Sunday, 27 April 2025

आजमगढ़ पवई गोवंश अवशेष मिलने से मचा हड़कंप अवशेष का नमूना लेने के बाद गड्ढा खोदकर किया गया दफना


 आजमगढ़ पवई गोवंश अवशेष मिलने से मचा हड़कंप



अवशेष का नमूना लेने के बाद गड्ढा खोदकर किया गया दफना



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के चकधुधुरी गांव में नहर की पुलिया के पास रविवार सुबह एक जूट के बोरे में कटे हुए गोवंश का अवशेष और उसका सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पवई थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।


ग्रामीणों से पूछताछ में अवशेष के फेंके जाने के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। लोगों का कहना था कि अवशेष को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है। पुलिस ने सरकारी पशु चिकित्सक को बुलाया, जिन्होंने अवशेष का नमूना लिया। इसके बाद थानाध्यक्ष की मौजूदगी में ग्रामीणों के सामने अवशेष को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पवई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। 


थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस इस घटना के पीछे के कारणों और दोषियों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है, और ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आजमगढ़ फूलपुर एसडीएम के आदेश की उड़ रही धज्जियां विवादित जमीन पर पुलिस की मेहरबानी से जारी निर्माण



 आजमगढ़ फूलपुर एसडीएम के आदेश की उड़ रही धज्जियां




विवादित जमीन पर पुलिस की मेहरबानी से जारी निर्माण


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील के हाजीपुर गांव में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के स्पष्ट आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण कार्य जोर-शोर से जारी है। आरोप है कि अम्बारी पुलिस चौकी की शह पर एक पक्ष द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।


पीड़ित अतुल और राजेंद्र, पुत्र कोमल यादव, ने एसडीएम फूलपुर से शिकायत की थी कि उनके सहखातेदार रविंद्र नाथ यादव, पुत्र कोमल यादव, विवादित जमीन पर जबरन निर्माण करा रहे हैं। यह मामला धारा 116 के तहत बटवारे का है और फूलपुर तहसील न्यायालय में लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 29 अप्रैल को होनी है। एसडीएम सन्त रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य रोकने और पुलिस, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया था। बावजूद इसके, निर्माण कार्य निर्बाध जारी है।


पीड़िता मनभावता ने आरोप लगाया कि अम्बारी पुलिस चौकी के इंचार्ज और पुलिसकर्मी एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। उनका दावा है कि पुलिस ने उनके परिवार को बेरहमी से पीटा, जबकि सहखातेदार रविंद्र यादव को कोई टोकाटाकी नहीं की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस पैसे लेकर निर्माण कार्य करवा रही है।


उपजिलाधिकारी सन्त रंजन ने कहा, "निर्माण कार्य रोकने का आदेश पहले ही दिया गया था। यदि आदेश का उल्लंघन हो रहा है, तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।


हाजीपुर गांव में विवादित जमीन पर जारी निर्माण और पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित पक्ष न्याय की गुहार लगा रहा है, जबकि मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल 2025 को होनी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।

Saturday, 26 April 2025

आजमगढ़ दीदारगंज शादी समारोह में फायरिंग से मना करने पर युवक को मारी गोली पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

आजमगढ़ दीदारगंज शादी समारोह में फायरिंग से मना करने पर युवक को मारी गोली



पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत थाना दीदारगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। शादी समारोह में जयमाल के दौरान अवैध असलहे से फायरिंग करने और एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल करने के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।


शिकायतकर्ता जगदीश यादव ने बताया कि 24-25 अप्रैल की रात को ग्राम दरियापुर, थाना दीदारगंज की एक बारात में रात करीब 1 बजे जयमाल के समय तीन अभियुक्तों राकेश प्रजापति, अनिल राजभर और अंकुश यादव ने अवैध पिस्टल से फायरिंग शुरू की। जब उनके बेटे ने इसका विरोध किया तो अभियुक्तों ने उस पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया।


 इस मामले में थाना दीदारगंज में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। उक्त मामले में पुलिस ने शनिवार की सुबह करीब 4:25 बजे भांदो मोड़ के पास से तीनों अभियुक्तों राकेश प्रजापति, अनिल राजभर और अंकुश यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल भी बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक रूपेश कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

 

आजमगढ़ अहरौला फर्जी दस्तावेजों से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, पुलिस ने लोगों से की यह अपील


 आजमगढ़ अहरौला फर्जी दस्तावेजों से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश



गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, पुलिस ने लोगों से की यह अपील



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो जाली दस्तावेजों के जरिए नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठग रहा था। इस गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना शशिकांत पाण्डेय उर्फ सोनू (निवासी आतापट्टी भीमलपट्टी, अहरौला) था। अन्य सदस्यों में दिनेश कुमार पाण्डेय (गहजी, अहरौला, हाल पता लखनऊ), मंजू पाण्डेय (शशिकांत की पत्नी), अमन पाण्डेय, विकास पाण्डेय (दोनों आतापट्टी भीमलपट्टी), और मानधाता पाण्डेय (देवखरी विजौरा कॉलोनी, कंधरापुर) शामिल हैं। यह गिरोह जाली दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में पेश करता था और नौकरी का लालच देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। इसकी गतिविधियों ने जिले में लोक व्यवस्था को प्रभावित किया और लोग डर के कारण शिकायत करने से कतराते थे।


पुलिस के अनुसार अहरौला थाने में गिरोह के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी और कुछ मामलों में अपमान व धमकी की धाराएं शामिल हैं। इन मामलों में आरोप पत्र 6 और 7 अगस्त 2024 को अदालत में दाखिल किए गए, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं।


पुलिस ने 16 फरवरी 2025 को गैंगचार्ट तैयार कर पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्ट्रेट को भेजा था, जिसे 15 अप्रैल 2025 को संयुक्त बैठक में अनुमोदित किया गया। इसके आधार पर गिरोह के सभी सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट 1986 की धारा 2(ख)(1)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम, जिसमें कांस्टेबल प्रशांत कुमार, मुकेश वर्मा, महिला कांस्टेबल बंदना सिंह, और चालक झब्बू शामिल थे, ने ग्राम आलमपुर में गश्त के दौरान स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस गिरोह के बारे में कोई भी जानकारी नजदीकी थाने में साझा करें। साथ ही, गवाहों की सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।

फिरोजाबाद दरोगा की बर्थडे पार्टी में आपस में भिड़े सिपाही पुलिस चौकी बनी अखाड़ा, चौकी प्रभारी सहित 3 लाइन हाजिर


 फिरोजाबाद दरोगा की बर्थडे पार्टी में आपस में भिड़े सिपाही



पुलिस चौकी बनी अखाड़ा, चौकी प्रभारी सहित 3 लाइन हाजिर



उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस चौकी अखाड़ा बन गई। थाना उत्तर क्षेत्र की एक चौकी में तैनात दरोगा के जन्मदिन की पार्टी में ऐसा विवाद हुआ कि एक दूसरे के साथ हाथापाई कर दी। वर्दी की मर्यादा तार तार करने वालों की जानकारी जैसे ही एसएसपी तक पहुंची तो मामले की जांच कराई गई। जांच में चौकी प्रभारी और दो अन्य सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया।


मामला थाना उत्तर की चौकी आगरा गेट से जुड़ा है। मंगलवार की देर रात यहां पर चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी गौरव वर्मा के जन्मदिन को लेकर जश्न मनाने की तैयारी की गई। पार्टी में सिपाहियों द्वारा अपने अपने तरीके से चौकी प्रभारी को लुभाया जा रहा था। खुशी के माहौल में अचानक सिपाही आपस में भिड़ गए। फिर क्या था एक दूसरे से हाथापाई होने लगी। एक सिपाही को दो सिपाहियों ने पकड़ा और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। सिपाही के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ गया।


मारपीट का शिकार हुए सिपाही का आरोप है कि उसको दो अन्य सिपाहियों ने पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की गई थी। धक्कामुक्की की गई थी। मामला रात को शांत हो गया लेकिन अधिकारियों तक इसकी भनक पहुंच गई। सिपाहियों की आपसी मारपीट का मामला सामने आने पर इसकी जांच कराई गई। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने चौकी प्रभारी गौरव वर्मा, सिपाही अजीत, सिपाही इश्तकार को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।

आजमगढ़ मेहनाजपुर पेड़ से लटकता मिला युवती का शव रहस्यमयी परिस्थितियों ने उठाए सवाल, पुलिस जांच में जुटी


 आजमगढ़ मेहनाजपुर पेड़ से लटकता मिला युवती का शव



रहस्यमयी परिस्थितियों ने उठाए सवाल, पुलिस जांच में जुटी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मट्ठ बैजनाथपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक 19 वर्षीय युवती का शव पोखरे के पास एक पाकड़ के पेड़ पर लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान मिश्री लाल गौड़ की पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


परिजनों के अनुसार, शीतल गुरुवार रात पढ़ाई करने के बाद सोने चली गई थी। सुबह उनका शव घर से करीब 400 मीटर दूर पेड़ पर लटकता पाया गया। शव पर गीली मिट्टी लगी होने और पैरों के जमीन के करीब होने की बात ने कई सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव के पैर जमीन को छू रहे थे, जबकि मेहनाजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पैर जमीन से कुछ सेंटीमीटर ऊपर थे और शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला। शव पर गीली मिट्टी लगने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शीतल के लटकने की जगह और जमीन से दूरी को लेकर गांव में तरह-तरह की चचार्एं चल रही हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Friday, 25 April 2025

आजमगढ़ मेहनगर शादी समारोह के बाद युवक पर जानलेवा हमला, मृत समझकर नहर में फेंका रात भर पानी में पड़ा रहा युवक, सुबह ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल


 आजमगढ़ मेहनगर शादी समारोह के बाद युवक पर जानलेवा हमला, मृत समझकर नहर में फेंका



रात भर पानी में पड़ा रहा युवक, सुबह ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी अमित सिंह पर शादी समारोह के बाद अभियुक्त कृष्ण कुमार सिंह उर्फ गोलू और उसके 2-3 अज्ञात साथियों ने जानलेवा हमला किया। अमित ने मेहनगर थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गोलू पहले से उनकी पत्नी के प्रति अभद्र व्यवहार करता था।



घटना 20 अप्रैल 2025 की है, जब अमित ग्राम गुरेहथा में एक मित्र की बहन के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। वहां मौजूद गोलू ने शराब के नशे में अमित की पत्नी के बारे में अशोभनीय टिप्पणी की और गालियां दीं। विवाद से बचने के लिए अमित घर लौटने लगे, लेकिन रास्ते में गोलू और उसके साथियों ने लाठी-डंडों व असलहों से लैस होकर अमित को रोका और मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने अमित को पास की नहर में फेंक दिया। रात भर बेहोशी की हालत में नहर में पड़े अमित को अगली सुबह दो अज्ञात लोगों ने देखकर बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बची।


 अमित ने मेहनगर थानाध्यक्ष को तहरीर देकर गोलू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।