक्ट के तहत पाबंद किए गए आरोपियों में।



जहानागंज थाने से 15,

 गंभीरपुर से 14, 

देवगांव कोतवाली से 13, 

बरदह से 13, 

कप्तानगंज से 11, 

अतरौलिया से 10, 

रानी की सराय से 09, 

फूलपुर से 09, 

बिलरियागंज से 07, 

जीयनपुर से 06, 

मुबारकपुर से 05, 

महराजगंज से 05, 

तहबरपुर से 05, 

पवई से 05, 

निजामाबाद से 05,

 अहरौला से 04, 

शहर कोतवाली से 04, 

दीदारगंज से 03, 

कंधरापुर से 03, 

मेंहनगर से 02, 

रौनापार से 02 

सरायमीर से 01, 


सिधारी, तरवां व मेहनाजपुर से 00 बताए गए हैं।



 पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य  द्वारा उपरोक्त अभियान में संतोषजनक कार्यवाही न किए जाने पर थाना प्रभारी सिधारी, कंधरापुर, तरवां, मेंहनगर, मेहनाजपुर, रौनापार, व सरायमीर को सख्त चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश में सभी स्कूल और कॉलेज 23 जनवरी तक बंद


 उत्तर प्रदेश में सभी स्कूल और कॉलेज 23 जनवरी तक बंद




लखनऊ उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना और ठंडक के कारण राज्य में 23 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ाई गई। इसकी जानकारी अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने दी।



 आपको बता दें कि यूपी में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 17,185 नए मरीज के साथ ही प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या एक लाख पार हो गई है। अकेले लखनऊ में रविवार को कोरोना वायरस ने 2761 लोगों को जद में लिया है।




 सबसे ज्यादा आलमबाग में 445 मरीज मिले हैं। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच कराई जा रही है। राहत की बात है कि इस बार पहली व दूसरी लहर के मुकाबले मरीजों के अस्पताल भर्ती की जरूरत कम पड़ रही है।




सबसे ज्यादा मरीज आलमबाग में 445 मरीज मिले हैं। दूसरे नम्बर पर अलीगंज में 426 इलाके में लोग संक्रमित पाए गए हैं।



 चिनहट में 425 लोगों में वायरस का पता चला। सीएमओ डॉ मनोज अग्रवाल ने बताया कि संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस पर काबू पाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार जांच कराई जा रही है। ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ रहे मरीज। यहां जांच का दायरा बढ़ने पर मरीज मिलने लगे हैं।

लखनऊ उत्तर प्रदेश सपा ऑफिस के बाहर पार्टी कार्यकर्ता ने की आत्मदाह की कोशिश


 सपा ऑफिस के बाहर पार्टी कार्यकर्ता ने की आत्मदाह की कोशिश


लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव टिकट को लेकर सभी दलों में खींचतानी चल रही है। इस बीच अलीगढ़ की छर्रा से पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठाकुर तेजवीर सिंह को टिकट ना मिलने से आहत हुए आदित्य जुनूनी ने लखनऊ समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर खुदकुशी की कोशिश की। घटना के समय मौके पर पुलिस ने उन्हें बचा लिया।




 घटना के बाद सपा कार्यालय के बाहर अफरातफरी मच गई।पुलिस ने आदित्य जुनूनी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उन्हें कहां ले गई इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई। 




आपको बता दें यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सभी दल टिकट बांट रहे हैं। भाजपा और बसपा ने अपनी पहली लिस्ट जारी भी कर दी है। भाजपा की पहली लिस्ट जारी होने के बाद सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गई कि मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भाजपा का दामन थाम सकती हैं।




 बीजेपी उन्हें कैंट विधानसभा सीट से  चुनाव लड़ा सकती है। चर्चा है कि इसको लेकर अपर्णा की बीजेपी से बात भी चल रही है।