Friday, 20 October 2023

आजमगढ़ मेंहनगर नदी में उतराया मिला कंकाल आधार कार्ड व कपड़े से हुई पहचान 10 अक्टूबर को हुआ था लापता, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ मेंहनगर नदी में उतराया मिला कंकाल


आधार कार्ड व कपड़े से हुई पहचान


10 अक्टूबर को हुआ था लापता, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर थाना क्षेत्र के मंगई नदी में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गयी। कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने कंकाल को बाहर निकलवाया। उसके कपड़े और पाकेट में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।


आज शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर नियामतपुर गांव के समीप मंगई नदी में ग्रामीणों ने एक कंकाल उतराया हुआ देखा। ग्राम प्रधान राहुल यादव ने इसकी सूचना मेंहनगर थाना प्रभारी को दी। सूचना पाकर मेंहनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। ग्रामीणों के सहयोग से कंकाल बाहर निकाला गया। मृतक के पहने लोवर से आधार कार्ड, मोबाइल सहित नगदी पाया गया। आधार कार्ड व पहने कपड़े के आधार पर मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बलेलपुर निवासी 36 वर्षीय संजय यादव पुत्र स्व0 रामू यादव के रूप में की गई। वह 10 अक्टूबर को शाम घर से बाजार के लिए साइकिल से निकला था लेकिन घर वापस नहीं आया, परिजनों ने काफी खोजबीन किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। 


मृतका की मां चम्पा देवी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के पत्नी अनुपमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक के दो पुत्री अनन्या 5 वर्ष, तन्नवी 3 वर्ष, कार्तिकेय 2 वर्ष हैं। मृतक के भाई सतीश यादव ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। इस बाबत थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि कंकाल को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है, कंकाल का डीएनए टेस्ट के बाद ही शव किसका है यह स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम के आधार पर घटना की विवेचना की जायेगी।

आजमगढ़ श्री राम की आरती के साथ गंभीरपुर की ऐतिहासिक श्री रामलीला शुरु नारद मोह के मंचन बंदर रुप ने लोगों को खूब हंसाया


 आजमगढ़ श्री राम की आरती के साथ गंभीरपुर की ऐतिहासिक श्री रामलीला शुरु


नारद मोह के मंचन बंदर रुप ने लोगों को खूब हंसाया 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गंभीरपुर में होने वाली श्रीरामलीला की शुरुआत बृहस्पतिवार की रात श्री राम की आरती और शिव पार्वती संवाद,नारद मोह के मंचन से हुआ। मंचन में नारद के बंदर रुप ने लोगों को लोट-पोट कर दिया।स्थानीय कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों की दर्शकों ने तालियों से सराहाना की। बीच-बीच में भगवान श्रीराम के लग रहे जयकारों से वातावरण श्रीराममय हो गया था।   


 श्रीरामलीला समिति गंभीरपुर के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का शुभारंभ बृहस्पतिवार की शाम आठ बजे हर वर्ष की भांति इस वर्ष में ग्राम प्रधान संतोष कुमार द्वारा फीता काटकर मंच का उद्घाटन किया गया उसके उपरांत श्री राम जी का माल्यार्पण कर ग्राम प्रधान द्वारा आरती की गई। उसके उपरांत रामलीला समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता द्वारा ग्राम प्रधान समेत सभी मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।



 मंचन के क्रम में नारद के घमंड को तोडऩे के लिए श्री विष्णु भगवान ने नारद को बंदर का रुप देते हैं। इसके बाद नारद श्रीनगर के राजा की पुत्री से शादी करने जाते हैं। राजा के दरबार में बंदर के रुप को देख लोग खूब हंसते हैं। इसी बीच शंकर जी के भेजे गए दो गणों ने नारद को उनका बंदर वाला चेहरा दिखाते हैं। अपने इस रुप को देख नारद क्रोधित हो जाते हैं और वहां से चले जाते हैं। साथ ही नारद दोनों गणों को श्राप देते हैं कि जाओं तुम दोनों राक्षस बन जाओगे। मंचन के दौरान नारद के बंदर के रुप को देख दर्शक हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाते हैं। 

इस मौके पर समाजसेवी वीरेंद्र पाठक, इंद्रेश प्रताप राय, शशिकांत उपाध्याय उर्फ़ डब्लू मास्टर, हरिशंकर प्रसाद ओमप्रकाश ठठेर, संजय गुप्ता, अनिल चौरसिया,श्याम सुंदर सिंह, पद्माकर मिश्रा,  करुणाकर मिश्रा, अंकित चतुर्वेदी, अनिल दत्त मिश्रा, चेतनारायण चौहान,सुरेंद्र गौड़ समेत अन्य लोग उपस्थित रहें।



आजमगढ़ गंभीरपुर से राहुल पांडेय की रिपोर्ट

बिजनौर दरोगा की गंदी करतूत: होटल में बदली नीयत महिला से कर डाली यह डिमांड


 बिजनौर दरोगा की गंदी करतूत: होटल में बदली नीयत


महिला से कर डाली यह डिमांड



उत्तर प्रदेश बिजनौर में दरोगा की बदनियति का शिकार होते-होते बाल बाल बची पीड़िता को केस दर्ज कराने के लिए खूब जद्दोजहद करनी पड़ी। एडीजी के आदेश पर पीड़िता के ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिसके विवेचक ने अब महिला को गंभीर धारा बनाए रखने के लिए अनैतिक ऑफर कर डाला। कस्बा झालू की रहने वाली एक युवती को दिल्ली निवासी शुऐब ने अपने प्रेम जाल में फंसाया। जिसने युवती को देहरादून और मसूरी ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने निकाह भी कर लिया। निकाह के बाद आरोपी ने तलाक देकर बातें करना बंद कर दिया।


उधर, ससुरालयों ने दहेज की मांग की। दहेज उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया। तमाम कोशिशों के बाद एडीजी के आदेश पर थाना हल्दौर में 12 सितंबर को दहेज एक्ट, तीन तलाक, दुष्कर्म और गर्भपात जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। यह केस दर्ज हुआ तो विवेचना की जिम्मेदारी झालू चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गौतम को मिली। आरोप है कि केस में विवेचना के लिए दरोगा ने मसूरी के एक होटल में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़िता भी अपनी एक दोस्त को लेकर वहां पहुंची। दोनों ही दरोगा की कार मैं बैठकर मसूरी गईं।


 होटल में मुआयना करने के साथ ही दरोगा की नियत भी बदल गई। देहरादून तक आते-आते दारोगा ने धारा बनाए रखने के लिए पीड़िता को अनैतिक ऑफर किया। सिर्फ इतना ही नहीं पीड़िता के साथ-साथ किसी महिला दोस्त को भी संग लाने के लिए दरोगा ने दबाव बनाया। हालांकि पीड़िता ने विवेचक की बदनियति को भांप लिया। वहीं, महिला किसी तरह अपने चाचा के घर पहुंच गई। लेकिन दरोगा के फोन ने पीछा नहीं छोड़ा। देर रात दरोगा ने कॉल करके अपनी पेशकश रख दी। जिसे महिला ने रिकॉर्ड कर लिया। यह रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दरोगा ने महिला से कुछ समय उसके संग गुजारने की पेशकश की। महिला का आरोप था कि दरोगा ने उसके साथ अश्लील बातें कीं और बार-बार रात में संग रुकने के लिए दबाव बनाया।

Thursday, 19 October 2023

कौशांबी एसपी पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला पर लगा गैंगस्टर लूटपाट का आरोप


 कौशांबी एसपी पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला पर लगा गैंगस्टर



लूटपाट का आरोप



कौशाम्बी के पुलिस अधीक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला और उसके भाई समेत तीन लोगों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का आरोप है कि महिला गैंग बनाकर लोगों से लूटपाट करती थी। गिरोह बनाकर लूटपाट करने के आरोप में करारी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला और उसके भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। 


एसपी के आवास पर काम करने वाली महिला ने 19 जून को एसपी पर छेड़खानी का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद 20 जून को पुलिस की ओर से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में वह अपने बयान से मुकर गई थी। करारी के थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने 18 अक्तूबर 2023 को तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था।

आजमगढ़ जिलाधिकारी ने अवंतिकापुरी मंदिर का किया निरीक्षण मंदिर परिसर के चारो तरफ विशेष रूप से साफ-सफाई कराने का दिया निर्देश केबीसी में एक करोड़ जीतने वाले जसलीन चौहान को किया गया सम्मानित


 

आजमगढ़ जिलाधिकारी ने अवंतिकापुरी मंदिर का किया निरीक्षण



मंदिर परिसर के चारो तरफ विशेष रूप से साफ-सफाई कराने का दिया निर्देश


केबीसी में एक करोड़ जीतने वाले जसलीन चौहान को किया गया सम्मानित


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने आज अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत तहसील निजामाबाद के ब्लाक रानी की सराय में स्थित प्राचीन अवंतिकापुरी (आंवक) मंदिर का निरीक्षण किया गया।


जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के चारो तरफ विशेष रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। उन्होने प्राचीन तालाब के घाटों एवं तालाब में घास एवं जलकुम्भी साफ कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं मंदिर कमेटी के द्वारा मांग किये जाने पर तालाब की खुदायी कर गहराई बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होने मौके पर उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी को तालाब को मनरेगा के अन्तर्गत गहराई एवं सौन्दर्यीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने तालाब के चारो तरफ किये गये अतिक्रमण को हटाने एवं बाउण्ड्रीवाल बनाने के लिए भी जिलाधिकारी से अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पर कार्यवाही की जायेगी।


उप जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान में तालाब का क्षेत्रफल 47 बीघा है। जिलाधिकारी ने मौके पर तालाब की जमीन का नक्शे में मुआयना किया तथा कहा कि 1359 फसली में कितना दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान के लिए ग्राम सभा से प्रस्ताव करने का निर्देश दिया। उन्होने इसके सम्बन्ध में मुख्य राजस्व अधिकारी को भी अवगत कराने के निर्देश दिये।


 जिलाधिकारी के पहुंचने पर सर्वप्रथम खण्ड विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधान जाहिद खान ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर केबीसी में एक करोड़ जीतने वाले जसलीन चौहान को भी सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी ने मंदिर में विधिवत पूजा एवं दर्शन किया। इस अवसर पर एसडीएम निजामाबाद, खण्ड विकास अधिकारी, ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान एवं आमजन उपस्थित रहे।

आजमगढ़ जीयनपुर बोलेरो-आटो में भीषण टक्कर, एक की मौत, 2 की हालत गंभीर केशवपुर जंगल के पास बीती रात हुई दुर्घटना


 आजमगढ़ जीयनपुर बोलेरो-आटो में भीषण टक्कर, एक की मौत, 2 की हालत गंभीर


केशवपुर जंगल के पास बीती रात हुई दुर्घटना



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर देर शाम बोलेरो ऑटो चालक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने बोलेरो ऑटो को कब्जे में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब 8 बजे जीयनपुर से सवारी छोड़कर ऑटो चालक जितेंद्र यादव निवासी लाडो अपने घर जा रहा था कि आजमगढ़ की तरफ से सामने से सेवानिवृत अध्यापक अशोक राय पुत्र बच्चा राय अपनी पत्नी को आजमगढ़ में इलाज के लिए भर्ती कराकर वापस आते समय केशवपुर जंगल के पास ऑटो व बोलेरो में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे बोलेरो सड़क के किनारे खाई में पलट गई।


 वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो चालक व बोलेरो सवार दो को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वही खाई से बोलेरो को निकाल कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में जितेंद्र यादव की मौत हो गई। वहीं सूचना पर उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पास एक पुत्री है। बोलेरो चालक सोनू राय व सेवानिवृत अध्यापक अशोक राय निवासीगण उसरी जनपद मऊ की हालत गंभीर बनी हुई है। इस दौरान आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जीयनपुर कोतवाल विवेक पांडेय क्षेत्राधिकारी महेंद्र शुक्ला सहित दर्जनों की संख्या में पुलिस बल के जवानों ने आवागमन शुरू कराया।

दीपावली का तोहफा, उत्तर प्रदेश के 1.54 करोड़ लोगों को भेजे जाएंगे रुपये इन लाभार्थियों को मिलेगा सरकार की इस योजना का लाभ


 दीपावली का तोहफा, उत्तर प्रदेश  के 1.54 करोड़ लोगों को भेजे जाएंगे रुपये


इन लाभार्थियों को मिलेगा सरकार की इस योजना का लाभ



उत्तर प्रदेश लखनऊ उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीवाली पर मुफ्त सिलिंडर के लिए शीघ्र ही कैबिनेट प्रस्ताव लाया जाएगा। इस योजना के तहत राज्य सरकार हर लाभार्थी के खाते में 660 रुपये भेजेगी, जबकि 300 रुपये केंद्र सरकार से बतौर सब्सिडी मिलता है। प्रदेश में वर्तमान में उज्ज्वला योजना के 1.75 करोड़ लाभार्थी हैं। इनमें से 1.54 करोड़ लाभार्थियों के खाते आधार प्रमाणित हैं, जिनमें केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी पहले से ही जा रही है। पहले चरण में आधार प्रमाणित खातों में ही योजना की राशि भेजी जाएगी।


 शेष लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से जैसे-जैसे जुड़ते जाएंगे, वैसे-वैसे उन्हें भी योजना का लाभ मिलता जाएगा। सभी लाभार्थियों को एक बार लाभ देने पर राज्य सरकार के खजाने पर करीब 1200 करोड़ रुपये का व्यय भार आएगा।