आजमगढ़ शहर कोतवाली, नकली गहने के आरोप पर ज्वेलर्स की दुकान में हंगामा, ग्राहक-दुकानदार में मारपीट
पुरानी कोतवाली स्थित सर्राफा दुकान पर हुआ विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को लेकर आई कोतवाली
उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित जितेंद्र कुमार सुधीर कुमार ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार को ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राहक ने कुछ समय पूर्व उक्त दुकान से गहने खरीदे थे। बाद में गहनों के नकली होने की शिकायत को लेकर वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से इस संबंध में बातचीत करने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने ग्राहक से गहने छीन लिए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया तथा दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्राहक ने दुकानदार पर नकली सोना देने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment