बरेली पत्नी से विवाद के बाद दामाद ने ससुराल में लगाई आग, जिंदा जलाने की कोशिश
सीसीटीवी फुटेज से घटना का किया खुलासा, मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी में पत्नी से विवाद के चलते एक दामाद ने आधी रात ससुराल के घर में आग लगाकर परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि उस रात पूरा परिवार रिश्तेदारी में गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सीसीटीवी फुटेज से घटना का खुलासा होने के बाद आरोपी दामाद के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बीडीए कॉलोनी निवासी सुनीता जौहरी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी नेहा जौहरी की शादी दिसंबर 2016 में बीसलपुर रोड, गणेशपुरम कॉलोनी निवासी बृजेश गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद बृजेश नेहा के साथ मारपीट करने लगा और आत्महत्या की धमकी देता था। 12 मार्च को बृजेश और उसके परिवार ने नेहा के साथ मारपीट की, दोनों बच्चों को छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया। बृजेश ने सुनीता के परिवार को आग लगाकर मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस शिकायत के बाद बृजेश ने एक बच्चा नेहा को लौटा दिया, लेकिन दूसरा बच्चा मांगने पर पूरे परिवार को जलाने की धमकी दी।
सुनीता के मुताबिक, 21 मई 2025 की रात उनका पूरा परिवार छोटी बेटी के घर गया था, जिसकी जानकारी बृजेश को नहीं थी। रात करीब दो बजे बृजेश दीवार फांदकर उनके घर में घुसा और आग लगा दी। पड़ोसी बब्ली शर्मा ने धुआं निकलते देख सुनीता को सूचना दी। सुबह छह बजे घर पहुंचने पर सुनीता ने देखा कि सारा सामान जलकर राख हो चुका था। सीसीटीवी फुटेज में बृजेश हड़बड़ी में आते-जाते दिखाई दिया।
सुभाषनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सुनीता जौहरी की शिकायत पर आरोपी बृजेश गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की मौजूदगी की पुष्टी हुई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment