लखनऊ BCA छात्रा की चाकू से गला रेत कर हत्या
पिता ने ही इस वजह से वारदात को दिया अंजाम, मां घायल
उत्तर प्रदेश, लखनऊ राजधानी के महानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विज्ञानपुरी कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सौतेले पिता विकास चंद्र पाण्डेय ने अपनी 19 वर्षीय सौतेली बेटी सिमरन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। सिमरन के शरीर पर कई जगह चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। सिमरन की चीख सुनकर बचाने दौड़ी मां रेखा राजपूत पर भी हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपित को पड़ोसियों ने दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने विकास चंद्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञानपुरी सेक्टर-सी निवासी सिमरन, जो एमिटी विश्वविद्यालय से बीसीए कर रही थी, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर में मोबाइल देख रही थी। तभी सौतेले पिता विकास चंद्र पाण्डेय ने उस पर किसी युवक से बात करने का आरोप लगाते हुए फटकार लगाई। गुस्से में सिमरन ने मोबाइल फेंक दिया, जिसके बाद विकास ने चाकू से उस पर कई वार किए। सिमरन की चीख सुनकर मां रेखा बचाने दौड़ी, लेकिन विकास चंद्र ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। रेखा ने बताया कि उन्होंने विकास के हाथ से एक चाकू छीन लिया, लेकिन वह किचन से दूसरा चाकू लाया और सिमरन का गला रेत दिया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर के बाहर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। खून से लथपथ सिमरन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल रेखा को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेखा राजपूत के पहले पति डॉ. जागेश कुमार की 2014 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद 2024 में रेखा ने मध्य प्रदेश के रीवा निवासी विकास चंद्र पाण्डेय से दूसरी शादी की। विकास रेखा के साथ विज्ञानपुरी स्थित उसी मकान में रहने लगा, जो सिमरन के पिता की संपत्ति थी और सिमरन के नाम पर दर्ज था। सिमरन अपनी मां की दूसरी शादी का विरोध करती थी और इस बात को लेकर सौतेले पिता से उसका अक्सर विवाद होता था।
रेखा ने बताया कि विकास सिमरन को घर से निकालने का दबाव बनाता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थीं। सिमरन अक्सर कहती थी कि यह मकान उसके पिता का है, जिससे विकास नाराज रहता था। पुलिस जांच में संपत्ति विवाद और सिमरन का दूसरी शादी का विरोध भी हत्या का कारण सामने आया है। डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि वरासत को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था।
डीसीपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित विकास चंद्र पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव हत्या का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment