Tuesday, 9 June 2026

आजमगढ़ कप्तानगंज 20.65 लाख रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी बैनामा के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय से फरार हुए आरोपी, चेक देकर भी भुगतान रोका; पुलिस ने दर्ज किया केस


 आजमगढ़ कप्तानगंज 20.65 लाख रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी


बैनामा के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय से फरार हुए आरोपी, चेक देकर भी भुगतान रोका; पुलिस ने दर्ज किया केस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 20.65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के ओरा गांव निवासी अजीम अहमद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसने ओरा गांव निवासी सत्यवान राय और विनोद राय से आराजी संख्या 803 की भूमि का एक हिस्सा खरीदने के लिए सौदा तय किया था। आरोप है कि जमीन के बदले कुल 20 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान आरटीजीएस एवं अन्य माध्यमों से किया गया। 


शिकायत के अनुसार 12 दिसंबर 2025 को निबंधन कार्यालय निजामाबाद में बैनामे की तैयारी पूरी हो गई थी, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान सत्यवान राय, विनोद राय और साहिल राय कथित रूप से बहाना बनाकर कार्यालय से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित द्वारा कई बार संपर्क करने पर आरोपियों ने पहले पैसा लौटाने का आश्वासन दिया और चेक भी दिए, लेकिन भुगतान तिथि से पहले ही चेकों को बंद करा दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत कई बार थाना कप्तानगंज में किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। एसएसपी कार्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद कप्तानगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment