Monday, 28 July 2025

आजमगढ़ रौनापार खेत में ट्यूबवेल पर मजदूर की निर्मम हत्या, सिर कुचला, 2 लोग हिरासत में सीओ सगड़ी और एसपी ग्रामीण चिराग जैन सहित फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची


 आजमगढ़ रौनापार खेत में ट्यूबवेल पर मजदूर की निर्मम हत्या, सिर कुचला, 2 लोग हिरासत में



सीओ सगड़ी और एसपी ग्रामीण चिराग जैन सहित फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के रचनपट्टी बालाजी गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में बने ट्यूबवेल पर एक मजदूर का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान विनय प्रजापति (निवासी हरिपारा, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ) के रूप में हुई है। विनय लंबे समय से गांव के मोती चंद पटेल के घर मजदूरी करता था।



पुलिस के अनुसार, रविवार रात विनय रोज की तरह खाना खाकर ट्यूबवेल पर सोने गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव देखा, जिसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में सीओ सगड़ी और एसपी ग्रामीण चिराग जैन घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयने के बाद जांच शुरू की। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मजदूर की हत्या ईंट से प्रहार कर की गई है। सर्विलांस और फॉरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। दो लोगों पर हत्या का संदेह है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है, और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


https://www.news9up.com/2025/07/24.html

आजमगढ़ बिलरियागंज बैनामा के नाम पर 20 लाख की ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार भुगतान के नाम पर दे दिया था फर्जी चेक, विरोध पर दी थी जान से मारने की धमकी

आजमगढ़ बिलरियागंज बैनामा के नाम पर 20 लाख की ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार


भुगतान के नाम पर दे दिया था फर्जी चेक, विरोध पर दी थी जान से मारने की धमकी



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय कार्रवाई की। थाना बिलरियागंज पुलिस ने बैनामा के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी चेक देने के मामले में वांछित अभियुक्त सूर्य प्रताप सिंह उर्फ आर्यन सिंह को गिरफ्तार किया।



19 जून 2025 को दीपक सिंह, निवासी पड़री परानपुर, थाना बिलरियागंज, ने शिकायत दर्ज कराई कि सूर्य प्रताप सिंह और उनके पिता प्रमोद सिंह, निवासी रतसड़ कला, थाना गड़वार, बलिया ने फरवरी 2023 में जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा। जमीन (गाटा संख्या 152, तुकीर्बारी, बलिया) की कीमत 30 लाख रुपये तय हुई और दो साल में बैनामा करने का मौखिक करार हुआ। दीपक सिंह ने 31 मार्च 2023 से 2 सितंबर 2024 तक अभियुक्तों के खातों में 20 लाख रुपये का भुगतान किया।


 बैनामा करने की मांग पर अभियुक्तों ने इन्कार कर दिया और दीपक सिंह द्वारा पैसे मांगने पर सूर्य प्रताप सिंह ने 20 लाख का फर्जी चेक (चेक नंबर 39099, दिनांक 22.11.2024) दिया, जो यूनियन बैंक आफ इंडिया, भीमवर शाखा में डिसआॅनर हो गया। चेक पर सूर्य प्रताप ने अपने पिता के फर्जी हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद अभियुक्तों ने दीपक सिंह को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना बिलरियागंज में मामला दर्ज किया गया और विवेचना उप-निरीक्षक लवकुश कुमार को सौंपी गई। 28 जुलाई दिन सोमवार को उप-निरीक्षक लवकुश कुमार और कॉन्स्टेबल नरेंद्र कुमार सिंह की टीम ने अभियुक्त सूर्य प्रताप सिंह उर्फ आर्यन सिंह को भीमबर पुलिया के पास सुबह 10:45 बजे गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Sunday, 27 July 2025

लखनऊ सिपाही की पत्नी ने फंदे से लटककर दी जान पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, इंस्टाग्राम में अपलोड किया वीडियो


 लखनऊ सिपाही की पत्नी ने फंदे से लटककर दी जान



पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, इंस्टाग्राम में अपलोड किया वीडियो



उत्तर प्रदेश, लखनऊ राजधानी के बख्शी का तालाब थाने में तैनात सिपाही अनुराग की पत्नी सौम्या उर्फ किरन सिंह ने दुपट्टे से पंखे के हुक में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले सौम्या ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने सिपाही पति द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। 


जानकारी के अनुसार, सिपाही अनुराग बाना गांव में लालता सिंह के मकान में किराए के कमरे में पत्नी के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम दोपहर करीब 1:00 बजे मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को बुलाया गया है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

आजमगढ़ रेलवे सीओ ने जीआरपी थाना का किया निरीक्षण स्टेशनों पर चौकसी बरतने के दिए निर्देश


 आजमगढ़ रेलवे सीओ ने जीआरपी थाना का किया निरीक्षण



स्टेशनों पर चौकसी बरतने के दिए निर्देश



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सावन माह में रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गोरखपुर अनुभाग के बलिया सर्किल के क्षेत्राधिकारी सविरत्न गौतम ने शनिवार को जीआरपी थाना आजमगढ़ का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले गार्द की सलामी ली। उसके बाद उन्होंने थाने में मौजूद अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, नवागत थाना भवन, नवागत पुलिस बैरक और मेस कक्ष की स्थिति की विस्तार से जांच की। साथ ही स्टेशनों पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए।


गोरखपुर अनुभाग के बलिया सर्किल के क्षेत्राधिकारी सविरत्न गौतम ने निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी बीबी राजभर को निर्देश दिया कि त्योहार और सावन के मौके पर स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही महिला यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए महिला हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया। सीओ ने कहा कि भीड़भाड़ वाले समय में रेलवे स्टेशन पर अपराधियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में सतर्क रहना और समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस बल को हर हाल में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा और यात्रियों को डायल 112, 1090, व 108 के बारे में विस्तार से जानकारी देने का निर्देश भी दिए। वह थाने पर तीन घंटे से अधिक समय तक निरीक्षण किए इसके बाद वह 07 बजे चले गए।


इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बी बी राजभर, उपनिरीक्षक धर्मराज, हेड दीवान दीपक पटेल, राणा प्रताप, इस्तेयाक अहमद, विजय कुमार, नीरज कुमार, सुरेश कुमार, जितेंद्र यादव, नवीन कुमार, राजेश कुमार, विनय कुमार, विक्रमादित्य मौर्य, धीरज यादव सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहें।

आजमगढ़ 2 प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का निर्देश, एक को नोटिस जारी अवैध स्कूलों पर BSA की सख्त कार्रवाई, प्राथमिक विद्यालय में बदहाल स्थिति, हेडमास्टर को BSA की फटकार


 आजमगढ़ 2 प्राइवेट स्कूलों को बंद करने का निर्देश, एक को नोटिस जारी



अवैध स्कूलों पर BSA की सख्त कार्रवाई, प्राथमिक विद्यालय में बदहाल स्थिति, हेडमास्टर को BSA की फटकार



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राजीव कुमार पाठक ने शनिवार को सठियांव शिक्षा क्षेत्र के अमुड़ी प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल का परिवेश बदहाल, रंगाई-पोताई न होने, शौचालय में ताला, और एक ही शिक्षक द्वारा कक्षाओं का संचालन जैसी अनियमितताएं पाई गईं। 70 नामांकित बच्चों में से केवल 46 मौजूद थे। खर्च धनराशि का विवरण न दे पाने पर प्रधानाचार्या फौजिया खातून को BSA ने फटकार लगाई और तीन दिन में जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया।


BSA ने रानी की सराय शिक्षा क्षेत्र के ऊंची गोदाम में कई प्राइवेट स्कूलों का निरीक्षण किया, जहां वैष्णों देवी स्कूल और एजम्पसन एकाडमी बिना मान्यता के संचालित पाए गए। बाबा विश्वनाथ जूहा स्कूल में मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाने का मामला सामने आया। इन स्कूलों को बंद करने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिले में आधा दर्जन से अधिक अवैध स्कूलों के संचालन की पुष्टि हुई, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। BSA ने साफ किया कि अवैध स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई होगी और संबंधित शिक्षा क्षेत्र के अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।


BSA राजीव कुमार पाठक ने बताया कि “अमुड़ी प्राथमिक विद्यालय में कमियों के लिए प्रधानाचार्या को नोटिस दी गई है। जिले में अवैध स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। गैर मान्यता प्राप्त स्कूल संचालित नहीं होने दिए जाएंगे, और ऐसे स्कूल पाए जाने पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।

Saturday, 26 July 2025

आजमगढ़ अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 लाख रुपये के आभूषण और नकदी बरामद गिरोह के 5 शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


 आजमगढ़ अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 लाख रुपये के आभूषण और नकदी बरामद



गिरोह के 5 शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश के, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के नेतृत्व में आजमगढ़ पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस ने चार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण, दो घड़ियां (फास्ट्रैक और रोलैक्स), और 31,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।


 पुलिस ने 25 जुलाई 2025 को ठंडी सड़क, बंधा रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों—अंकित वर्मा (26), विशाल चौहान (25), रोशन गुप्ता (30), विजय सेठ उर्फ कोमल (25), और पवन सेठ (45) को गिरफ्तार किया। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, एक पेंचकस, और नकदी शामिल हैं।


चोरी की घटनाओं में बीते 12 जुलाई को कोल बाजबहादुर में आलोक गुप्ता के घर से दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ। इसी तरह 18 जुलाई को जजेज कॉलोनी, सिविल लाइन में दो न्यायिक अधिकारियों अभिलाषा सैनी और तारिफ मुस्तफा खान के बंद सरकारी आवासों से चोरी हुई थी। चोरों ने चांदी की अंगूठी, 20,000 रुपये नकद, और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुराए। इसके अतिरिक्त, थाना मेहनगर और सिधारी में दर्ज एक-एक अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका पांच सदस्यीय गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था।


 विशाल चौहान और अंकित वर्मा शहर में बंद घरों की रेकी करते थे। पेंचकस की मदद से ताले तोड़कर वे आभूषण और नकदी चुराते थे। चोरी का माल रोशन गुप्ता, विजय सेठ, और पवन सेठ को सस्ते दामों में बेचा जाता था, जो मेहनगर में आभूषण और गल्ले की दुकानें चलाते हैं। इस आॅपरेशन का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यादवेंद्र पांडेय ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, यश सिंह पटेल, अभिषेक कुशवाहा, और अन्य कॉन्स्टेबल शामिल थे। गिरफ्तार अभियुक्तों, विशेष रूप से विशाल चौहान और अंकित वर्मा, का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें दिल्ली और आजमगढ़ में चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

Friday, 25 July 2025

आजमगढ़ शहर कोतवाली लाइब्रेरी के अंदर मनबढ़ ने फाड़ा युवती का कपड़ा विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा, मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ शहर कोतवाली लाइब्रेरी के अंदर मनबढ़ ने फाड़ा युवती का कपड़ा



विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटा, मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के हिरापट्टी में एक युवती और उसकी भान्जी के साथ मारपीट, कपड़े फाड़ने और सार्वजनिक स्थान पर अपमानित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने शहर कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई है।


पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह और उनकी भान्जी लाइब्रेरी में पढ़ने जाती हैं। लाइब्रेरी में पढ़ने वाला प्रदुम्न सिंह, जो हिरापट्टी का निवासी है, लंबे समय से उनका पीछा करता था और अश्लील टिप्पणियां करता था। 24 जुलाई 2025 को शाम करीब 6:30 बजे लाइब्रेरी में प्रदुम्न ने फिर से अश्लील टिप्पणियां कीं और भान्जी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया। जब मैने इसका विरोध किया तो प्रदुम्न ने हम दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी और मेरे कपड़े फाड़ दिए, जिससे मैं अर्धनग्न अवस्था में आ गईं और सहम गईं।


शिकायत के अनुसार, इसके बाद प्रदुम्न के पिता दानबहादुर सिंह लाठी-डंडों के साथ आए और उनके साथ 3-4 अन्य लोग भी थे, जिन्होंने मेरे और मेरी भान्जी के साथ मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि इन अन्य लोगों के नाम और पते उन्हें नहीं पता। पीड़िता ने शहर कोतवाली प्रभारी से इस मामले में FIR दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्रदुम्न सिंह पुत्र दानबहादुर सिंह निवासी हीरापट्टी, कोतवाली, दानबहादुर सिंह सहित 3-4 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।