Monday, 8 September 2025

आजमगढ़ जहानागंज गला रेतकर हत्या मामले का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार प्रेम प्रसंग बना घटना का कारण, हत्यारोपी ने कहा बेटी से करता था बात, मना किया पर नहीं माना इसलिए....


 आजमगढ़ जहानागंज गला रेतकर हत्या मामले का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार



प्रेम प्रसंग बना घटना का कारण, हत्यारोपी ने कहा बेटी से करता था बात, मना किया पर नहीं माना इसलिए....



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज थाना पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक चाकू भी बरामद किया गया है।


08 सितंबर 2025 को सागर राम, निवासी धनारबांध, थाना जहानागंज, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव के ही तीन व्यक्तियों आशुतोष उर्फ आंशु (22 वर्ष), श्रवण कुमार (23 वर्ष), और राजेंद्र उर्फ विजय कुमार (47 वर्ष) ने पुरानी रंजिश के चलते उनके 22 वर्षीय बेटे जयहिंद की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस शिकायत के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा अपराध संख्या 278/2025, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को आज सुबह लगभग 7:30 बजे सुहेलदेव यूनिवर्सिटी मोड़, आजमबांध के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर गांव के बाहर धान के खेत से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। इसके आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ा गया। पूछताछ में आरोपी राजेंद्र उर्फ विजय ने बताया कि मृतक जयहिंद उनकी बेटी से बातचीत करता था, जिसे उन्होंने कई बार मना किया था। जयहिंद के नहीं मानने पर राजेंद्र ने अपने भतीजे श्रवण और उसके दोस्त आशुतोष के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और गांव के बाहर सुनसान धान के खेत में जयहिंद का गला रेत दिया।


https://www.news9up.com/2025/09/blog-post_8.html

आजमगढ़ जीयनपुर लोको पायलट की पीट-पीटकर हत्या मरने से पहले युवक ने बताएं हमलावरों के नाम 25 अगस्त को घर पर आकर दी थी जान से मारने की धमकी


 आजमगढ़ जीयनपुर लोको पायलट की पीट-पीटकर हत्या


मरने से पहले युवक ने बताएं हमलावरों के नाम


25 अगस्त को घर पर आकर दी थी जान से मारने की धमकी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र के नौसहरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत दुर्गेश कुमार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई अजीत कुमार ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर पांच लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गणेश यादव, अजय यादव, शेरू यादव, गोविन्द यादव, ज्ञानेन्द्र मिश्रा निवासी बाजार खास जीयनपुर, जीयनपुर के खिलाफ गैर इरतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बता दे की लोको पायलट पीईटी की परीक्षा देने के लिए घर आया था।


अजीत कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि 07 सितंबर 2025 को शाम करीब 5:48 बजे उनके भाई दुर्गेश ने मोबाइल से फोन कर सूचना दी कि ज्ञानेंद्र मिश्रा पुत्र मारकंडेय मिश्रा, गणेश यादव, अजय यादव पुत्र गणेश यादव, श्रवण यादव पुत्र विश्वनाथ यादव, शेरू यादव और गोविंद यादव सभी निवासी बाजार खास, जीयनपुर ने उन्हें मारपीट कर खेत के पास छोड़ दिया है। दुर्गेश ने बताया कि वह चलने में असमर्थ हैं। अजीत और उनकी चाची पुष्पा देवी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां दुर्गेश छटपटा रहे थे। परिजन उन्हें तत्काल अमीना तिब्बिया हॉस्पिटल, जीयनपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अजीत ने बताया कि रास्ते में दुर्गेश ने खुलासा किया कि आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह मारा-पीटा और ज्ञानेंद्र मिश्रा ने उन्हें कोई दवा पिलाई, यह कहकर कि वह ठीक हो जाएंगे। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। 


अजीत ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुर्गेश का मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही, उन्होंने बताया कि 25 अगस्त 2025 को दिन में करीब 11 बजे उक्त लोग उनके घर आए थे और दुर्गेश को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। अजीत कुमार ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।

आजमगढ़ जहानागंज युवक का गला रेतकर उतारा मौत के घाट घर से सीवान में टहलने गया था युवक, कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था घर मौके पर आला अधिकारी सहित पुलिस फोर्स पहुंची


 आजमगढ़ जहानागंज युवक का गला रेतकर उतारा मौत के घाट



घर से सीवान में टहलने गया था युवक, कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था घर


मौके पर आला अधिकारी सहित पुलिस फोर्स पहुंची



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धनारबांध गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। धनारबांध गांव निवासी 22 वर्षीय जयहिन्द कुमार, पुत्र सागर राम, की अज्ञात हमलावरों ने गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। यह घटना रात करीब 7.30 बजे गांव के सीवान पर हुई, जहां जयहिन्द टहलने गया था।


जानकारी के अनुसार, जयहिन्द कुछ दिन पहले ही दिल्ली से कमाई करके अपने गांव लौटा था। रविवार की शाम वह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान कुछ  लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना सबसे पहले परिजनों को तब मिली, जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनके बेटे पर हमला किया जा रहा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जयहिन्द की मौत हो चुकी थी। उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।



मृतक के परिजनों ने इस हत्या के पीछे कुछ लोगों पर शक जताते हुए पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी है। परिजनों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही जहानागंज थाने की पुलिस के साथ-साथ जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और घटनास्थल की छानबीन शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए।


 यह घटना जहानागंज थाने के नए थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद हुई, जिसे ग्रामीणों ने हत्यारों द्वारा पुलिस को सलामी देने की संज्ञा दी है। इस घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।

https://www.news9up.com/2025/09/3_8.html

Sunday, 7 September 2025

आजमगढ़ पुलिस ने 18 माह में बरामद किए 2068 मोबाइल फोन 23 लाख के 105 फोन सौंपे गए स्वामियों को


 आजमगढ़ पुलिस ने 18 माह में बरामद किए 2068 मोबाइल फोन




23 लाख के 105 फोन सौंपे गए स्वामियों को




उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अगस्त 2025 में 23 लाख रुपये कीमत के 105 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। इन फोनों को रविवार, 07 सितंबर 2025 को रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में उनके स्वामियों को सौंप दिया गया।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि फरवरी 2024 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक कुल 2068 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 83 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इसमें वर्ष 2025 में 843 फोन शामिल हैं। गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीएनएस प्रभारी को गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान नागरिकों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के लिए निरंतर जारी रहेगा।

आजमगढ़ कंधरापुर आबकारी विभाग और पुलिस का शराब की दुकान पर छापा 21.6 लीटर अवैध विदेशी शराब, 7700 रुपये नकद और 2 अभियुक्त गिरफ्तार


 आजमगढ़ कंधरापुर  आबकारी विभाग और पुलिस का शराब की दुकान पर छापा




21.6 लीटर अवैध विदेशी शराब, 7700 रुपये नकद और 2 अभियुक्त गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जले में आबकारी विभाग और थाना कंधरापुर की संयुक्त टीम ने आजमपुर स्थित एक कम्पोजिट शराब की दुकान पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 21.6 लीटर अवैध विदेशी शराब, 7700 रुपये नकद और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी निरीक्षक प्रभु नरायण सिंह के नेतृत्व में 06 सितंबर को जुनैदगंज चौराहे पर मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई। सूचना मिली थी कि आजमपुर कम्पोजिट दुकान में तनुकरण (पानी मिलाकर) और पिछले वर्ष की बिक्री हेतु अनुमन्य शराब की अवैध बिक्री हो रही है। टीम ने तत्काल दुकान पर छापा मारा, जहां दो विक्रेता शशिकांत यादव उर्फ जगनू (40 वर्ष) और राजेंद्र पाल (52 वर्ष) मौजूद थे।


दुकान की जांच में लकड़ी के तख्ते के नीचे छिपाई गई तीन पेटियों में कुल 120 पौवे अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें 15 पौवे आइकोनिक व्हाइट ग्रेन व्हिस्की, 35 पौवे सिग्नेचर प्रीमियर, 39 पौवे रॉयल स्टैग, और 31 पौवे मैकडॉवेल नंबर 1 शामिल थे। प्रत्येक पौवे की धारिता 180 मिलीलीटर थी। जांच में पाया गया कि आइकोनिक व्हाइट ग्रेन व्हिस्की की तीव्रता 42.8% के बजाय 35.13% थी, जो तनुकरण का प्रमाण है। साथ ही, अन्य पेटियों में रखी शराब 2024-25 की थी, जो वर्तमान वर्ष में बिक्री के लिए अनुमन्य नहीं थी। विक्रेताओं ने पूछताछ में स्वीकार किया कि दुकान के अनुज्ञापी रुदल यादव के निर्देश पर वे शराब में पानी मिलाकर और पुरानी शराब बेचकर लाभ कमाते थे।


 दुकान के काउंटर से 7700 रुपये नकद भी बरामद किए गए। दोनों अभियुक्तों को धारा 60/64 संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम 1910 और धारा 274/318 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक प्रभु नरायण सिंह, प्रभारी आबकारी सिपाही श्रवण कुमार यादव, राजेश कुमार गौतम, धीरज कुमार सिंह और थाना कंधरापुर के सिपाही विनय कुमार शामिल थे। वैध शराब के स्टॉक को जब्त नहीं किया गया, और दुकान को बंद कर चाबी विक्रेताओं को सौंप दी गई। कार्यवाही के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निदेर्शों का पालन किया गया। 


गिरफ्तार अभियुक्तों में शशिकांत यादव उर्फ जगनू, पुत्र धरमदेव यादव, निवासी खानपुर भगतपट्टी, थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़, राजेंद्र पाल, पुत्र नरेश पाल, निवासी बिजरवा, थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़, शामिल हैं।

मिर्जापुर दारोगा ने फांसी लगाकर दी जान थाने से 200 मीटर दूर किराए के कमरे में रहते थे दरोगा


 मिर्जापुर दारोगा ने फांसी लगाकर दी जान



थाने से 200 मीटर दूर किराए के कमरे में रहते थे दरोगा




उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाने में तैनात दारोगा अनिल ओझा ने शनिवार दोपहर अपने किराए के आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनिल ओझा ने अपने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाई।


घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह, सीओ सदर अमर बहादुर, और एएसपी नगर नितेश सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अनिल ओझा पिछले दो वर्षों से चील्ह थाने में तैनात थे और थाने से लगभग 200 मीटर दूर एक किराए के कमरे में रह रहे थे।


आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारी मामले की गहन जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण इस घटना के पीछे हो सकता है।


इस घटना ने अनिल ओझा के परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके सहकर्मियों ने बताया कि वह एक समर्पित और मेहनती अधिकारी थे। उनके अचानक इस तरह चले जाने से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।



पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लिया गया है। आगे की जांच के बाद ही आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Saturday, 6 September 2025

आजमगढ़ निज़ामाबाद तहसील में फर्जी वकीलों और दलालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

 

आजमगढ़ निज़ामाबाद तहसील में फर्जी वकीलों और दलालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग



उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के निज़ामाबाद तहसील में फर्जी वकीलों और दलालों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के पूर्वांचल प्रभारी अबुल बशर आजमी ने ज्ञापन में आरोप  लगाया कि तहसील में कुछ लोग बिना रजिस्टेशन और COP के ही वकील लिखाकर न्यायालय में कार्य कर रहे हैं, जिससे आम जनता का शोषण कर धन उगाही कर रहे हैं। इन दलालों और फर्जी वकीलो को कुछ वकीलो द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है। 


ज्ञापन मे कहा गया है की है तहसील बार एसोसिएशन निजामाबाद ने पूर्व में भी इस मुद्दे पर अपनी एक बैठक में प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। आरोप लगाया गया है कि फर्जी वकील और दलाल मिलकर लूट-खसोट और धन उगाही कर रहे हैं, जिससे न्याय की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। पूर्व में विवाद भी हो चुका है। 


ज्ञापन में फर्जी वकीलों में फखरूलहसन उर्फ मुन्ना और राजेश यादव समेत अन्य लोगों के नाम प्रमुख रूप से शामिल किए गए हैं। ज्ञापनदाताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मांग की है कि इन फर्जी वकीलों का न्यायालय में प्रवेश रोका जाए और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


ग्रामीणों और अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले में शीघ्र ही ठोस कदम उठाएगा, जिससे तहसील परिसर में व्याप्त भ्रष्टाचार और दलाली पर रोक लग सके।




आजमगढ़ से अबुलबशर आज़मी की रिपोर्ट।


https://youtu.be/pBW1BS-EQlo?si=cG14mv_Kg09UCLcW