Wednesday, 23 April 2025

आजमगढ़ कमिश्नर आफिस के सामने वन निगम की लकड़ियों में लगी भीषण आग पुलिस सहित दमकल की गाड़िया आग बुझाने में जुटी


 आजमगढ़ कमिश्नर आफिस के सामने वन निगम की लकड़ियों में लगी भीषण आग



पुलिस सहित दमकल की गाड़िया आग बुझाने में जुटी



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ मण्डलायुक्त कार्यालय के सामने सिधारी थाने से कुछ कदम दूर वन निगम द्वारा रखी गयी लकड़ियों में बुधवार की रात्रि लगभग आठ बजे आग लग गयी। आग की सूचना पाकर सिधारी थाना प्रभारी सहित दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक आग ने विकराल रूप पकड़ लिया था और दमकल की गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में लगी हुई थी। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आजमगढ़ हीटवेव के चलते स्कूलों के समय में बदलाव सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक होगी पढ़ाई


 आजमगढ़ हीटवेव के चलते स्कूलों के समय में बदलाव



सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक होगी पढ़ाई



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ भीषण गर्मी और हीटवेव (लू-प्रकोप) के खतरे को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 11 अप्रैल 2025 के पत्र के आधार पर, जिलाधिकारी की अनुमति से 24 अप्रैल 2025 से कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे।


यह निर्देश परिषदीय प्राथमिक/उच्च प्राथमिक, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों, सीबीएसई, आईसीएसई, उत्तर प्रदेश बोर्ड, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। साथ ही, स्कूलों में छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आउटडोर शारीरिक गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने सभी स्कूलों को इन निदेर्शों का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया है। यह कदम बच्चों को गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के लिए उठाया गया है।

आजमगढ़ कप्तानगंज मनबढ़ ने पान-किराना की दुकान में लगाई आग, सैलून भी जला उधार का गुटका न देने पर दिया घटना को अंजाम, मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ कप्तानगंज मनबढ़ ने पान-किराना की दुकान में लगाई आग, सैलून भी जला



उधार का गुटका न देने पर दिया घटना को अंजाम, मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेवता बाजार में उधार गुटका न देने से नाराज एक मनबढ़ ने पान और किराना की गुमटी में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में पास की सैलून की दुकान भी जलकर खाक हो गई। दोनों गुमटियों में रखा हजारों का सामान और नकदी राख हो गई। पीड़ितों ने गांव के ही एक मनबढ़ के खिलाफ स्थानीय थाने में नामजद तहरीर दी है।


चेवता गांव निवासी राकेश चौरसिया (पुत्र हरिलाल चौरसिया) वर्ष 1980 से चेवता बाजार में जूनियर हाईस्कूल के पास पान की दुकान चलाते हैं। बाद में उन्होंने गुमटी को बड़ा कर किराना का सामान भी बेचना शुरू किया। राकेश ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि बीती रात गांव के ही अरुण सिंह (पुत्र नागेंद्र प्रताप सिंह) ने उनकी दुकान पर उधार सामान मांगा। राकेश ने पूर्व के बकाया उधार का हवाला देकर मना किया, जिससे नाराज अरुण ने देर रात करीब 12 बजे गुमटी में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।


आग इतनी तेजी से फैली कि पास में दिनेश शर्मा पुत्र श्यामबिहारी की सैलून की गुमटी भी इसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने देर रात दोनों दुकानदारों को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक किराना-पान की दुकान में हजारों का सामान और सैलून में रखे 15 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए।


बुधवार को स्थानीय दुकानदारों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया और थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया जाता है कि आरोपी अरुण सिंह कुछ वर्ष पहले फर्जी आरटीओ बनकर वसूली करता था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था।


एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि राकेश चौरसिया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश 4 जिलों के एसपी सहित 15 आईपीएस अफसर का तबादला, देखें सूची अंकुर अग्रवाल के आईपीएस बनने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प


 
उत्तर प्रदेश 4 जिलों के एसपी सहित 15 आईपीएस अफसर का तबादला, देखें सूची


अंकुर अग्रवाल के आईपीएस बनने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प


लखनऊ, उत्तर प्रदेश शासन ने चार जिलों के कप्तान सहित 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। पुलिस अधीक्षक सीतापुर चक्रेश मिश्र को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का एसपी बनाया गया है। वहीं, एसपी बांदा रहे अंकुर अग्रवाल को सीतापुर का एसपी बनाया गया है। अंकुर अग्रवाल 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वहीं, पलाश बंसल बांदा और प्रबल प्रताप सिंह महोबा के पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं। अभिषेक सिंह पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक बनाए गए हैं।




हरियाणा के अंबाला के मूल निवासी अंकुर अग्रवाल के आईपीएस बनने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प बताई गई है। अंकुर अग्रवाल की प्राथमिक शिक्षा अंबाला से हुई। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई और बंगलुरू में सॉफ्टवेयर कंपनी में लाखों के पैकेज की नौकरी की। नौकरी के दौरान ही कंपनी ने उन्हें अमेरिका भेज दिया और वहां उन्होंने नौकरी के साथ ही यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। अपने पहले ही प्रयास में आईपीएस बनकर देश सेवा का संकल्प लिया।

अंकुर अग्रवाल की पत्नी वृंदा शुक्ला भी आईपीएस हैं। अंकुर और वृंदा ने प्राथमिक शिक्षा एक ही स्कूल से की है, इसके बाद दोनों एक दूसरे से अलग हो गए और वृंदा अमेरिका चली गई। किस्मत ने एक बार फिर से पलटी मारी और अंकुर की कंपनी ने उन्हें भी अमेरिका भेज दिया। इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई और दोनों ने यूपीएससी की परीक्षा पास करने का प्रण कर लिया और काम के साथ ही परीक्षा की तैयारी में जुट गए। गौरतलब है कि वृंदा शुक्ला 2014 बैच की आईपीएस हैं। वहीं, अंकुर अग्रवाल उनसे दो साल जूनियर 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। आईपीएस बनने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया और विवाह बंधन में बंध गए।

Tuesday, 22 April 2025

आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्रा ने यूपीएससी में लहराया परचम अनामिका पांडेय ने तीसरे प्रयास में हासिल किया 579वीं रैंक


 आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्रा ने यूपीएससी में लहराया परचम



अनामिका पांडेय ने तीसरे प्रयास में हासिल किया 579वीं रैंक



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरबंशपुर की छात्रा अनामिका पांडेय ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 579वीं रैंक हासिल की है। यह उनका तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।


अनामिका के पिता ओमप्रकाश पांडेय पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल थे। अंबेडकर नगर में एक हादसे में घायल होने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली। उनकी मां सीमा पांडेय गृहणी हैं। गाजीपुर के मूल निवासी ओमप्रकाश ने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए आजमगढ़ को चुना। अनामिका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं, उनके एक छोटे भाई और एक छोटी बहन हैं।


अनामिका की प्रारंभिक शिक्षा हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में हुई, जहां उन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। 2016 में 12वीं पास करने के बाद उन्होंने बिना किसी गैप के मथुरा की GLA प्राइवेट यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। 2020 में बीटेक पूरा करने के बाद अनामिका ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की।


सितंबर 2021 में वह दिल्ली गईं और कोचिंग जॉइन की, हालांकि तैयारी के दौरान उनका आजमगढ़ आना-जाना लगा रहा। पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली। दूसरे प्रयास में उन्होंने प्रीलिम्स पास किया, लेकिन मेन्स में चयन नहीं हुआ। तीसरे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई और अंततः फाइनल सिलेक्शन के साथ उन्होंने अपने सपने को साकार किया।

उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट, बढ़ी रेलवे-बस स्टेशनों की निगरानी डीजीपी प्रशांत कुमार ने अधिकारियों को जारी किया यह निर्देश


 उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट, बढ़ी रेलवे-बस स्टेशनों की निगरानी



डीजीपी प्रशांत कुमार ने अधिकारियों को जारी किया यह निर्देश



लखनऊ जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद यूपी में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा हमले के बाद सभी राज्यों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। सूत्रों की मानें तो सभी कमिश्नरेट और जिलों को संदिग्धों पर नजर रखने को कहा गया है। साथ ही, प्रमुख धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हवाई अड्डों आदि की निगरानी बढ़ा दी गई है। देर शाम डीजीपी प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में इस बाबत अहम दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं नेपाल सीमा पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। तीन जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा से पहले मंगलवार को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।


 दहशतगर्दों ने दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम की बायसरन घाटी में पर्यटकों के एक समूह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। सूत्रों के अनुसार, हमले में करीब 26 लोगों की मौत हो गई, इसमें दो विदेशी नागरिक भी हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घायलों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर आर्मी अस्पताल ले जाया जा रहा है। आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। गृह मंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ तत्काल आपात बैठक बुलाई। शाह पहलगाम का दौरा कर हालात का जायजा लेने जा रहे हैं।


 बताया जा रहा है पहलगाम से 10 किलोमीटर दूर बायसरन घाटी में दोपहर को दहशत फैल गई। हरेभरे घास के मैदान गोलियों की तड़तड़ाहट से गूज उठे। घास के मैदानों की साइट पर बनी चाय की दुकानों के पीछे से अचानक आए आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। घटनास्थल के कुछ वीडियो सामने आए हैं। चार लोग जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें एक बच्चा भी है, जबकि कुर्सी पर बैठा एक व्यक्ति खून से लथपथ है। वीडियो में दो महिलाएं मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। एक स्थानीय उन्हें दिलासा दे रहा है। 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला कायरतापूर्ण, अक्षम्य और घोर निंदनीय है। उन्होंने इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति शोक संवेदनाएं जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। 


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले की भयावह तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। ये हमला हर दृष्टिकोण से निंदनीय है। उन्होंने कहा कि घायलों के शीघ्रातिशीघ्र उपचार के लिए देश की सबसे अच्छी चिकित्सा सेवाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। केंद्र की सरकार को सबसे पहले सुरक्षा के वातावरण को सुनिश्चित करने की जरूरत है, तभी स्थानीय निवासियों और पर्यटकों का जीवन सुरक्षित रह सकता है।

देवरिया एक ही चिता पर जली 6 लाशें, रो पड़ा पूरा गांव बारातियों की कार पेड़ से टकराने पर हुआ था हादसा, 2 अन्य गंभीर


 देवरिया एक ही चिता पर जली 6 लाशें, रो पड़ा पूरा गांव



बारातियों की कार पेड़ से टकराने पर हुआ था हादसा, 2 अन्य गंभीर



उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रविवार रात एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बारातियों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दूल्हे के तीन चचेरे भाइयों समेत छ: लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।


हादसा नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुजौली शुक्ल गांव के पास हुआ। रामकोला थाना क्षेत्र के नरायनपुर चरगंवा गांव निवासी विकास मद्धेशिया की बारात देवगांव के अमवा टोला जा रही थी। कार में सवार दिल्ली से आए योगेंद्र मद्धेशिया (35), उनके छोटे भाई हरेंद्र मद्धेशिया (30), रंजीत मद्धेशिया (28), मुकेश मद्धेशिया (32), कार चालक ओमप्रकाश (30), और कुसमहा गांव के धुरचिया टोला निवासी भीम यादव (27) की मौके पर ही मौत हो गई। योगेंद्र के बहनोई बजरंगी (32) और राजकिशोर गंभीर रूप से घायल हैं।


हादसे की सूचना पर आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी कि लोगों को बाहर निकालने के लिए हथौड़ी, रॉड और डंडों का सहारा लिया गया। जब सफलता नहीं मिली तो गैस कटर मंगवाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया और मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।


सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगीं। अंतिम संस्कार के लिए शवों को छोटी गंडक नदी के रगरगंज घाट ले जाया गया, जहां एक ही चिता पर सभी छह शवों का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने अलग-अलग चिता को आग दी। घाट पर मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम थीं, और परिवार वाले दहाड़ मारकर रो रहे थे।


घाट पर भारी भीड़ को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात रही। तेज धूप और नदी की लहरों के बीच सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों के मुंह से बस एक ही बात निकल रही थी, "भगवान यह क्या कर दिया।"